मध्य प्रदेश चुनाव 2023: अरूण यादव ने कहा 50 प्रतिशत कमीशन राज के दाग ने प्रदेश को कर दिया कुख्यात

अरूण यादव ने कहा 50 प्रतिशत कमीशन राज के दाग ने प्रदेश को कर दिया कुख्यात
मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान ने मप्र को बना दिया घोटाला प्रदेश

डिजिटल डेस्क, भोपाल/खरगोन। केन्द्रीय कृषि राज्यमंत्री रहे कांग्रेस के स्टार प्रचारक अरूण यादव ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान ने मप्र को घोटाला प्रदेश बना दिया है। 18 वर्षो की भाजपा सरकार में 250 से ज्यादा महाघोटाले हुए है। आज मप्र घोटालों का पर्याय बन गया है।

उन्होंने आगे कहा कि भाजपा के राज में 50 प्रतिशत कमीशन देने के बिना किसी का कोई काम नहीं होता है। 50 प्रतिशत कमीशन राज के दाग ने मप्र को कुख्यात कर दिया है। इससे मुक्ति पाने के लिये हो रहे विधानसभा चुनाव में कांग्रेस को विजयी बनाएं। कांग्रेस की सरकार बनने पर घोटालों और कमीशन राज के दाग से मुक्ति मिलेगी।

घोडे पर सवारी कर सबका किया अभिवादन

विधानसभा चुनाव को लेकर मप्र कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष रहे स्टार प्रचारक अरूण यादव निमाड अंचल में डेरा डाले हुए है। वे पिछले तीन दिन से कसरावद नगर में अपने छोटे भाई और कांग्रेस प्रत्याशी सचिन यादव के समर्थन में जनसंपर्क कर नुक्कड सभाओं को सम्बोधित कर रहे है। कसरावद में उन्होंने घोडे पर सवार होकर भी जनसंपर्क किया। श्री यादव जनसंपर्क के दौरान स्थानीय रहवासियों और विशेष कर महिलाओं को पार्टी के वचन पत्र की जानकारी देते हुए बता रहे है कि कांग्रेस की सरकार बनने पर उनके परिवार को प्रतिमाह 15 हजार रूपये और प्रतिवर्ष एक लाख 80 हजार रूपये के लाभ के अतिरिक्त अन्य कई रियायतें और सुविधाएं मिलेगी।

नहीं सहे भ्रष्टाचार, करे उस पर प्रहार

कांग्रेस के वरिष्ठ किसान, सहकारी और पिछडा वर्ग के नेता अरूण यादव ने आज शनिवार को रेहगांव, बडगांव, खुडगांव, शकरगांव, खुलवा और छिर्वा में कांग्रेस कार्यकर्ताओं की बैठकें लेकर चुनाव की तैयारियों पर चर्चा की। उन्होंने कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों से कहा कि आपको अब भ्रष्टाचार को सहन नहीं करना है। भ्रष्टाचार पर प्रहार करना है। भ्रष्टाचार के राज से मुक्ति पाना है। इसके लिये कांग्रेस को विजयी बनाना है।

भय, भूख और भ्रष्टाचार से मुक्ति के लिये कांग्रेस की बनाए सरकार

जनसंपर्क भ्रमण के दौरान अरूण यादव ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं के निवास पर जाकर उनकी कुशल क्षेम पूछी। दीपावली की शुभ कामनाएं दी। खेती बाडी की चर्चा की। भाजपा सरकार के 18 वर्षीय कुशासन में सही पीडा को उजागर किया। ग्रामीणों ने अपने साथ हुए जुल्म और अत्याचारों की जानकारी से उन्हें अवगत कराया। अरूण यादव ने कहा कि भाजपा राज के कुशासन से मुक्ति के लिये कांग्रेस को जिताना बहुत जरूरी है। कांग्रेस की सरकार बनने के बाद ही भय, भूख और भ्रष्टाचार से मुक्ति मिलेगी।

Created On :   11 Nov 2023 3:00 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story