मध्य प्रदेश: परीक्षा का टेंडर उसी कंपनी को जिसके खिलाफ हो चुकी है कार्रवाई, ईएसबी की सीबीआई से जांच करने की उठी मांग

परीक्षा का टेंडर उसी कंपनी को जिसके खिलाफ हो चुकी है कार्रवाई, ईएसबी की सीबीआई से जांच करने की उठी मांग
कर्मचारी चयन मंडल की भर्ती परीक्षाओं में अनियमितताओं और तकनीकी विफलताओं को लेकर सीबीआई की जांच की मांग उठने लगी है।

डिजिटल डेस्क,भोपाल। कर्मचारी चयन मंडल की भर्ती परीक्षाओं में अनियमितताओं और तकनीकी विफलताओं को लेकर सीबीआई की जांच की मांग उठने लगी है। पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव को पत्र लिखकर कर्मचारी चयन मंडल (ईएसबी) की आयोजित भर्ती परीक्षाओं में की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की। सिंह ने कहा कि बेरोजगार युवाओं के एक प्रतिनिधिमंडल ने उनसे मुलाकात कर भर्ती परीक्षाओं के संचालन में गंभीर खामियों और टेंडर प्रक्रिया में अनियमितताओं की जानकारी दी है। प्रतिनिधिमंडल के अनुसार वर्ष 2023 और 2024 में परीक्षा संचालन के लिए जारी निविदाओं में एपटेक, टीसीएस और एडुक्विटी जैसी कंपनियों को तकनीकी रूप से पात्र घोषित किया गया, लेकिन दोनों बार टेंडर निरस्त कर दिए गए। बाद में नई निविदा में महत्वपूर्ण शर्तों में बदलाव कर टेंडर ऐपटेक कंपनी को टेंडर दे दिया गया।

जिससे पूरी प्रक्रिया पर सवाल खड़े हो रहे हैं। हाल ही में ईएसबी ने आयोजित विभिन्न भर्ती परीक्षाओं में तकनीकी समस्याओं के कारण लाखों अभ्यर्थियों को मानसिक, आर्थिक और समय की भारी क्षति उठानी पड़ी। शासन ने जिस कंपनी को परीक्षा संचालन का कार्य सौंपा गया था शासन उस पर कार्रवाई कर चुका है। ऐसे में यह आशंका और गंभीर हो जाती है कि टेंडर प्रक्रिया में बार-बार बदलाव और निरस्तीकरण का उद्देश्य किसी विशेष कंपनी को लाभ पहुंचाना है। सिंह ने कहा कि प्रदेश में पहले भी व्यापम घोटाले जैसी घटनाओं से देशभर में बदनामी हुई है। ऐसे में भर्ती प्रक्रियाओं की पारदर्शिता और युवाओं के विश्वास को बनाए रखने के लिए पूरे मामले की सीबीआई जांच अथवा उच्चस्तरीय एसआईटी से निष्पक्ष जांच कराई जाए। दोषियों के खिलाफ कार्रवाई हो।

Created On :   12 Jun 2026 10:43 PM IST

Tags

Next Story