Bhopal Farmers Protest: 3 दिन में खत्म हुआ किसान आंदोलन, सरकार के 60 फीसदी मूंग खरीदी और ई-टोकन व्यवस्था रोकने के फैसले पर बनी सहमति

3 दिन में खत्म हुआ किसान आंदोलन, सरकार के 60 फीसदी मूंग खरीदी और ई-टोकन व्यवस्था रोकने के फैसले पर बनी सहमति
100 फीसदी मूंग खरीदी और खाद वितरण व्यवस्था में सुधार समेत अन्य मांगों को लेकर भोपाल में बीते दो दिन से डेरा डाले किसानों ने अपना आंदोलन खत्म कर दिया है।

डिजिटल डेस्क, भोपाल। 100 फीसदी मूंग खरीदी और खाद वितरण व्यवस्था में सुधार समेत अन्य मांगों को लेकर भोपाल में बीते दो दिन से डेरा डाले किसानों ने अपना आंदोलन खत्म कर दिया है। मंत्रालय में राज्य सरकार के मंत्रियों और अधिकारियों के साथ हुई किसान प्रतिनिधियों की बैठक सफल रही। बैठक में सरकार द्वारा मूंग की खरीदी 60 फीसदी करने, ई-टोकन व्यवस्था को स्थगित करने और मूंग खरीदी की तारीख दस दिन बढ़ाने पर दोनों पक्षों की सहमति बनी। इसके साथ ही सरकार की ओर से किसानों को अन्य विषयों पर भी गंभीरता से विचार करने का आश्वासन दिया गया।

बैठक के बाद कृषि मंत्री एदल सिंह कंसाना ने सरकार के निर्णय साझा किए। उन्होंने बताया कि सरकार अब 60 फीसदी मूंग खरीदेगी। मूंग उत्पादक जिले जैसे नर्मदापुरम, सीहोर और हदरा में करीब 3 क्विंटल प्रति एकड़ मूंग को खरीदा जाएगा। इसके साथ ही स्लॉट बुकिंग का समय 10 अगस्त तक बढ़ा दिया गया है, जबकि मूंग खरीदी की अंतिम तारीख 20 अगस्त कर दी गई है। उन्होंने आगे बताया कि सरकार ने खाद वितरण में ई-टोकन व्यवस्था को भी कुछ समय के लिए स्थगित कर दिया है।

घर लौटे किसान

मंत्रियों और किसान प्रतिनिधियों के बीच हुई बैठक के बाद एडिशनल सीपी शैलेंद्र सिंह चौहान ने बताया कि किसानों ने सरकार के फैसले पर सहमति जता दी है। इसके बाद प्रशासन ने रोशनपुरा चौराहे से किसानों को बसों के माध्यम से उनकी गाड़ियों तक पहुंचाया, जहां से वो अपने घरों के लिए रवाना हो गए। इस तरह आंदोलन तीन दिन में खत्म हो गया।

Created On :   30 July 2026 12:19 AM IST

Tags

Next Story