Bihar Encounter: एनकाउंटर पर तेजस्वी यादव ने उठाए सवाल, CM ने कहा- 'जाति पूछकर गोली मारो'

एनकाउंटर पर तेजस्वी यादव ने उठाए सवाल, CM ने कहा- जाति पूछकर गोली मारो
बिहार में भाजपा का मुख्यमंत्री होने के बाद भी बदमाशों का आतंक जारी है। इस पर लगाम कसने के लिए राज्य में पिछले दो से तीन दिनों से बदमाशों और पुलिस के बीच अलग-अलग इलाकों से मुठभेड़ की खबरें सामने आई है।

डिजिटल डेस्क, पटना। बिहार में भाजपा का मुख्यमंत्री होने के बाद भी बदमाशों का आतंक जारी है। इस पर लगाम कसने के लिए राज्य में पिछले दो से तीन दिनों से बदमाशों और पुलिस के बीच अलग-अलग इलाकों से मुठभेड़ की खबरें सामने आई है। इस दौरान कई हाफ एनकाउंटर हुए हैं। जिसमें पटना सीवान किशनगंज समेत कई अन्य जिले शामिल हैं। इन एकाउंटर को लेकर अब विपक्ष सवाल उठा रहा है कि जाति पूछकर गोली मारी जा रही है। इन सबके बीच राज्य के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने एक बयान जारी किया है, जिसमें राजनीति गरमा सकती है। सीएम ने कहा कि वो तो पुलिस वालों को कहेंगे कि जाति पूछकर गोली मारो।

CM ने एनकाउंटर पर क्या कहा?

सीएम ने यह बयान एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए दिया है। उन्होंने आगे कहा, "कुछ लोग को अपनी चिंता होती है, मेरा उसपर कोई कमेंट नहीं है। कुछ लोग तो आजकल ये पूछ रहे हैं कि पुलिस एनकाउंटर यदि होता है तो उसमें जाति भी पूछनी चाहिए। मैं तो पुलिस वालों को कहूंगा कि पूछो, जाति पूछकर ही गोली चलाओ। मतलब क्या कॉमन सेंस लोग यूज कर रहे हैं।"

48 घंटों में दिया जाएगा जवाब

सम्राट चौधरी आगे कहते हैं कि बिहार को सुशासन की पहचान मिलती है, जो सबसे महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा, "बिहार की पुलिस को मैंने जरूर कहा है कि कोई यदि पुलिस को चैलेंज करता है तो उसको 48 घंटे में जवाब दीजिए। ज्यादा लेट मत कीजिए। पुलिस सुशासन के लिए होती है। सख्ती के लिए होती है।" उन्होंने आगे कहा कि अपराधी किसी हालत में नहीं बचना चाहिए, यही में कहूंगा।

तेजस्वी यादव ने क्या कहा था?

गौरतलब है कि दो दिन पहले आरजेडी नेता और विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित किया था। इस दौरान उन्होंने एनकाउंटर पर सवाल उठाए थे। उन्होंने कहा था, "हम सम्राट चौधरी से पूछना चाहते हैं कि विशेष जाति देखकर एनकाउंटर करा रहे हैं। हमने जो घटना गिनाई उन लोगों का एनकाउंटर कब होगा? जो बालिका गृह कांड के संरक्षक हैं ये लोग तो मार्गदर्शक बने हुए हैं। हम तो कहेंगे कि जिसके साथ दुष्कर्म हुआ उसकी जाति देखो और जिसने किया है उसकी भी जाति देखो।"

Created On :   21 May 2026 8:32 PM IST

Tags

Next Story