Neeraj Kumar Sinha: घर भी नहीं है और गाड़ी भी नहीं, आखिर बांकीपुर के बीजेपी उम्मीदवार नीरज सिन्हा के पास कितनी संपत्ति है?

घर भी नहीं है और गाड़ी भी नहीं, आखिर बांकीपुर के बीजेपी उम्मीदवार नीरज सिन्हा के पास कितनी संपत्ति है?
बांकीपुर के बीजेपी उम्मीदवार नीरज कुमार सिन्हा के खिलाफ कोई भी केस नहीं चल रहा है। ऐसे में चलिए नीरज कुमार सिन्हा के बारे में कई अहम बातें जानते हैं।

डिजिटल डेस्क, पटना। बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार नीरज सिन्हा ने सोमवार, 13 जुलाई, को पटना कलेक्ट्रेट पहुंचकर अपना नामांकन दाखिल कर दिया है। नामांकन के साथ दिए गए एफिडेविट में उनकी पढ़ाई, संपत्ति, इनकम और निजी जीवन से जुड़ी कई अहम जानकारियां सामने आई हैं। हलफनामे के मुताबिक उनके खिलाफ किसी भी थाने या अदालत में कोई आपराधिक मामला दर्ज नहीं है।

न घर, न गाड़ी, लेकिन लाखों की संपत्ति

हलफनामे के अनुसार नीरज सिन्हा के नाम पर कोई पर्सनल मकान या गाड़ी नहीं है। उनकी कुल संपत्ति 20 लाख 28 हजार 554 रुपए बताई गई है। इसमें 12 लाख 28 हजार 554.74 रुपये चल संपत्ति के रूप में शामिल हैं। उनकी ज्यादातर रकम बैंक खातों में जमा है। उनके एक खाते में 8 लाख 99 हजार 704.74 रुपए जमा हैं, जबकि दूसरे खाते में 25 हजार रुपए मौजूद हैं। इसके अलावा उनके पास सोने की चेन, 4 ग्राम की सोने की अंगूठी और 200 ग्राम चांदी भी है, जिनकी कीमत करीब 1 लाख 32 हजार रुपए बताई गई है।

नीरज सिन्हा कि कैसे होती है कमाई?

नीरज सिन्हा ने अपने हलफनामे में बताया है कि उनकी आय का मुख्य जरिया खेती और कारोबार है। उन्होंने वित्तीय वर्ष 2026-27 में 6.71 लाख रुपये, 2025-26 में 4.97 लाख रुपये और 2024-25 में 4.89 लाख रुपये की आय घोषित की है।

पढ़ाई और निजी जीवन

हलफनामे के मुताबिक नीरज सिन्हा ने 2012 में बिहार बोर्ड से मैट्रिक की परीक्षा पास की थी। इसके बाद उन्होंने 2024 में जहानाबाद के एक कॉलेज से अपनी बैचलर्स डिग्री पूरी की थी । उनकी उम्र 32 साल है और अभी उनकी शादी नहीं हुई है। उन्होंने अपने पेशे के तौर पर खुद को सोशल वर्कर और बिजनेसमैन बताया है। उनका पर्मानेंट पता मीठापुर बी एरिया के पास है और उनका नाम बांकीपुर विधानसभा की मतदाता सूची में दर्ज है।

कब होगी वोटिंग?

बांकीपुर विधानसभा सीट पर इस बार मुकाबला काफी अहम माना जा रहा है। इस सीट के लिए नामांकन की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। अब सभी की नजर 30 जुलाई को होने वाले मतदान पर टिकी है, जिसके बाद चुनावी नतीजे तय करेंगे कि इस हाई प्रोफाइल सीट पर जनता किसे अपना प्रतिनिधि चुनती है।

Created On :   14 July 2026 12:54 PM IST

Tags

Next Story