Mumbai News: सीएम फडणवीस के आदेश की अवहेलना, बैंक किसानों को भेज रहे कर्ज वसूली के नोटिस

सीएम फडणवीस के आदेश की अवहेलना, बैंक किसानों को भेज रहे कर्ज वसूली के नोटिस
  • ग्रामीण क्षेत्रों में बढ़ रही है नाराजगी
  • किसान पहुंचने लगे हैं मंत्रालय
  • मुख्यमंत्री फडणवीस के आदेश की अवहेलना

Mumbai News. मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने हाल ही में अधिकारियों को जारी आदेश में स्पष्ट निर्देश दिए थे कि अतिवृष्टि और बाढ़ प्रभावित किसानों के खिलाफ कर्ज वसूली की कोई भी कार्रवाई फिलहाल रोकी जाए। लेकिन मुख्यमंत्री के आदेश के बावजूद राज्य के कई जिलों से शिकायतें मिल रही हैं कि बैंक और वित्तीय संस्थाएं किसानों को अभी भी कर्ज वसूली के लिए नोटिस भेज रही हैं। इससे ग्रामीण इलाकों में भारी नाराजगी देखने को मिल रही है। बैंकों से बार-बार मिलने वाले नोटिस के चलते किसान अब इसकी शिकायत करने मंत्रालय पहुंचने शुरू हो गए हैं।

सोलापुर जिले से पहुंचे एक किसान ने 'दैनिक भास्कर' को बताया कि वह पिछले कई दिनों से बैंक के नोटिस मिलने और उसके लगातार तकादे से परेशान हो गए हैं। इस किसान ने यह भी कहा कि उन्होंने अखबारों में पढ़ा कि किसानों की कर्ज वसूली मुख्यमंत्री ने रोक दी है। लेकिन बैंक के कर्मचारी लगातार कर्ज लौटाने के लिए दवाब बना रहे हैं। बैंक की शिकायत के लिए इसलिए वह मंत्रालय पहुंचे हैं। हालांकि इस किसान की मुलाकात कृषि विभाग के अधिकारियों से हुई है। जिन्होंने उन्हें मदद का भरोसा दिया है।

मुख्यमंत्री फडणवीस ने मंगलवार को भी किसानों को राहत पैकेज का ऐलान करते समय कहा था कि उन्होंने राज्य के सभी जिलाधिकारियों को आदेश दिया कि सभी बैंक किसानों से कर्ज वसूली फिलहाल स्थगित कर दें। बावजूद इसके राज्य के कई जिलों से किसानों को कर्ज वसूली के नोटिस मिलने की जानकारियां सामने आ रही हैं। विपक्ष ने इस मुद्दे पर सरकार को घेरते हुए कहा है कि यदि आदेश केवल कागजों पर रहेंगे तो किसानों को राहत कैसे मिलेगी। कांग्रेस नेता नाना पटोले ने कहा कि मुख्यमंत्री फडणवीस का आदेश प्रशासन तक नहीं पहुंच रहा या जानबूझकर नजरअंदाज किया जा रहा है। इसका खुलासा होना चाहिए। सरकार को इस पर तुरंत कार्रवाई करनी चाहिए। गौरतलब है कि राज्य सरकार ने मंगलवार को राज्य के प्रभावित किसानों के लिए 31 हजार 628 करोड़ रुपये के राहत पैकेज की घोषणा की थी, जिसमें बकाया कर्ज की वसूली स्थगित करने का निर्देश भी शामिल था।

Created On :   8 Oct 2025 9:11 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story