Gujarat Nikay Chunav Result: गुजरात निकाय चुनाव में बीजेपी की बंपर जीत, सभी 15 नगर निगमों पर जमाया कब्जा, जिला पंचायतों में भी दिखा दबदबा

डिजिटल डेस्क, अहमदाबाद। गुजरात स्थानीय निकाय चुनाव में भारतीय जनता पार्टी ने शानदार जीत हासिल की है। राज्य के 15 नगर निगमों, 84 नगरपालिकाओं, 34 जिला पंचायतों और 260 तालुका पंचायत के चुनाव की मतगणना आज सुबह 8 बजे से जारी है, इनकी सभी 9992 सीटों पर मतदान 26 अप्रैल को हुआ था।
भाजपा ने अब तक इनमें से 6161 सीटें पर कब्जा जमा लिया है। वहीं कांग्रेस 1315 जीतने में सफल रही है। वहीं, आम आदमी पार्टी 380 सीटें जीती हैं। ओवैसी की पार्टी AIMIM के 3 उम्मीदवारों को जीत मिली है। अन्य के खाते में 580 सीटें आई हैं।
नगर निगम चुनाव में बीजेपी का क्लीन स्वीप
बीजेपी ने राज्य के सभी नगर निगमों पर जीत हासिल की है। राजकोट, जामनगर, अहमदाबाद, भावनगर, सूरत और मोरबी में दोबारा जीती है। वहीं, 9 नए नगर निगम - आनंद, गांधीधाम, मेहसाणा, मोरबी, नडियाद, नवसारी, पोरबंदर-छाया, सुरेंद्रनगर-वधवाण और वापी में भी बीजेपी ने कब्जा जमाया है।
नगर निगमों की 1044 सीटों में से 890 सीटों पर रिजल्ट घोषित हो चुके हैं। इसमें से 804 पर बीजेपी, 74 पर कांग्रेस और 12 पर अन्य को जीत मिली है। वहीं नगरपालिका की 2624 सीटों में से 2390 का रिजल्ट आ गया है। इनमें से 1829 पर बीजेपी, 402 पर कांग्रेस और 159 सीटों पर अन्य को जीत मिली है।
जिला पंचायत की 1090 सीटों में से 879 पर रिजल्ट घोषित हो चुका है, इनमें से 723 पर बीजेपी, 115 पर कांग्रेस और 41 पर अन्य को जीत मिली है। इसी तरह तालुका पंचायत की 5234 सीटों में से 2805 पर बीजेपी, 724 पर कांग्रेस और 380 पर अन्य को जीत मिली है। इस जीत के साथ बीजेपी ने ये बता दिया है कि गुजरात में उसकी संगठनात्मक ताकत कितनी है। वहीं, पार्टी की इस बंपर जीत पर पीएम मोदी ने कहा है कि गुजरात ने एक बार फिर विकास और सुशासन को चुना है।
Created On :   28 April 2026 7:20 PM IST











