बिहार दौरे पर पीएम मोदी: विदेश यात्रा से लौटे PM मोदी ने RJD और कांग्रेस की ली चुटकी, सिवान में दोनों पार्टियों को बताया लालटेन और पंजा

विदेश यात्रा से लौटे PM मोदी ने RJD और कांग्रेस की ली चुटकी, सिवान में दोनों पार्टियों को बताया लालटेन और पंजा
  • बिहार के सिवान पहुंचे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी
  • विकास परियाजनओं का किया उद्धाटन और शिलन्यास
  • विपक्ष पर जमकर साधा निशाना

डिजिटल डेस्क, पटना। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी विदेश से 5 दिवसीय दौरे के बाद शुक्रवार को बिहार के सिवान पहुंचे। यहां उन्होंने जल, रेल और बिजली से संबंधित हजार करोड़ रुपयों की विकास परियोजनाओं का उद्धाटन और शिलन्यास किया। इस दौरान कार्यक्रम में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी भी शामिल हुए।

सिवान में पीएम मोदी ने विकास परियोजनाओं का किया उद्धाटन

सिवान में पीएम मोदी ने लोगों को 6,000 करोड़ रुपये से अधिक की जल, बिजली और रेल क्षेत्र से जुड़ी विकास परियोजनाओं की सौगाते दी। दरअसल, ये परियोजनाएं नमामि गंगे योजना के तहत आती हैं, जिसका उद्देश्य राज्य की बुनियादी ढ़ांचे को मजबूती प्रदान करना है। इस अवसर पर पीएम मोदी ने कहा कि यह केवल एक शुरुआत है, और केंद्र सरकार बिहार के समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध है।

पीएम मोदी ने आगे कहा कि इस दौर में मेरी दुनिया के बड़े-बड़े देशों के नेताओं से बातचीत हुई है। वे सभी भारत की तेज़ प्रगति को देखकर बहुत प्रभावित हैं। सभी मानते हैं कि भारत दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी आर्थिक महाशक्ति बनने जा रहा है। इस दिशा में बिहार की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण होने वाली है।

इसके बाद पीएम मोदी ने कहा कि आपने मिलकर बिहार से जंगलराज का सफाया कर दिया। आज के युवा सिर्फ कहानियों में ही 20 साल पहले के बिहार की बदहाली सुनते हैं। ‘पंजा’ और ‘लालटेन’ ने बिहार को पलायन का प्रतीक बना दिया था। लेकिन बिहार के लोग मुश्किल हालात में भी कभी अपने स्वाभिमान से समझौता नहीं करते।

इस दौरान पीएम मोदी ने विपक्ष को आड़े हाथों लिया। उन्होंने विपक्ष पर आरोप लगाया कि इन लोगों ने बिहार के स्वाभिमान को बहुत ठेस पहुंचाई और ऐसी लूट-खसोट मचाई कि गरीबी बिहार की पहचान बन गई। एनडीए सरकार ने नीतीश कुमार के नेतृत्व में इन चुनौतियों को पार करते हुए बिहार को विकास की पटरी पर लाया है।

पीएम मोदी ने बिहार में गिनाएं विकास कार्य

लोगों को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने बताया कि बीते 10–11 सालों में बिहार में बड़े पैमाने पर विकास कार्य हुए हैं -

55,000 किलोमीटर से ज्यादा ग्रामीण सड़कें बनाई गई।

डेढ़ करोड़ से अधिक घरों को बिजली से जोड़ा गया।

डेढ़ करोड़ लोगों को पानी का कनेक्शन मिला।

45,000 से अधिक कॉमन सर्विस सेंटर स्थापित किए गए।

उन्होंने कहा कि बिहार की प्रगति के लिए हमें इस गति को और तेज करना होगा। इतना ही नहीं, बल्कि पीएम मोदी ने चेतावनी देते हुए कहा कि आज जब बिहार तेज गति से आगे बढ़ रहा है, तब जंगलराज लाने वाले फिर से मौके की तलाश कर रहे हैं। वे फिर अपने पुराने कारनामों को दोहराने की फिराक में हैं। जनता को ऐसे लोगों से सतर्क रहना होगा और विकास की इस यात्रा को रुकने नहीं देना है।

इस मौके पर बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने पीएम मोदी का स्वागत किया। उन्होंने कहा, "जब से NDA को काम करने का मौका मिला है, बिहार में व्यापक बदलाव देखने को मिला है। पहले की सरकारों में लोग अपने घर से बाहर निकलने में डरते थे। आज महिलाएं आत्मविश्वास के साथ बाहर निकल रही हैं, शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में अभूतपूर्व कार्य हुआ है। हमने महिलाओं को 50 प्रतिशत आरक्षण दिया, और आज उनका सशक्तिकरण स्पष्ट रूप से दिख रहा है।" नीतीश कुमार ने जातीय जनगणना कराने के लिए भी प्रधानमंत्री मोदी का आभार जताया।

इसके बाद मंच से डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी ने कहा, "मैं प्रधानमंत्री मोदी का धन्यवाद करता हूं कि वे आज सिवान में नमामि गंगे योजना के तहत 6,000 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करने आए. जब भी प्रधानमंत्री बिहार आते हैं, वे राज्य को किसी न किसी नई सौगात के साथ लौटते हैं। पूरा बिहार उनके आने का इंतजार करता रहता है।" उन्होंने इस बात पर विशेष जोर दिया कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में राज्य को नई दिशा मिल रही है।

Created On :   20 Jun 2025 3:16 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story