अंकिता भंडारी हत्याकांड केस: उत्तराखंड में वीआईपी का नाम उछालने वाली उर्मिला सनावर के खिलाफ हरिद्वार में कई मामले दर्ज, जांच के लिए पुलिस ने गठित की SIT

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। उत्तराखंड में चर्चित अंकिता भंडारी मर्डर केस में सोशल मीडिया से कथित बीजेपी वीआईपी का नाम उछालने वाली उर्मिला सनावर के खिलाफ हरिद्वार पुलिस ने मामला दर्ज किया है, जांच के लिए एसआईटी टीम का गठन किया है। सनावर ने सोशल मीडिया से वीआईपी का नाम सामने लाने का दावा किया था, उसके बाद उर्मिला के खिलाफ हरिद्वार के अलग- अलग कई थानों में कई मामले दर्ज हुए।
यह भी पढ़े -अंकिता भंडारी हत्याकांड केस में कांग्रेस ने विशाल कैंडल मार्च निकालकर उच्च स्तरीय जांच की मांग की
उर्मिला ने अंकिता भंडारी हत्याकांड से जुड़े वीआईपी को लेकर सोशल मीडिया पर कई वीडियो और कथित ऑडियो क्लिप साझा किए, जिनमें वीआईपी से बातचीत होने का दावा किया गया। इन वीडियो और ऑडियो के सामने आने के बाद सियासी भूचाल आ गया। उर्मिला सनावर अपने आपको ज्वालापुर से पूर्व विधायक सुरेश राठौर की दूसरी पत्नी बताती हैं। सुरेश राठौर की पत्नी रविंदर कौर ने ज्वालापुर थाने में एक आवेदन देकर कहा है कि उनके हसबैंड की जान को उर्मिला सनावर से गंभीर खतरा है। कौर ने अपने पत्र में बताया कि सुरेश राठौर अनुसूचित जाति से हैं, और साल 2010 से रविदास संप्रदाय का प्रचार-प्रसार देश-विदेश में कर रहे हैं।
कोर ने सीएम धामी को भी पत्र लिखकर अपने पति को सुरक्षा देने की मांग की है। इस पत्र की कॉपियां राज्य के गृह सचिव और गढ़वाल एसपी को भी भेजी है। हालांकि ज्वालापुर थाने में बीजेपी से निष्कासित विधायक राठौर के खिलाफ भी मामला दर्ज किया है, पुलिस ने दो बार पूछताछ के लिए बुलाया, लेकिन शहर से बाहर होने की वजह से वो नहीं पहुंचे, इसकी जानकारी उनकी पत्नी कौर ने थाने में आकर दी, अब पुलिस ने राठौर को एक हफ्ते का वक्त और दिया है।
मिली जानकारी के अनुसार पुलिस ने सभी मामलों की एक साथ निष्पक्ष जांच करने के लिए एसआईटी टीम का गठन किया है। SIT में कुल 7 सदस्य हैं, टीम की अध्यक्षता हरिद्वार सिटी के पुलिस अधीक्षक अभय प्रताप सिंह कर रहे हैं। टीम में रणिपुर, ज्वालापुर, बहादराबाद और झबरेड़ा थानों के थाना प्रभारी भी शामिल हैं। उर्मिला के खिलाफ दर्ज सभी मामलों की जांच कर SIT जल्द अपनी रिपोर्ट सौंपेगी। एसएसपी ने टीम को निर्देश देते हुए कहा जांच में तेजी लाई जाए और तथ्यों के आधार पर निष्कर्ष निकाला जाए।
Created On :  

