यूपी विधानसभा चुनाव 2027: अयोध्या से चुनाव लड़ेंगे CM योगी? पंकज चौधरी ने बताया BJP का प्लान

अयोध्या से चुनाव लड़ेंगे CM योगी? पंकज चौधरी ने बताया BJP का प्लान
उत्तर प्रदेश में अगले साल विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी दल जोर-शोर के साथ तैयारियों में जुट गए हैं।

डिजिटल डेस्क, लखनऊ। उत्तर प्रदेश में अगले साल विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी दल जोर-शोर के साथ तैयारियों में जुट गए हैं। इस बीच बीजेपी उत्तर प्रदेश इकाई के अध्यक्ष पंकज चौधरी ने समाजवादी पार्टी के चीफ अखिलेश यादव की मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को अयोध्या से चुनाव लड़ने की चुनौती पर बड़ा बयान दिया है।

अयोध्या से चुनाव लड़ेंगे सीएम योगी?

न्यूज एजेंसी एएनआई को दिए इंटरव्यू पंकज चौधरी से सवाल पूछा कि अखिलेश यादव और मुख्यमंत्री योगी, दोनों ही हमें एक-दूसरे के खिलाफ चुनाव लड़ने के लिए कह रहे हैं। दोनों एक-दूसरे को चुनौती दे रहे हैं। क्या यह दिग्गजों की लड़ाई होगी? इसके जवाब में यूपी बीजेपी चीफ ने कहा कि जहां तक हम योगी आदित्यनाथ को जानते हैं, वह हमारे लोकप्रिय नेता हैं। उन्होंने 9 से साढ़े 9 साल तक काम किया है। अगर वह प्रदेश की किसी भी सीट से चुनाव लड़ेंगे, तो चुनाव जीतेंगे। निश्चित रूप से अखिलेश यादव भी कहीं से चुनाव लड़ सकते हैं।

इसके बाद पंकज चौधरी से यह पूछे जाने पर कि क्या उत्तर प्रदेश में चुनाव महिला आरक्षण और परिसीमन विधेयक पारित होने के बाद होगा? चौधरी ने कहा कि उत्तर प्रदेश में चुनाव फरवरी से मार्च के बीच होंगे। परिसीमन विधेयक जब आएगा तब वह पास होगा।

राम मंदिर चढ़ावा चोरी के मुद्दे पर भी की चर्चा

राम मंदिर में चढ़ावा चोरी के मुद्दे पर सवाल के जवाब में चौधरी ने कहा कि राम मंदिर हमारी आस्था का केंद्र है। यह सच है कि दुर्भाग्यपूर्ण घटना हुई, हम भी उसकी निंदा करते हैं। आपने देखा होगा कि मामला सामने आने के बाद हमारी सरकार ने तत्काल कार्रवाई की। जांच समिति बनाई गई और जो लोग दोषी पाए गए, उन्हें जेल भेजा गया।

उन्होंने कहा कि यहां तक कि भविष्य में ऐसी घटनाएं न हों, इसके लिए सरकार ने पूरी व्यवस्था बदल दी और नए सीईओ की नियुक्ति की। इस घटना से श्रद्धालुओं की आस्था को चोट पहुंची, लेकिन वह यह भी समझते हैं कि ऐसा कुछ लोगों की वजह से हुआ। हमने इस मामले में पूरी कार्रवाई की।

Created On :  

Tags

Next Story