Sonia Gandhi Health: अचानक बिगड़ी सोनिया गांधी की तबीयत, दिल्ली के गंगाराम अस्पताल में कराया गया भर्ती

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष और वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी को दिल्ली की गंगाराम अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मिली जानकारी के मुताबिक पेट से संबंधित समस्या होने की वजह से उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां गैस्ट्रोइंटेरोलाजी सर्जरी के विशेषज्ञ डॉ. समीरन नंदी की देखरेख में उनका इलाज चल रहा है।
अस्पताल प्रशासन की ओर से बयान जारी कर कहा गया,कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी को दिल्ली के सर गंगा राम अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पेट से जुड़ी समस्या के चलते उन्हें गैस्ट्रो विभाग में भर्ती कराया गया है और उनकी निगरानी की जा रही है। अस्पताल प्रशासन ने बताया कि उनकी हालत स्थिर है और डॉक्टर नजर रख रहे हैं।
बता दें कि इससे पहले इसी महीने की 7 तारीख को भी सोनिया की तबीयत खराब हो गई थी। इस दौरान वह शिमला में थीं, तब उन्हें वहीं के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया था। वह अपने परिवार के साथ छुट्टियां मनाने हिल स्टेशन के पास स्थित फॉर्महाउस गई थीं। 78 वर्षीय सोनिया गांधी को कई बार स्वास्थ्य संबंधी समस्या होने के चलते पहले भी सर गंगाराम अस्पताल में एडमिट कराया गया है। इस साल फरवरी में उन्हें पेट की समस्याओं के चलते अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
स्वास्थ्य के चलते नहीं लड़ीं थीं लोकसभा चुनाव
स्वास्थ्य के सही न होने की वजह से ही सोनिया गांधी ने पिछले साल लोकसभा चुनाव नहीं लड़ने का फैसला लिया था। राजस्थान से राज्यसभा की सदस्य बन गईं थीं। उसके बाद उनकी जगह राहुल गांधी ने रायबरेली संसदीय क्षेत्र से चुनाव लड़ा और बंपर जीत हासिल की।
Created On :   16 Jun 2025 12:16 AM IST













