कर्नाटक विधानसभा चुनाव का मतदान हुआ खत्म, कांग्रेस और बीजेपी के उम्मीदवारों की किस्मत हुई ईवीएम में कैद, शाम 5 बजे तक प्रदेश में 65.69 फीसदी तक हुआ मतदान

कर्नाटक विधानसभा चुनाव का मतदान हुआ खत्म, कांग्रेस और बीजेपी के उम्मीदवारों की किस्मत हुई ईवीएम में कैद, शाम 5 बजे तक प्रदेश में 65.69 फीसदी तक हुआ मतदान
  • कर्नाटक में मतदान हुआ खत्म
  • बीजेपी पर साउथ सुपरस्टार प्रकाश राज ने साधा निशाना
  • भाजपा का सूपड़ा होगा साफ- सिद्धारमैया

डिजिटल डेस्क, बेंगलुरु। कर्नाटक विधानसभा चुनाव के लिए मतदान खत्म हो चुका है। आज यानी 10 मई को प्रदेश की 224 विधानसभा सीटों पर सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक वोट डाले गए। प्रदेश की 224 विधानसभा सीट पर 2,615 उम्मीदवार खड़े हुए थे जिनकी किस्मत ईवीएम में कैद हो चुकी है। दक्षिण राज्य कर्नाटक चुनाव को लेकर राजनीतिक विश्लेषकों का कहना है कि, इस बार का चुनाव कांग्रेस और भाजपा में नेक टू नेक फाइट है। अगर राज्य में ज्यादा से ज्यादा वोट करने के लिए लोग निकले हैं तो सत्ता परिवर्तन के पूरे संभावना बन रहे हैं।

सियासत के जानकार ये भी कहते हैं कि, कर्नाटक चुनाव में एक पार्टी दोबार जीत कर कभी सत्ता पर काबिज नहीं हो पाई है। हालांकि, अब देखना दिलचस्प होगा कि सत्तारूढ़ बीजेपी जो एक बार फिर जीत का दम भर रही है, क्या दोबार सत्ता उसके हाथ लगेगा या कांग्रेस का "हाथ का जादू" कर्नाटक की जनता पर चलेगा। इस बात का पता आने वाले 13 मई को लग जाएगा।

65.69 फीसदी तक हुआ मतदान

कर्नाटक विधानसभा चुनाव अपने आखिरी चरण में है। चुनाव आयोग के मुताबिक, शाम 5 बजे तक 65.69 फीसदी तक मतदान हुआ है। प्रदेश में 6 बजे तक मतदान होना था। जिसके बाद एक्जेट वोटिंग प्रतिशत चुनाव आयोग जारी करेगा। आपको बता दें कि, साल 2018 में कर्नाटक विधानसभा चुनाव में 72 फीसदी वोट पड़े थे. जबकि 2013 के चुनाव के दौरान 70 फीसदी वोटर्स ने मतदान किया था।

6 बजे तक थम गया मतदान

सुबह 7 बजे से कर्नाटक के 224 विधानसभा सीटों पर वोटिंग जारी रही। जो शाम के 6 बजे के बाद मतदान थम गया। 6 बजने के बाद उन्हीं लोगों को मतदान करने की अनुमति थी जो पोलिंग बूथ पर मौजूद रहें।

कांग्रेस ने बीजेपी पर कसा तंज

कर्नाटक विधानसभा चुनाव को देखते हुए कांग्रेस ने एक बार फिर बीजेपी को कमीशन वाली सरकार कह कर संबोधित किया है। कांग्रेस ने अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल से कर्नाटक की जनता से सवाल पूछते हुए लिखा, 40 फीसदी कमीशन वाली सरकार चाहिए या राज्य का विकास करने वाली पार्टी?

एक्टर ध्रुव सरजा ने किया मतदान

साउथ के सुपरस्टार एक्टर ध्रुव सरजा ने बेंगलुरु में अपना वोट डाला और लोगों से बढ़ चढ़ कर मतदान करने की अपील भी की।

52.03 तक रही वोटिंग प्रतिशत

चुनाव आयोग के मुताबिक, दोपहर 3 बजे तक कर्नाटक विधानसभा चुनाव की वोटिंग 52.03 प्रतिशत तक रही।

केंद्रीय मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने क्या कहा?

असम के पूर्व मुख्यमंत्री और केंद्रीय मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने कर्नाटक विधानसभा चुनाव पर कहा कि, भारतीय जनता पार्टी 13 मई को प्रचंड जीत दर्ज करेगी और एक बार फिर से प्रदेश में सरकार बनाएगी।

किच्चा सुदीप ने डाला वोट

बीजेपी के लिए कर्नाटक में प्रचार करने वाले कन्नड़ एक्टर किच्चा सुदीप ने बेंगलुरु में वोट डाला। मतदान करने के बाद उन्होंने कहा कि, मैं यहां सेलिब्रिटी के तौर पर नहीं आया हूं। मैं बतौर एक भारतीय और आम आदमी बन कर आया हूं और अपना कर्तव्य समझ कर मैंने अपना वोट डाला।

पूर्व प्रधानमंत्री देवगौड़ा ने डाला वोट

जेडी(एस) प्रमुख और पूर्व प्रधानमंत्री एचडी देवेगौड़ा ने होलेनारसीपुरा के हसन विधानसभा क्षेत्र में वोट डाला। सुरक्षा गार्डों की मदद से देवेगौड़ा ने अपना मतदान किया। वोट करने के बाद देवेगौड़ा ने कहा, " होलेनारसीपुरा विधानसभा पहले एक छोटा सा गांव था, जो अब एक विकसित कस्बा बन चुका है। यहां बहुमुखी विकास हो रहा है। स्वास्थ्य, शिक्षा की सभी सुविधाएं यहां उपलब्ध कराई गई हैं, इसका श्रेय यहां के विधायक एच.डी. रवन्ना को जाता है।"

37.25 फीसदी तक पड़ा वोट

कर्नाटक विधानसभा चुनाव के लिए मतदान जमकर हुआ। सुबह 7 बजे से लेकर दोपहर 1 बजे तक 37.25 फीसदी तक मतदाताओं ने अपना वोट डाला।

सीएम भूपेश बघेल ने भाजपा पर साधा निशाना

कर्नाटक विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस शासित प्रदेश छत्तीसगढ़ के सीएम भूपेश बघेल ने बीजेपी को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि, इस चुनाव पर पूरे देश की नजर है। एक तरफ जहां खूब पैसे बांटे जा रहे थे। वहीं दूसरी तरफ लोगों का प्यार रहा। मुझे विश्वास है कि 13 मई को भाजपा को सबक मिलेगा।

शिवकुमार ने चलाया ऑटो

कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष डी.के. शिवकुमार अपने विधानसभा क्षेत्र रामनगर में ऑटो चलाते हुए देखे गए।

खड़गे ने किया मतदान

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कलबुर्गी में मतदान किया।

106 वर्षीय बुजुर्ग महिला ने डाला वोट

कर्नाटक चुनाव आयोग की तरफ से एक फोटो शेयर की गई थी। जिनमें बताया गया कि, चन्नागिरी तालुक विधानसभा क्षेत्र में 106 वर्षीय बुजुर्ग महिला जानकीबाई ने पोलिंग बूथ पर आकर अपना वोट डाला।

दूल्हा और दुल्हन ने डाला वोट

लोगों को उत्साहित करने वाली भी तस्वीर कर्नाटक विधानसभा चुनाव से आई। मैसूरु में दूल्हा और दुल्हन अपने परिवार के साथ मतदान करने पहुंचे और लोगों से अपील की, लोग ज्यादा से ज्यादा वोटिंग करने के लिए मतदान केंद्र पर जाएं और अपने मतों का सही उपयोग करें। अब इस जोड़ी की तस्वीर सोशल मीडिया पर बड़ी ही तेजी से वायरल हो रही है।

सुपरस्टार ऋषभ शेट्टी मतदान करने पहुंचे

फिल्म कांतारा से फेमस हुए अभिनेता ऋषभ शेट्टी उडुपी के एक मतदान केंद्र पर वोट डालने पहुंचे थे। इसके अलावा कन्नड़ एक्टर डाली धनंजय अपने परिवार के साथ अरसीकेरे के कालेनहल्ली गांव में वोट डालने पहुंचे थे।

20 फीसदी से ज्यादा वोटिंग

चुनाव आयोग के मुताबिक, सुबह सात बजे से 11 बजे तक 20.99 फीसदी तक वोटिंग हुई थी।

कांग्रेस 130-135 सीटें जीतेगी - खड़गे

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कलबुर्गी में मीडिया से बातचीत में कहा कि, भाजपा की सरकार को लोग बदलना चाहते हैं। वे चाहते हैं कि भ्रष्टाचार को दूर करने वाली और विकास करने वाली सरकार कर्नाटक में आए। इसलिए लोग कांग्रेस पार्टी को वोट कर रहे हैं और इस चुनाव में पार्टी को पूर्ण बहुमत के साथ 130-135 सीटें मिलेंगी।

पूर्व क्रिकेटर जवागल श्रीनाथ ने वोट करने की अपील की

भारतीय टीम के दिग्गज पूर्व क्रिकेटर जवागल श्रीनाथ ने मैसूरु में स्थित एक मतदान केंद्र पर अपना वोट डाला। जवागल ने मतदान करने के बाद कहा, मैं लोगों से अनुरोध करता हूं कि, आप आपने घर से निकले और वोट करें। एक अच्छे लोकतंत्र के लिए एक अच्छा नेता चुनें। मैंने भी मतदान किया। हमें लोकतंत्र में भाग लेना चाहिए ताकि हमारा लोकतंत्र और मजबूत हो सके।

जेडीएस नेता एचडी कुमारस्वामी ने वोट डाला

कर्नाटक के पूर्व सीएम और जेडीएस नेता एचडी कुमारस्वामी ने अपने परिवार के साथ रामनगर स्थित एक पोलिंग बूथ पर जाकर वोट डाला। वोट करने के बाद कुमारस्वामी ने कहा, "प्रत्येक निर्वाचन क्षेत्र में भाजपा कितनी राशि का निवेश किया है? ये सब बातें सभी जानते हैं। सिर्फ भाजपा को ही नहीं, मैं हर पार्टी को दोष दूंगा, हर बार हम निष्पक्ष चुनाव के बारे में चर्चा करते हैं, लेकिन केवल कागजों में इसकी घोषणा की जाती है, जमीनी हकीकत अलग है।"

सिद्धारमैया ने खेला इमोशनल कार्ड

वोट करने के बाद पूर्व मुख्यमंत्री सिद्धरमैया ने एक बार फिर से इमोशनल कार्ड खेला। उन्होंने कहा, मेरे विधानसभा क्षेत्र से 60 फीसदी से ज्यादा वोट मिलने जा रहा है। यह मेरा अंतिम चुनाव है मैं राजनीति से रिटायर नहीं होने जा रहा लेकिन मैं आगे चुनाव नहीं लडूंगा।

सामने आई कांग्रेस कार्यकर्ताओं की अनोखी तस्वीर

बेंगलुरु के राजराजेश्वरी नगर इलाके से बड़ी ही अनोखी तस्वीर सामने आई थी। यहां कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने एक एलपीजी गैस सिलेंडर को माला पहना कर एवं अगरबत्ती जला कर पूजा-अर्चना की। दरअसल, कांग्रेस लगातार बीजेपी पर गैस के बढ़ते दामों को लेकर हमलावर नजर आ रही है और सरकार से सवाल पूछ रही है कि आपने जो गरीबी हटाने का वादा किया उसका क्या हुआ?

सिद्धारमैया का बड़ा दावा

पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस नेता सिद्धारमैया ने मैसूर पहुंच कर पत्रकारों से बातचीत की। इसके अलावा उन्होंने वरूणा विधानसभा सीट को लेकर अपना मत का प्रयोग किया। पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा, "कर्नाटक के लोगों के रुझान को देखकर लगता है कि कांग्रेस 130-150 सीटें जीतेगी। भाजपा सरकार के खिलाफ लोगों में आक्रोश है।"

कांग्रेस नेता जगदीश शेट्टार ने क्या कहा?

भाजपा से कांग्रेस में आए प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री जगदीश शेट्टार ने हुबली-धारवाड़ में वोट डाला। दरअसल, शेट्टार लिगांयत समुदाय के बड़े नेता माने जाते हैं। बीजेपी से टिकट न मिलने के बाद वो कांग्रेस में शामिल हो गए थे। वोट डालने पहुंचे जगदीश शेट्टार ने कहा, "भाजपा के खिलाफ लोगों में आक्रोश है। मैंने हमेशा इस क्षेत्र के लोगों के लिए काम किया है।" उन्होंने आगे कहा, मैंने बहुत बार कहा है कि, अगर कोई संगठन संविधान के खिलाफ है तो केंद्र सरकार उसे बैन कर सकती है, यह शक्ति राज्य सरकार के पास नहीं है।" बता दें कि, कांग्रेस ने अपने चुनावी मेनिफेस्टो में यह वादा किया है कि, अगर वो सरकार कर्नाटक में बनाने में कामयाब हो जाती है तो बजरंग दल को बैन कर देगी। जिस पर शेट्टार ने कहा कि, यह शक्ति राज्य सरकार के पास नहीं है कि वो किसी संगठन को बैन कर दें।

भ्रष्टाचार को लेकर सीएम बोम्मई ने कांग्रेस को घेरा

कांग्रेस पर मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई ने भ्रष्टाचार को लेकर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा था कि, मैं लोगों से लोकतंत्र की जीत और राज्य के भविष्य के लिए वोट करने की अपील करता हूं। मुझे विश्वास है कि हम पूर्ण बहुमत की सरकार बनाएंगे। कांग्रेस भ्रष्टाचार की बात कर रही है लेकिन उनका खुद का ट्रैक रिकॉर्ड बहुत खराब है। उनके बहुत लोग अभी भी बेल पर बाहर हैं।

तेजस्वी सूर्या ने शिवकुमार पर साधा निशाना

भारतीय जनता पार्टी के युवा सांसद और हिंदू फायर ब्रांड नेता के तौर पर अपना पहचान बनाने वाले तेजस्वी सूर्या ने डी.के. शिवकुमार पर निशाना साधते हुए कहा कि, कर्नाटक जो बजरंग बली की भूमि है, और यहां के लोग 13 मई को सभी बातों का जवाब देंगे। सूर्या ने आगे कहा कि, कांग्रेस ने अचानक हर चीज की पूजा शुरू कर दी है और हम डी.के. शिवकुमार द्वारा एलपीजी सिलेंडर की पूजा करने का स्वागत करते हैं, हमें खुशी है कि कांग्रेस कम से कम किसी तरह की पूजा तो कर रही है।

निर्मला सीतारमण पर शिवकुमार का हमला

कांग्रेस अध्यक्ष डी.के. शिवकुमार ने निर्मला सीतारमण को अब तक का सबसे खराब वित्त मंत्री बताया है। उन्होंने कहा, "निर्मला सीतारमण इस राज्य का प्रतिनिधित्व कर रही हैं, पहले उन्हें राज्य की मदद करने दें। एक बार भी उन्होंने राज्य की मदद नहीं की और उनके कार्यकाल में सभी लोग भुखमरी में हैं, मुझे लगता है कि वे अब तक की सबसे खराब वित्त मंत्री हैं।"

केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी ने वोट डाला

केंद्रीय मंत्री और धारवाड़ निर्वाचन क्षेत्र से भाजपा सांसद प्रह्लाद जोशी हुबली के एक मतदान केंद्र पर वोट डालने पहुंचे थे। जहां पर उन्होंने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि, हर जगह शांतिपूर्ण तरीके से चुनाव हो रहा है। मुझे खुशी है कि लोग लोकतंत्र के इस त्योहार को बड़े पैमाने पर मना रहे हैं। लोग भाजपा की डबल इंजन सरकार लाने में दिलचस्पी दिखा रहे हैं। आपको बता दें कि, बीजेपी के तमाम वरिष्ठ नेता भाजपा की सरकार एक बार फिर आने का दावा कर रहे हैं। जबकि कांग्रेस यह दावा कर रही है कि यह बोम्मई सरकार और बीजेपी के लिए आखिर वक्त है जनता इन्हें अब सत्ता से दूर फेंकने के लिए अपना मन बना चुकी है।

केंद्रीय मंत्री शोभा करंदलाजे ने डाला वोट

केंद्रीय मंत्री और भाजपा नेता शोभा करंदलाजे ने बेंगलुरु में मतदान किया और कहा कि, आज प्रजातंत्र का त्यौहार है। मैं लोगों से यही कहना चाहूंगी कि, सब मतदान करें और अच्छी सरकार को लाएं, ज्यादा संख्या में मतदान करेंगे तो एक अच्छी सरकार आएगी।

9.78 फीसदी वोटिंग हुई

चुनाव आयोग के मुताबिक, कर्नाटक विधानसभा चुनाव में सुबह 9 बजे तक अब तक की शानदार वोटिंग हुई है। करीब दो घंटे में यानी 7 से 9 के बीच 9.78 फीसदी वोटिंग हुई थी। जिसका मतलब है कि, वोटर्स अपने घरों से निकलकर बढ़ चढ़ कर वोट कर रहे थे।

पीएम मोदी पर डीके शिवकुमार ने साधा निशाना

कर्नाटक कांग्रेस प्रमुख डी.के. शिवकुमार रामनगर में मतदान करने के बाद मीडिया से बातचीत में कहा कि, पिछली बार मोदी जी ने सभी मतदाताओं से कहा था कि वोट डालने से पहले आप अपना गैस सिलेंडर देखें, नमस्कार करें और फिर जाएं। इस बार मैं भी कहूंगा कि हमारे प्रधानमंत्री के अनुरोध और सलाह के अनुसार गैस सिलेंडर की कीमत देखकर ही वोट करें। शिवकुमार ने आगे कहा, "आज मतदाताओं के पास एक बड़ा अवसर है और वे बदलाव के लिए मतदान करेंगे। वे एक प्रगतिशील, वैश्विक और विकसित कर्नाटक के लिए मतदान करेंगे। मुझे यकीन है कि वे बदलाव के लिए मतदान करेंगे और कांग्रेस को 141 सीटें देंगे।"

साल 2018 का क्या रहा गणित?

आपको बता दें कि, साल 2018 के कर्नाटक विधानसभा चुनाव में बीजेपी सबसे बड़ी पार्टी बन कर उभरी थी। प्रदेश की 224 विधानसभा सीटों में से भाजपा ने 104 सीटों पर जीत हासिल की थी। जबकि, कांग्रेस 80 और जेडी(एस) ने 37 सीटों पर अपना परचम लहराया था। वहीं 3 सीटों पर अन्य ने जीत हासिल की थी। साल 2018 के चुनाव में बीजेपी को 36 फीसदी से ज्यादा वोट शेयर मिले थे। लेकिन बीजेपी से 2 फीसदी अधिक यानी 38 फीसदी से ज्यादा वोट शेयर कांग्रेस पार्टी को मिले थे लेकिन ये वोट शेयर सीटों में तब्दील नहीं हो पाए थे।

दत्तात्रेय होसबोले ने डाला वोट

आरएसएस के महासचिव दत्तात्रेय होसबोले ने वोट डाला और हाथ के निशाना दिखाकर युवाओं से ज्यादा से ज्यादा वोट डालने की अपील की थी।

वोटिंग से पहले बोम्मई ने मंदिर में माथा टेका

मतदान करने से पहले प्रदेश के मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई ने शिग्गांव के गायत्री मंदिर में पूर्जा अर्चना की थी। बोम्मई ने लोगों से मतदान करने की अपील की थी और एक बार फिर भाजपा की सरकार आने का दावा किया है। मीडिया से बातचीत में बसवराज बोम्मई ने कहा, "मैंने मतदान कर लोकतंत्र के प्रति अपना कर्तव्य निभाया है, इस बार मैं रिकॉर्ड अंतर से जीतूंगा और भाजपा पूर्ण बहुमत के साथ सरकार बनाएगी। यह विकास और नकारात्मक अभियान के बीच की लड़ाई है। उन्होंने आगे कहा, मैं कर्नाटक के लोगों से अपील करना चाहता हूं कि अपने मतदान के हक का इस्तेमाल करें और कर्नाटक के भविष्य के 5 साल के लिए वोट करें। बता दें कि, कर्नाटक के मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई शिग्गांव के हावेरी में पोलिंग बूथ पर पहुंचकर अपने मताधिकार का प्रयोग किया था।

दुल्हन वोट करने पहुंची

कर्नाटक के चिक्कमगलुरु में एक दुल्हन ने मतदान किया जो मुदिगेरे बूथ संख्या-65, मकोनाहल्ली पर पहुंची थी।

नलीन कुमार कटील ने क्या कहा?

कर्नाटक में बीजेपी के प्रदेश ईकाई के अध्यक्ष नलीन कुमार कटील ने कहा कि, इस बार एक बार फिर जनता हमें मैनडेट देगी क्योंकि वोटर्स को कांग्रेस पर भरोसा नहीं है। बता दें कि, मंगलुरु से नलीन सांसद हैं जहां वो वोट करने पहुंचे थे। वो हमेशा से अपने बयानों की वजह से सुर्खियों में बने रहते हैं। जिसकी वजह से कई बार पार्टी को दिक्कतों का सामना करना पड़ा है।

नारायण मूर्ति ने वोट डाला

इंफोसिस के संस्थापक नारायण मूर्ति वोट डालने के लिए बेंगलुरु के एक मतदान केंद्र पर पहुंचे ते। जहां वो मास्क लगाए हुए दिखाई दिए। वोटिंग करने के बाद नारायण मूर्ति ने कहा था, "यह बड़ों की जिम्मेदारी है कि वे युवाओं के साथ बैठें और उन्हें समझाएं कि मतदान क्यों महत्वपूर्ण है, मुझे भी मेरे माता-पिता मतदान कराने के लिए ले गए थे।"

लेखक सुधा मूर्ति ने डाला वोट

मशहूर लेखक सुधा मूर्ति ने बेंगलुरु के जयनगर में मतदान किया और कहा मुझे ऐसा लगता है कि, यह हमारा कर्तव्य है। सुधा ने कहा कि, मुझे लगता है कि वोटिंग लोकतंत्र को मजबूत करने में अहम भूमिका निभाता है। लोग आगे आकर बढ़ चढ़ कर मतदान करें ताकि लोकतंत्र और मजबूत हो सके।

येदियुरप्पा के बेटे विजयेंद्र ने क्या कहा?

शिवमोग्गा के शिकारीपुरा सीट से बी. एस. येदियुरप्पा के बेटे विजयेंद्र चुनाव लड़ रहे हैं। जिस पर उन्होंने मीडिया से खास बातचीत में कहा कि, पार्टी ने मुझ पर विश्वास करके पहली बार चुनावी मैदान में उतारा है जो मेरे लिए बहुत ही बड़ी बात है अगर मैं जीत हासिल करता हूं तो मैं प्रदेश की जनता का पूरा ख्याल रखूंगा। विजयेंद्र ने आगे कहा, "येदियुरप्पा जी की ये सीट है। हम कम से कम 130 सीट जीतेंगे। लिंगायत, एसटी, एससी और ओबीसी सभी हमारे साथ हैं और सब मिलकर भाजपा के लिए वोट करेंगे।"

वोट करने के बाद बी. एस. येदियुरप्पा ने क्या कहा था?

पूर्व मुख्यमंत्री बी. एस. येदियुरप्पा ने प्रदेश की जनता को वोट करने की अपील की थी। येदियुरप्पा ने शिवमोग्गा में कहा, "मैं कर्नाटक के सभी लोगों से अनुरोध करता हूं कि वे जल्द से जल्द मतदान करें। मुझे यकीन है कि, वे भाजपा को वोट देने वाले हैं। विजयेंद्र को 40 हजार से ज्यादा वोट मिलने वाले हैं और भाजपा पूर्ण बहुमत से जीतेगी।" आपको बता दें कि, शिवमोग्गा के शिकारीपुरा से येदियुरप्पा चुनाव लड़ते आ रहे हैं लेकिन राजनीति से संन्यास ले लेने पर इस सीट से भाजपा ने उनके बेटे विजयेंद्र को टिकट दिया है।

सीएम बसवराज बोम्मई ने वोट करने की अपील की

कर्नाटक के मौजूदा मुख्यमंत्री और भाजपा के कद्दावर नेता बसवराज बोम्मई ने लोगों से ज्यादा से ज्यादा वोट करने की अपील की थी। उन्होंने ने मीडिया से कहा,"जिस प्रकार से हमारी पार्टी, कार्यकर्ताओं और नेताओं ने कैंपेन किया है उससे मैं बहुत खुश हूं। मैं कर्नाटक के लोगों से अपील करता हूं कि बढ़ चढ़कर कर्नाटक के विकास के लिए वोट करें।"

प्रकाश राज ने केंद्र सरकार पर साधा निशाना

बेंगलुरु में वोट करने पहुंचे साउथ सुपरस्टार प्रकाश राज ने केंद्र सरकार को आड़े हाथों लिया था। उन्होंने वोटिंग करने के बाद मीडिया से बातचीत में कहा था, "हमें साम्प्रदायिक राजनीति के खिलाफ वोट करना है। चुनाव वो जगह है जहां आपके पास फैसला करने का अधिकार होता है। हमें कर्नाटक को सुंदर बनाना है। सौहार्द बनाकर रखना है।"

फेमस एक्ट्रेस अमूल्य ने डाला वोट

कन्नड़ एक्ट्रेस अमूल्य ने अपने पति के साथ बेंगलुरु के आरआर नगर में वोटिंग करने पहुंची थी। एक्ट्रेस ने प्रदेश की जनता से कहा था कि, वो अपना मत का इस्तेमाल करे और अपनी मन पसंद की सरकार चुने।

पूर्व मुख्यमंत्री बी.एस येदियुरप्पा शिवमोग्गा में वोट डाला

आपको बता दें कि, कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री और भारतीय जनता पार्टी के कद्दावर नेता बी.एस येदियुरप्पा ने शिवमोग्गा में वोट डाला था। मतदान करने से पहले वो अपने परिवार के साथ शिकारीपुर के श्री हुच्चराय स्वामी मंदिर में दर्शन करने पहुंचे थे। उनके बेटे बी.वाई. विजयेंद्र शिकारीपुरा विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ रहे हैं।

वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने परिवार के साथ डाला वोट

वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने बेंगलुरू के विजय नगर में अपने परिवर के साथ वोट करने पहुंची थी। वोट करने के बाद निर्मला सीतारमण ने कहा था, "बेंगलुरु का इंफ्रास्ट्रक्चर आने वाले दिनों में और अच्छा हो। कर्नाटक में उद्योग को और बढ़ावा मिले। इसके लिए मैंने वोट डाला है। मैंने डबल इंजन सरकार के लिए वोट डाला है।"

एक्टर प्रकाश राज ने वोट डाला

साउथ के सुपरस्टार प्रकाश राज बेंगलुरु के शांतिनगर स्थित सेंट जोसेफ इंडियन स्कूल में वोटिंग किया था और लोगों से बढ़ चढ़ कर मतदान करने की अपील भी की थी। वो यहां अपने परिवार के साथ पहुंचे थे।

पीएम मोदी ने वोटिंग करने की अपील

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कर्नाटक की जनता से ज्यादा से ज्यादा वोटिंग करने की अपील की थी। उन्होंने ट्वीट कर कहा था कि, कर्नाटक की जनता ज्यादा से अपने घरों से निकले और वोट करे। साथ ही पीएम मोदी ने प्रदेश में पहली बार जो युवा वोट कर रहे थे उन्हें भी बढ़ चढ़ कर मतदान करने की अपील की थी।

क्या है कर्नाटक विधानसभा की मौजूदा स्थिति ?

बता दें कि, कर्नाटक में कुल 224 विधानसभा सीटे हैं। जिसमें एस-सी वर्ग के लिए आरक्षित सीटों की संख्या 36 है, वहीं 15 सीट एसटी के लिए आरक्षित हैं। जिसमें बीजेपी ने सभी 224 सीटों पर अपने उम्मीदवारों को उतारा है। वहीं कांग्रेस ने 223, बसपा ने 133, जेडीएस ने 207, जदयू ने 8, माकपा ने 4 और एनसीपी ने 2 प्रत्याशियों को उतारा है।

प्रदेश में कुल वोटर्स की संख्या

कर्नाटक की कुल जनसंख्या लगभग 6 करोड़ है। जिसमें में वोटरों की संख्या 5 करोड़ के करीब है। इस बार चुनाव में पुरूष वोटरों की संख्या 2.63 करोड़ है। राज्य में महिला वोटरों की संख्या 2.59 करोड़ है। इस बार कर्नाटक में नए वोटर्स की संख्या लगभग 10 लाख हैं।

पोलिंग बूथ की संख्या

2018 में हुए विधानसभा चुनाव की बात करें तो पोलिंग बूथों की संख्या लगभग 58008 थीं। वहीं इस साल होने वाले चुनाव के लिए निर्वाचन आयोग ने करीब 58282 मतदान केंद्र बनाए हैं। जिसमें करीब 1200 से अधिक अतिसंवेदनशील मतदान केंद्र भी शामिल हैं। सभी मतदान केंद्रों के लिए लगभग 47609 कर्मचारी ड्यूटी पर लगेंगे।




Created On :   10 May 2023 1:32 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story