Maharashtra Municipal Elections: महाराष्ट्र नगर परिषदों और नगर पंचायतों के चुनाव हुए रद्द, राज्य चुनाव आयोग पर भड़के सीएम देवेंद्र फडणवीस

डिजिटल डेस्क, मुम्बई। महाराष्ट्र में 20 जिलों में होने वाले नगर परिषदों और नगर पंचायतों के चुनाव अचानक टाल दिए गए हैं। इसे लेकर मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने प्रतिक्रिया दी है। अचानक चुनाव टलने पर उन्होंने कहा, कल मतदान है और चुनाव एक दिन पहले टाल दिए गए, इससे कार्यकर्ता में काफी नाराजगी है। चुनाव आयोग ने कानून का गलत अर्थ निकाला है। ऐसा होते हुए मैंने पहले कभी नहीं देखा था कि किसी के कोर्ट जाने से चुनाव टाल दिए जाएं। आपको बता दें, ये चुनाव 2 दिसंबर को होने वाले थे, लेकिन अब 20 दिसंबर को होंगे।
फडणवीस ने चुनाव टलने पर क्या कहा?
मुख्यमंत्री ने कहा चुनाव आयोग किससे सलाह ले रहा है कौन-सा कानून निकाल रहा है, किसी को पता नहीं चलता। इस मामले में मैंने कई वकीलों से बात की इस तरह किसी व्यक्ति के कोर्ट जाने पर चुनाव की तारीख टल नहीं सकती।
सीएम ने किसका उदाहरण दिया?
आगे सीएम ने निलंगेकर का उदाहरण देते हुए कहा, संभाजी पाटील निलंगेकर से बात की सारी प्रक्रिया पूरी हो चुकी थी। किसी एक का फॉर्म रद्द हो गया था, फिर वह कोर्ट गया, कोर्ट ने भी फॉर्म रद्द ही रखा। वहीं बाकी उम्मीदवारों ने पूरे दिन प्रचार किया। लेकिन किसी के कोर्ट में जाने पर चुनाव टाल दिया गया यह पूरी तरह गलत है। चुनाव कराना चुनाव आयोग का अधिकार है, लेकिन वहीं कानूनी तौर पर देखें तो चुनाव को आगे बढ़ाना गलत है। हमारे कार्यकर्ताओं ने दिन रात मेहनत की, उनके साथ अन्याय हुआ है। हम चुनाव आयोग को इस बारे में प्रतिनिधित्व देंगे।
फडणवीस ने कहा, चुनाव की तारीखों को अचानक टाल देना गलत है। इसमें नगर विकास विभाग का कोई संबंध नहीं है। यह फैसला चुनाव आयोग का है। कलेक्टरों के द्वारा दी गई रिपोर्ट पर चुनाव आयोग ने निर्णय लिया है, उसे मानना पड़ता है, लेकिन वह निर्णय गलत है।
Created On :   1 Dec 2025 6:25 PM IST












