- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- अंतरराष्ट्रीय बाजार में तेल की...
पेट्रोल-डीजल के दामों में 3 रुपये लीटर की बढ़ोतरी: अंतरराष्ट्रीय बाजार में तेल की कीमतों के उतार-चढ़ाव के चलते फैसला, भोपाल-इंदौर सहित कई शहरों में नए रेट आज से लागू
डिजिटल डेस्क, भोपाल। मध्य प्रदेश में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में अचानक बड़ा इजाफा हुआ है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल के दाम बढ़ने के बाद तेल कंपनियों ने प्रदेशभर में ईंधन के रेट करीब 3-3 रुपए प्रति लीटर बढ़ा दिए हैं। नई कीमतें सुबह 6 बजे से लागू कर दी गईं हैं। इसका सीधा असर आम लोगों की जेब पर पड़ने वाला है। ट्रांसपोर्ट खर्च बढ़ने से अब खाने-पीने की चीजों, सब्जियों और दूसरे सामानों की कीमतें भी बढ़ सकती हैं। प्रदेश के कई शहरों में पेट्रोल 109 रुपए से ऊपर पहुंच गया है। वहीं, बात करने डीजल को तो ये भी 95 रुपए प्रति लीटर है।
इंदौर-भोपाल समेत कई शहरों में नए रेट लागू
इंदौर में अब पेट्रोल 109.81 रुपए प्रति लीटर और डीजल 95.02 रुपए प्रति लीटर मिल रहा है। पहले यहां पेट्रोल 106.58 रुपए और डीजल 91.97 रुपए प्रति लीटर था। वहीं स्पीड पेट्रोल का रेट बढ़कर 119.56 रुपए प्रति लीटर पहुंच गया है। वहीं, भोपाल में पेट्रोल 106.68 रुपए से बढ़कर 109.82 रुपए प्रति लीटर हो गया है। डीजल की कीमत 91.87 रुपए से बढ़कर 94.98 रुपए प्रति लीटर पहुंच गई है।
बात करें उज्जैन की तो यहां पेट्रोल 110.18 रुपए और डीजल 95.36 रुपए प्रति लीटर बिक रहा है। जबलपुर में पेट्रोल 109.79 रुपए और डीजल 95 रुपए प्रति लीटर हो गया है। इसके अलावा ग्वालियर में पेट्रोल 109.7 रुपए और डीजल 94.90 रुपए प्रति लीटर पहुंच गया है। सिंगरौली में पेट्रोल 109.92 रुपए और डीजल 95.14 रुपए प्रति लीटर बिक रहा है।
तेल महंगा होने से बढ़ेगी लोगों की परेशानी
मध्य प्रदेश पेट्रोल डीजल एसोसिएशन के अध्यक्ष राजेंद्र सिंह वासु (Rajendra Singh Vasu) ने बताया कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतें लगातार बढ़ रही हैं। इसी वजह से कंपनियों ने पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़ाने का कदम उठाया है। उन्होंने यह भी कहा कि ईंधन महंगा होने से ट्रक और दूसरे वाहनों का खर्च भी बढ़ेगा। इसका असर बाजार तक सामान पहुंचाने की लागत पर पड़ेगा और इस्तेमाल में आने वाली आम चीजें महंगी हो सकती हैं।
ईरान-अमेरिका तनाव बना बड़ी वजह
जानकारों के मुताबिक, ईरान और अमेरिका के बीच बढ़ते तनाव का असर तेल बाजार पर पड़ा है। युद्ध शुरू होने से पहले क्रूड ऑयल की कीमत करीब 70 डॉलर प्रति बैरल थी लेकिन अब यह बढ़कर 100 डॉलर प्रति बैरल से ऊपर पहुंच गई है। तेल कंपनियों का कहना है कि बढ़ती लागत के कारण उन पर दबाव बढ़ रहा था। इसी वजह से कीमतों में बदलाव किया गया। अगर आने वाले दिनों में अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चा तेल और महंगा होता है तो पेट्रोल-डीजल के दाम में फिर बढ़ोतरी हो सकती है।
मालूम हो कि, इससे पहले पाकिस्तान, नेपाल और श्रीलंका जैसे देशों में पेट्रोल-डीजल के रेट 15% से 20% तक बढ़ चुके थे। अब भारत में भी इसका असर दिखाई देने लगा है।
Created On :   15 May 2026 9:38 AM IST











