अमृत हरित महाअभियान ‘ एक पेड़ मां के नाम ‘: नगरीय निकायों को दिया एक करोड़ से ज्यादा पौधरोपण का लक्ष्य, जबलपुर में रोपे गए 13 फीसदी पौधे

नगरीय निकायों को दिया एक करोड़ से ज्यादा पौधरोपण का लक्ष्य, जबलपुर में रोपे गए 13 फीसदी पौधे
सागर संभाग 33% के साथ सबसे आगे, ग्वालियर संभाग सबसे पीछे महज 7% ही रोपण भोपाल में 8 फीसदी

डिजिटल डेस्क, भोपाल। मप्र में अमृत हरित महाभियान महोत्सव के अंतर्गत एक पेड़ मां के नाम अभियान चलाया जा रहा है। जिसमें नगरीय प्रशासन एवं आवास विभाग ने 15 प्रतिशत लक्ष्य प्राप्त कर लिया है। प्रशासन का अमृत वन पर्यावरण सुधार में सार्थक साबित होगा। विभाग ने प्रदेश में एक करोड़ से ज्यादा पेड़ साल भर में लगाने का लक्ष्य रखा है। जिसके तहत शासकीय भूमि और शासकीय संस्थानों में लगातार पेड़ लगाए जा रहे हैं। इससे नए ग्रीन कॉरिडोर और पर्यावरण की दिशा में सुधार होगा। स्कूल, शमशान, नदी किनारे, शासकीय भूमि के साथ खाली जगहों में पौधरोपण किया जा रहा है। विभाग ने सभी संभाग और जिलों को पेड़ लगाने का लक्ष्य दिया है। जिलों की जनसंख्या के आधार पर लक्ष्य तय किया गया है। आवश्यकता के अनुरूप और सरकारी जमीन की उपलब्धता भी एक पैमाना है। मेरी लाइफ पोर्टल के अनुसार 8 संभागों में 413 निकायों को पेड़ लगाने की जिम्मेदारी दी गई है। सभी निकायों को पोर्टल पर रजिस्टर कर जानकारी देनी होती है। जिसमें अब तक 387 निकायों ने पोर्टल पर रजिस्टर किया है। कुल 1 करोड़ 1 लाख 87 हजार 997 पौधे रोपने का लक्ष्य है। अब तक 16 लाख से ज्यादा यानी 15 प्रतिशत पौधे रोपे जा चुके हैं। सबसे ज्यादा पौधरोपण सागर संभाग के 85 निकायों में 8 लाख 99 हजार पेड़ के लक्ष्य के मुकाबले 2 लाख 93 हजार से ज्यादा यानी 33% पेड़ लगे हैं। सबसे कम ग्वालियर संभाग ने 89 निकायों में 17 लाख 58 हजार 460 के लक्ष्य के मुकाबले 1 लाख 28 हजार 924 , मात्र 7% ही पेड़ लगाया है। जबलपुर में 56 निकायों में 14 लाख से ज्यादा का लक्ष्य रखा गया है। अब तक 1 लाख 88 हजार 875, 13% पेड़ लगाए गए हैं। भोपाल संभाग के 64 निकायों को 19 लाख 94 हजार से ज्यादा का लक्ष्य था। यहां 1 लाख 52 हजार 695 पेड़ लगाए गए। उज्जैन के 67 निकायों में 12 लाख 45 हजार 678 के लक्ष्य के मुकाबले 1 लाख 52 हजार 695, 12% पेड़ लगे हैं। शहडोल के 22 निकायों में 2 लाख 51 हजार 593 के लक्ष्य के मुकाबले 46 हजार 889 , 19% पेड़ लगे हैं। रीवा में 32 निकायों को 6 लाख 37 हजार 361 पेड़ लगाए जाने हैं और अभी तक 1 लाख 74 हजार 318 , 27% पेड़ लगे हैं। करीब 16 ऐसे निकाय हैं जिन्होंने अभी पोर्टल में रजिस्टर नहीं किया है। जो कि चिंता का विषय हो सकता है।

अभियान में सेल्फ हेल्प ग्रुप, एनजीओ के साथ अन्य संस्थाएं भी सहयोग कर रही हैं। समाजिक संस्थान और पर्यावरण से संबंधित विषय विशेषज्ञ को अभियान से जोड़ा गया है। अभियान में महिलाओं को लाभ पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। अभियान का लक्ष्य पर्यावरण में सुधार, ग्रीनरी बढ़ाने , ग्लोबल वार्मिंग को कम करने के साथ महिलाओं की भागीदारी और इसके माध्यम से उनको लाभ देना है।

इनका कहना है

अमृत हरित महाअभियान शहरी जलवायु चुनौतियों से निपटने और जनभागीदारी का सशक्त उदाहरण है। ‘एक पेड़ माँ के नाम’ पहल ने इसे जनांदोलन बना दिया है, जो आने वाली पीढ़ियों के लिए हरित और सुरक्षित शहरी पर्यावरण सुनिश्चित करेगा।

प्रदीप एस. मिश्रा, प्रमुख अभियंता नगरीय प्रशासन एवं विकास, मप्र

Created On :   22 Aug 2025 11:22 AM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story