IPL 2025: "NOT OUT" थे पोरेल...सोशल मीडिया पर छिड़ा विवाद, लोगों ने MI पर लगाया संगीन आरोप

- IPL 2025 के 63वें मैच में MI ने 56 रनों से दर्ज की बड़ी जीत
- पोरेल के विकेट पर सोशल मीडिया पर छिड़ा विवाद
- MI बन गई प्लेऑफ में पहुंचने वाली चौथी टीम
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। आईपीएल 2025 के 63वें मैच में दिल्ली कैपिटल्स और मुंबई इंडियंस आमने-सामने थे। वानखेड़े स्टेडियम पर खेले गए इस मैच में घरेलू टीम ने 56 रनों से बड़ी जीत हासिल कर प्लेऑफ में पहुंचने वाली चौथी टीम बन गई है। लेकिन बुधवार को खेले गए इस मैच में एक विवादास्पद पल देखने को मिला जब थर्ड अंपायर ने दिल्ली कैपिटल्स के विकेटकीपर बल्लेबाज अभिषेक पोरेल को आउट करार दे दिया था। थर्ड अंपायर के इस फैसले के बाद सोशल मीडिया पर बहस छिड़ गई है।
दरअसल, मामला दिल्ली कैपिटल्स की पारी के 5वें ओवर की दूसरी गेंद का है। दिल्ली कैपिटल्स की ओर से इस वक्त विकेटकीपर बल्लेबाज अभिषेक पोरेल स्ट्राइक पर थे। वहीं, मुंबई इंडियंस के लिए गेंदबाजी विल जैक्स कर रहे थे। इस दौरान फाफ डु प्लेसिस और विकेटकीपर बल्लेबाज केएल राहुल के आउट होने के बाद अभिषेक पर काफी प्रेशर था। लेकिन मुंबई इंडियंस के गेंदबाज विल जैक्स की स्पेल पर वह विकेटकीपर रयान रिक्लटन के हाथों स्टंप हो गए।
स्टंप होने के बाद मामला थर्ड अंपायर के पास गया। थर्ड अंपायर ने पोरेल को आउट करार दिया। जिसके बाद इस विकेट ने थोड़ा विवाद पैदा कर दिया, कई लोगों ने मुंबई इंडियंस पर धोखाधड़ी का आरोप लगाया। विवाद शुरू इसलिए हुआ क्योंकि स्क्रीन पर दिखाए गए कैमरे का एंगल सही नहीं था और इसमें ऐसा लग रहा था कि पोरेल का पैर जमीन पर है। लोगों का कहना था कि पोरेल को जानबुझकर आउट करार दिया गया है।
हालांकि, बाद में साइड-एंगल रीप्ले से साफ पता चला कि पैर हवा में था और पोरेल वाकई आउट थे। पोरेल के आउट होने के साथ ही दिल्ली कैपिटल्स की उम्मीदों पर भी लगभग पानी फिर गया था। ऐसा इसलिए क्योंकि डुप्लेसिस और राहुल तो पहले ही आउट हो गए थे। इनके बाद टीम को सीजन में शानदार फॉर्म में बल्लेबाजी कर रहे अभिषेक पोरेल पर उम्मीदें थी। लेकिन वह इस मैच में केवल 6 रन बनाकर आउट हो गए थे।
Created On : 21 May 2025 7:07 PM