India Vs England: तीसरे दिन का खेल हुआ समाप्त, भारत ने बनाई 96 रन की लीड, राहुल-गिल क्रीज पर मौजूद

- हेडिंग्ले में खेला जा रहा पहला टेस्ट
- इंग्लैंड पहली पारी में 465 रन पर सिमटा
- 100 रन के करीब पहुंची भारत की बढ़त
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। इंग्लैंड और भारत के बीच तेंदुलकर-एंडरसन ट्रॉफी का पहला मैच लीड्स के हेडिंग्ले क्रिकेट स्टेडियम में खेला जा रहा है। टीम इंडिया मैच के तीसरे दिन इंग्लैंड से 96 रन आगे है। टीम ने अपनी दूसरी पारी में दो विकेट पर 90 रन बना लिए हैं। भारतीय टीम को पहली पारी में 6 रन की बढ़त मिली।
बारिश की वजह से तीसरा दिन समय से पहले समाप्त कर दिया गया। केएल राहुल 47 और कप्तान शुभमन गिल 6 रन पर नाबाद लौटे। भारत को साई सुदर्शन (30) और यशस्वी जायसवाल (04) के रूप में दो झटके लगे। जायसवाल को ब्रायडन कार्स ने जबकि सुदर्शन को बेन स्टोक्स ने आउट किया।
इससे पहले इंग्लैंड की पहली पारी 465 रन पर सिमट गई। मेजबान टीम की तरफ से ओली पोप 106, हैरी ब्रूक 99 और बेन डकेट 62 रन की पारी खेली। इसके अलावा जैमी स्मिथ ने 40 और क्रिस वोक्स ने 38 रन का योगदान दिया। वहीं भारत की तरफ से जसप्रीत बुमराह ने 5 विकेट झटके। वहीं, प्रसिद्ध कृष्णा को 3 जबकि मोहम्मद सिराज को दो विकेट मिले।
बुमराह ने की कपिल देव की बराबरी
भारत के प्रमुख तेज गेंदबाज बुमराह ने इंग्लैंड के पांच खिलाड़ियों को आउट करते ही एक बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। वह अब विदेश भारत के लिए सबसे ज्यादा बार 5 विकेट लेने वाले गेंदबाज बन गए हैं। उन्होंने इस मामले में लीजेंड कपिल देव की बराबरी की।
कपिल देव और बुमराह ने यह कारनामा 12-12 बार किया है। इसके बाद दूसरा नंबर इशांत शर्मा का आता है। उन्होंने 9 बार 5 से ज्यादा विकेट लिए हैं। तीसरा और चौथा नंबर जहीर खान और इरफान पठान का आता है। जहीर ने 8 जबकि इरफान ने 7 बार यह कारनामा किया है।
दोनों टीमों की प्लेइंग इलेवन
भारत - शुभमन गिल (कप्तान), यशस्वी जायसवाल, केएल राहुल, साई सुदर्शन, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), करुण नायर, रवींद्र जडेजा, शार्दुल ठाकुर, जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा।
इंग्लैंड - बेन स्टोक्स (कप्तान), जैक क्रॉली, बेन डकेट, ओली पोप, जो रूट, हैरी ब्रूक, जेमी स्मिथ (विकेटकीपर), क्रिस वोक्स, ब्रायडन कर्स, जोश टंग, शोएब बशीर।
Created On :   22 Jun 2025 11:43 PM IST