- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- सागर के देवरी से नगर पालिका अध्यक्ष...
एमपी न्यूज: सागर के देवरी से नगर पालिका अध्यक्ष को पद से हटाया गया, बीजेपी के पार्षदों ने लगाया था भ्रष्टाचार का आरोप

- देवरी नगर पालिका अध्यक्ष पद से हटीं नेहा जैन
- उनके खिलाफ हुई जांच में वित्तीय अनियमितताएं पाई गई
- नगरीय विकास एवं आवास विभाग के अपर सचिव ने दिए आदेश
डिजिटल डेस्क, सागर। मध्यप्रदेश के सागर जिले की देवरी नगर पालिका की अध्यक्ष नेहा अलकेश जैन को पद से हटा दिया गया है। उनके खिलाफ हुई जांच में वित्तीय अनियमितताएं पाई गई हैं। राज्य के नगरीय विकास एवं आवास विभाग के अपर सचिव शिवराज सिंह वर्मा ने इसको लेकर आदेश जारी किया।
भाजपा की टिकट पर जीता था चुनाव
नेहा जैन ने भाजपा की टिकट पर पार्षद का चुनाव जीता था। इसके बाद वह देवरी नगर पालिका की अध्यक्ष बनी थीं। उन पर भाजपा के ही पार्षदों ने नगर पालिका के कार्यों में भ्रष्टाचार करने के आरोप लगाए थे। उनके द्वारा लंबे समय से नेहा जैन को पद से हटाने की मांग की जा रही थी। वह उनके खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव भी लाए थे।
इसके अलावा इसी मामले में देवरी से बीजेपी विधायक बृजबिहारी पटेरिया ने भी सरकार स्तर पर शिकायत की थी। इसके साथ ही उन्होंने विधानसभा के मानसून सत्र में भी ये मुद्दा उठाया था।
नेहा के खिलाफ हुई जांच में तीन आरोप सही पाए गए थे। उन्होंने बिना अनुमति और अधिकार के खुद के अनुमोदन से मस्टर पर 13 कर्मचारी और 2 ऑपरेटर की भर्ती की थी। जांच में रैन बसेरा समेत अन्य स्थानों पर एसी खरीदी में अनियमितता की गई। उनके द्वारा प्रेसिडेंट इन काउंसिल को भी गलत तरीके से भंग किया गया था।
नेहा जैन के पद से हटने के बाद उन पर आरोप लगाने वाले पार्षदों ने जमकर खुशी मनाई। सभी ने एक दूसरे को मिठाई बांटकर बधाई दी। बता दें कि देवरी नगर पालिका में कुल 15 पार्षद हैं। इनमें से 14 बीजेपी के हैं। 14 में से 9 नेहा जैन के खिलाफ थे। उन्होंने उनकी कार्यप्रणाली को लेकर आंदोलन और धरना दिया।
Created On :   26 Aug 2025 3:30 AM IST