भाजपा प्रदेशाध्यक्ष गए, अब कांग्रेस के केन्द्रीय पर्यवेक्षक आएंगे

भाजपा प्रदेशाध्यक्ष गए, अब कांग्रेस के केन्द्रीय पर्यवेक्षक आएंगे

डिजिटल डेस्क, शहडोल। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष वीडी शर्मा के शहडोल प्रवास के बाद अब कांग्रेस के केन्द्रीय पर्यवेक्षक कुलदीप राठौर जिले के प्रवास पर आएंगे। राठौर को संगठन को मजबूती प्रदान करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसी इरादे से भाजपा प्रदेशाध्यक्ष भी यहां आए थे लेकिन कार्यकर्ताओं के बीच का असंतोष दूर नहीं कर सके। मानस भवन में हुई वृहद जिला कार्यसमिति की बैठक के अगले दिन ज्यादातर कार्यकर्ताओं की राय यही रही कि प्रदेशाध्यक्ष को अपने इस दौरे में संगठन से ज्यादा शादी की चिंता रही। बीते रविवार (21 मई) को प्रदेशाध्यक्ष एक सरकारी कर्मचारी की शादी में शामिल हुए। करीब एक घंटे से ज्यादा समय तक वहां रहे। वरिष्ठ कार्यकर्ताओं ने यहां तक कहा कि प्रदेशाध्यक्ष की हालिया बैठक भाजपा की परंपराओं के अनुरुप नहीं रही। एक भी कार्यकर्ता की राय नहीं ली। रैली की तरह भाषण देकर चले गए।

टटोलेंगे संगठन की नब्ज

कांग्रेस के केंद्रीय पर्यवेक्षक कुलदीप राठौर संगठन को मजबूती प्रदान करने जून महीने में यहां आएंगे। वे जिले का दौरा कर, कार्यकर्ताओं से बात करेंगे और संगठन की नब्ज टटोलेंगे। उन्हें शहडोल के साथ अनूपपुर का भी केंद्रीय पर्यवेक्षक बनाया गया है। कांग्रेस ने जयसिंहनगर और जैतपुर को लगातार हारने वाली सीटों की श्रेणी में रखा है। सूत्रों के अनुसार इन दोनों सीटों पर अगस्त में प्रत्याशी चयन का काम पूरा कर लिया जाएगा लेकिन नाम की घोषणा नहीं की जाएगी। अलबत्ता संबंधित को चुनाव की तैयारी में जुट जाने कह दिया जाएगा।

Created On :   29 May 2023 5:19 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story