- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- पन्ना
- /
- पुलिस ने चौबीस घण्टे के अंदर पकड़ा...
Panna News: पुलिस ने चौबीस घण्टे के अंदर पकड़ा मोटरसाइकिल चोर, चोरी गई मोटरसाइकिल आरोपी के कब्जे से बरामद

Panna News: देवेन्द्रनगर थाना पुलिस ने क्षेत्र में मोटरसाइकिल चोरी के मामले में त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई करते हुए सूचना के 24 घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर चोरी गई मोटरसाइकिल बरामद करने में सफलता प्राप्त की है। प्राप्त विवरण अनुसार २९ मार्च २०२६ को फरियादी फारुख सिद्दकी पिता तारबाबू सिद्दकी उम्र 41 वर्ष निवासी वार्ड क्रमांक 03 देवेन्द्रनगर द्वारा थाना में उपस्थित होकर रिपोर्ट दर्ज कराई गई कि वह गुनौर में जूते-चप्पल की दुकान संचालित करता है। दिनांक २८ मार्च २०२६ की रात्रि लगभग 09 बजे वह अपनी बजाज पल्सर मोटरसाइकिल क्रमांक एमपी-३५-एमके-0286 से गुनौर से अपने घर देवेन्द्रनगर आया एवं मोटरसाइकिल घर के बाहर खड़ी कर अंदर चला गया। रात्रि लगभग 10:30 बजे बाहर आने पर मोटरसाइकिल वहां नहीं मिली। आसपास खोजबीन करने पर भी कोई सुराग नहीं मिला जिससे स्पष्ट हुआ कि अज्ञात व्यक्ति द्वारा मोटरसाइकिल चोरी कर ली गई है। उक्त रिपोर्ट पर थाना देवेन्द्रनगर में धारा 303(२) बीएनएस के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक पन्ना श्रीमती निवेदिता नायडू के निर्देशन एवं थाना प्रभारी देवेन्द्रनगर उपनिरीक्षक संतोष सिंह यादव के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। विवेचना के दौरान घटनास्थल का सूक्ष्म निरीक्षण कर आसपास के क्षेत्रों में सघन तलाशी अभियान चलाया गया तथा संदिग्ध व्यक्तियों पर निगरानी रखते हुए मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया। इसी दौरान मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि एक संदिग्ध व्यक्ति चोरी गई मोटरसाइकिल के साथ मुटवा तिराहा के पास देखा गया है। सूचना पर तत्काल कार्यवाही करते हुए पुलिस टीम द्वारा घेराबंदी कर दिनांक २९ मार्च २०२६ को आरोपी शनि आदिवासी पिता धरमू आदिवासी उम्र 22 वर्ष निवासी ग्राम मुटवा को चोरी गई मोटरसाइकिल सहित पकड़ा गया। आरोपी को अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की गई जिसमें उसने उक्त मोटरसाइकिल चोरी करना स्वीकार किया। आरोपी के कब्जे से चोरी गई मोटरसाइकिल बरामद कर विधिवत कार्यवाही करते हुए उसे न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया। उक्त कार्यवाही में थाना प्रभारी देवेन्द्रनगर उपनिरीक्षक संतोष सिंह यादव, प्रधान आरक्षक धीरेंद्र सिंह, लक्ष्मी नारायण यादव, आरक्षक ब्रजेंद्र रैकवार एवं चालक आरक्षक पुष्पेंद्र जाट का विशेष योगदान रहा।
Created On :   1 April 2026 3:29 PM IST














