Kanpur Scooter Blast: कानपुर में हुआ जोरदार विस्फोट, हादसे में 8 से ज्यादा लोग हुए घायल

डिजिटल डेस्क, लखनऊ। उत्तर प्रदेश के कानपुर में आज बुधवार को एक जोरदार विस्फोट हुआ है। इस घटना से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया था। जानकारी के मुताबिक, मेस्टन रोड के किनारे खड़ी दो स्कूटरों में अचानक धमाका हुआ। इसमें आठ से ज्यादा लोग घायल हुए हैं। सभी घायलों को तुरंत उर्सुला अस्पताल में इलाच के लिए भर्ती कराया गया है, जहां पर कई लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
इस घटना की जानकारी मिलते ही वरिष्ठ अधिकारी और फॉरेंसिक टीम घटनास्थल पर पहुंच गई है। इसके बाद घटना की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस ने बताया कि विस्फोट की सही जानकारी अभी तक नहीं लग पाई है। वहीं, इस घटना से इलाके में दहशत का माहौल बना हुआ हैं।
पुलिस अधिकारी ने दी ये जानकारी
संयुक्त पुलिस आयुक्त (कानून व्यवस्था) आशुतोष कुमार ने मीडिया से बात करते हुए कहा, "मूलगंज थाना के अंतर्गत मिश्री बाजार क्षेत्र में आज दो स्कूटी खड़ी थीं जिनमें ब्लास्ट हुआ है। यह करीब शाम 7.15 बजे की घटना है। कुल 6 लोग घायल हैं, जिसमें एक महिला भी शामिल है। सभी का इलाज चल रहा है और सभी खतरे के बाहर हैं... हमारी फॉरेंसिक टीम मौके पर मौजूद है और हम देख रहे हैं कि इसका क्या कारण हो सकता है। स्कूटी को हमने ट्रेस कर लिया है और उसे चलाने वालों से भी पड़ताल की जाएगी। यह दुर्घटना है या साजिश ये बाद में ही पता चल पाएगा।"
घटनास्थल पर मौजूद लोगों ने दी ये जानकारी
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि धमाका इतना जोरदार हुआ था कि इसकी गूंज लगभग 500 मीटर दूर तक सुनाई दी। इस आवाज को सुनकर लोग दहशत में आ गए थे और घटनास्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। कुछ लोगों ने इस घटना के बारे में बताया कि यह विस्फोट एक घर में रखे सिलेंडर के फटने से हुई है। कुछ ने स्कूटर में ब्लास्ट होना बताया है। हालांकि, यह हादसा कैसे हुआ है यह तो फॉरेंसिक जांच की रिपोर्ट आने के बाद ही पता लगेगी।
Created On :   8 Oct 2025 10:12 PM IST