Asian Games Qualifier: एक ओवर में 6 छक्के..300+ स्कोर और 221 रन से जीत, चीन के खिलाफ मैच में नेपाल ने लगाई रिकॉर्ड की झड़ी

एक ओवर में 6 छक्के..300+ स्कोर और 221 रन से जीत, चीन के खिलाफ मैच में नेपाल ने लगाई रिकॉर्ड की झड़ी
सिंगापुर में एशियन गेम्स मेंस टी-20 क्वालिफायर टूर्नामेंट खेला जा रहा है। रविवार को चीन और नेपाल के बीच मैच हुआ, जो कि टी20 क्रिकेट के इतिहास में हमेशा के लिए दर्ज हो गया।

डिजिटल डेस्क, भोपाल। सिंगापुर में एशियन गेम्स मेंस टी-20 क्वालिफायर टूर्नामेंट खेला जा रहा है। रविवार को चीन और नेपाल के बीच मैच हुआ, जो कि टी20 क्रिकेट के इतिहास में हमेशा के लिए दर्ज हो गया। इस मैच में नेपाल की टीम ने ऐसा बवाल काटा जिसे देखकर क्रिकेट जगत हैरान रह गया।

टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी नेपाल की टीम ने 20 ओवरों में सिर्फ 2 विकेट खोकर 313 रनों का पहाड़ जैसा स्कोर खड़ा किया। जवाब में चीन की पूरी टीम 92 रन पर सिमट गई। नेपाल की जीत के हीरो कुशल भुर्तेल रहे, जिन्होंने केवल 43 गेंदों पर 129 रन बनाए। उनकी इस पारी में 5 चौके व 16 छक्के शामिल। इस शानदार प्रदर्शन के लिए भुर्तेल को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।

नेपाल ने लगाई रिकॉर्ड की झड़ी

इस मैच में नेपाल की ओर से कई रिकॉर्ड बने। यह टीम का टी20 में दूसरा बड़ा स्कोर (313) है। इससे पहले सितंबर 2023 में एशियन गेम्स 2023 में मंगोलिया के खिलाफ 314/3 का स्कोर बनाया था। इसके अलावा ये टी20 इंटरनेशल क्रिकेट के इतिहास में 7वीं बड़ी जीत है। सबसे बड़ी जीत जिम्बाब्वे के नाम दर्ज है, उसने 2024 में गाम्बिया को 290 रन से हराया था।

नेपाल की जीत के हीरो कुशल भुर्तेल ने तो कई कीर्तिमान रच डाले। वह अब टी20 क्रिकेट में एक ओवर में 6 छक्के लगाने वाले पांचवे प्लेयर बन गए हैं। उन्होंने मैच के 9वें ओवर में चीन के जोयू चेन की गेंदों पर 6 छक्के उड़ाए। इसके अलावा उन्होंने टी20 इंटरनेशनल में 5वां सबसे तेज शतक लगाकर रोहित शर्मा की बराबरी की। दोनों ने 35-35 गेंदों पर शतक लगाए।

कुशल भुर्तेल ने अपनी पारी में 16 छक्के लगाए और एक टी-20 पारी में सबसे ज्यादा छक्के लगाने के मामले में वैभव सूर्यवंशी को पीछे छोड़ दिया। वैभव ने एशिया कप राइजिंग स्टार्स में 144 रन की पारी में 15 छक्के लगाए थे।

Created On :   2 Jun 2026 9:42 PM IST

Tags

Next Story