- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- पन्ना
- /
- एनएसएस के सात दिवसीय विशेष शिविर का...
Panna News: एनएसएस के सात दिवसीय विशेष शिविर का समापन, छात्राओं ने किया वृक्षारोपण से रक्तदान तक श्रमदान

Panna News: शासकीय कन्या महाविद्यालय पन्ना की प्राचार्य डॉ. गिरिजेश शाक्य के मार्गदर्शन में गोद ग्राम लक्ष्मीपुर में राष्ट्रीय सेवा योजना एनएसएस का 7 दिवसीय आवासीय विशेष शिविर 23 से 29 मार्च तक आयोजित हुआ। सोमवार को इसका समापन मुख्य अतिथि छत्रसाल महाविद्यालय के पूर्व प्राचार्य डॉ. एच.एस. शर्मा, विशिष्ट अतिथि लक्ष्मीपुर सरपंच सुश्री नीलम राय और कन्या महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. गिरिजेश शाक्य ने दीप प्रज्ज्वलन व सरस्वती वंदना के साथ किया। कार्यक्रम अधिकारी श्रीमती रजिया शाह ने प्रतिवेदन प्रस्तुत कर बताया कि शिविर में छात्राओं ने वृक्षारोपण, रक्तदान, श्रमदान, नशामुक्ति जागरूकता, सामुदायिक सेवा, स्वच्छता-अनुशासन अभियान, साक्षरता अभियान, नुक्कड़ नाटक, स्लोगन लेखन व रैली जैसी गतिविधियां संचालित कीं।
डॉ. शर्मा ने उद्बोधन में आधुनिक शिक्षा में तकनीक पर अत्यधिक निर्भरता पर चिंता जताई। उन्होंने टेक्स्टबुक पढऩे से सही ज्ञान व मानसिक दृढ़ता मिलने की सलाह दी। समुद्र मंथन व भगवान शिव के उदाहरण से लोक कल्याणकारी कार्यों की प्रेरणा दी। साथ ही पूर्व राष्ट्रपति डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम का जिक्रकर लक्ष्य, धैर्य, जिज्ञासा मनोबल व मेहनत पर जोर दिया। मुख्य अतिथि सहित अतिथियों ने छात्राओं को प्रमाणपत्र वितरित किए। इस दौरान डॉ. फरीद अहमद सौदागर, विनय कुमार अवस्थी, जानकी प्रजापति, अरविंद राय, एनएसएस प्रभारी रजिया शाह व बड़ी संख्या में छात्राएं उपस्थित रहीं। आभार प्रदर्शन महाविद्यालय के ग्रंथपाल नरेश कुमार पटेल ने किया।
Created On :   1 April 2026 3:51 PM IST














