VIDEO में देखिए विराट के बल्ले की धार, शादी के बाद अफ्रीका को 'ललकार'

VIDEO में देखिए विराट के बल्ले की धार, शादी के बाद अफ्रीका को 'ललकार'

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान विराट कोहली ने शादी के बाद एक बार फिर बल्ला थाम लिया है। विराट कोहली 5 जनवरी से साउथ अफ्रीका के खिलाफ शुरु होने वाले टेस्ट मैच के लिए नेट प्रेक्टिस कर रहे हैं। विराट ने केपटाउन में प्रेक्टिस करते हुए एक वीडियो भी जारी किया है, जिसमें आप विराट के बल्ले की पहले वाली ही आवाज फिर से सुन सकते हैं। इस वीडियो के जरिए विराट ने संदेश दिया है कि वे शादी के बाद एक बार फिर मैदान में धमाका करने के लिए तैयार हैं।

बता दें कि विराट कोहली 11 दिंसबर को बॉलीवुड एक्ट्रेस अनुष्का शर्मा के साथ शादी के बंधन में बंध गए हैं। विराट ने अपनी गुपचुप शादी इटली में की थी। शादी के चलते विराट ने क्रिकेट से 1 महीने के लिए दूरी बना ली थी, लेकिन अब उन्होंने फिर मैदान में उतरने की तैयारी कर ली है। विराट एक महीने बाद अपनी दमदार वापसी को लेकर जी-तोड़ मेहनत भी करते नजर आ रहे हैं। उम्मीद की जा रही है कि शादी के बाद विराट के साथ लेडी लक भी देखने को मिलेगा। विराट कोहली शादी के बाद अपने फैंस को जीत का तोहफा देना चाहेंगे।

भारतीय टीम के लिए कैसा रहा "साल 2017"
2017 में विराट की टीम ने टेस्ट ही नहीं, वनडे और T-20 में भी जोरदार प्रदर्शन किया। 11 टेस्ट खेले और 7 अपने नाम किए, जबकि 29 वनडे में 21 में जीत दर्ज की। T-20 की बात करें तो 13 में से 9 में जीते। विराट ने साल 2017 की विदाई अपनी शादी, हनीमून और रिसेप्शन पार्टी के साथ की है। वहीं साल 2017 की अंतिम विदाई रोहित शर्मा ने भी वनडे क्रिकेट इतिहास में तीसरा दोहरा शतक मारकर और टी20 में संयुक्त सबसे तेज 35 गेंद पर शतक मारकर की है।

गौरतलब है कि भारतीय क्रिकेट टीम और विराट कोहली नए साल 2018 की शुरुआत साउथ अफ्रीका दौरे पर जीत के साथ करना चाहती है। अफ्रीका दौरे पर भारतीय टीम को 5 जनवरी से 3 टेस्ट, 6 वनडे और 3 T-20 मुकाबलों की सीरीज खेलनी है। भारतीय टीम को अपने अफ्रीका दौरे की शुरुआत पहला टेस्ट 5 जनवरी से केपटाउन में खेलकर करना है। विराट कोहली की सेना में रोहित शर्मा, चेतेश्वर पुजारा और महेंद्र सिंह धोनी जैसे दिग्गज शामिल हैं। अब देखना ये है कि क्या यह सेना भारतीय जमीन के बाद विदेशी जमीन पर भी जीत का यह सिलसिला बरकरार रख पाती है या नहीं?

Created On :   1 Jan 2018 12:31 PM GMT

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story