दैनिक भास्कर हिंदी: टीम के लिए अपने खेल की समीक्षा करने का यह सबसे सही समय : सिमरनजीत

April 22nd, 2020

हाईलाइट

  • टीम के लिए अपने खेल की समीक्षा करने का यह सबसे सही समय : सिमरनजीत

बेंगलुरू, 22 अप्रैल (आईएएनएस)। भारतीय पुरुष हॉकी टीम के फॉरवर्ड खिलाड़ी सिमरनजीत सिंह ने कहा है कि वह इस समय लागू बंद के कारण मिलने वाले समय का उपयोग अपने खेल को सुधारने और टोक्यो ओलम्पिक खेलों के लिए अपने आप को और बेहतर करने के लिए कर रहे हैं।

भारत की पुरुष और महिला हॉकी टीमें इस समय भारतीय खेल प्राधिकरण (साई) के बेंगलुरू केंद्र में बंद है।

सिमरनजीत ने कहा, यह निराशा की बात है कि ओलम्पिक खेल एक साल के लिए स्थगित कर दिए गए हैं। पिछले साल से हम बेहतरीन लय में हैं और टीम ओलम्पिक के लिए अच्छी तरह से तैयारी कर रही थी।

उन्होंने कहा, लेकिन इस समय लोगों का स्वास्थ्य किसी और चीज से काफी ज्यादा अहम है और इसी को ध्यान में रखते हुए सही फैसला लिया गया है।

सिमरनजीत ने कहा, हम निश्चित तौर पर अगले साल का उपयोग अभी से बेहतर टीम बनने में करेंगे। हम इस बात को सुनिश्चित करेंगे कि हम ज्यादा मेहनत करें और मैदान पर अच्छे परिणाम दें।

कोरोनावायरस के कारण टोक्यो ओलम्पिक खेलों को एक साल के लिए टाल दिया गया है। अब यह खेल 2021 में आयोजित किए जाएंगे।