मध्य प्रदेश न्यूज: MP में फिर दौड़ेगी लोक परिवहन बस सेवा, गडकरी की मौजूदगी में होगा शुभारंभ

MP में फिर दौड़ेगी लोक परिवहन बस सेवा, गडकरी की मौजूदगी में होगा शुभारंभ
मध्य प्रदेश में कल यानी 25 सितंबर को लोक परिवहन बस सेवा की शुरुआत होने वाली है। इसको लेकर राज्य के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने एक बयान जारी किया है।

डिजिटल डेस्क, भोपाल। मध्य प्रदेश में कल यानी 25 सितंबर को लोक परिवहन बस सेवा की शुरुआत होने वाली है। इसको लेकर राज्य के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने एक बयान जारी किया है। उन्होंने बताया कि प्रदेश के लिए कल का दिन ऐतिहासिक रहने वाला है। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन (17 सितंबर) से शुरू हुआ सेवा संकल्प अभियान 18 अक्टूबर तक चलेगा। वहीं, पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती 25 सितंबर को मनाई जाएगी। इन मौकों पर एमपी सरकार 21 साल बाद फिर से लोक परिवहन बस सेवा की शुरुआत करने जा रही है।

नई सेवा के मॉडल पर क्या बोले?

न्यूज एजेंसी ANI से बातचीत करते हुए सीएम मोहन यादव ने कहा कि यह एक आधुनिक और यूनिक मॉडल होगा, जिसमें ई-बसों समेत अलग-अलग प्रकार की बस सेवाओं को चरणबद्ध रूप से प्रदेश के कोने-कोने तक पहुंचाया जाएगा। यात्रियों की सुविधा के लिए बस स्टॉप, बस स्टैंड और आधुनिक इलेक्ट्रॉनिक संसाधनों के साथ बेहतर कंट्रोलिंग व्यवस्था विकसित की जाएगी।

लग्जरी बसों की सेवाएं होंगी शुरू

मुख्यमंत्री का कहना है कि सिटी बसों से लेकर राज्य के भीतर और दूसरे राज्यों के लिए लग्जरी बस सेवाएं भी शुरू होंगी। इससे प्रदेश के प्रमुख शहरों के साथ देश के प्रमुख तीर्थस्थलों और महानगरों तक आवागमन सुगम होगा।

उन्होंने आगे बताया कि राज्य में मेट्रो सेवा की शुरुआत के बाद सड़क परिवहन के क्षेत्र में लोक परिवहन बस सेवा का फिर से शुभारंभ हो रहा है, जो एक महत्वपूर्ण कदम है। हमारी सरकार ने बिजली, पानी, सड़क और ग्रामीण इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत किया है। अब सुगम यातायात की सुविधा को भी विस्तार दिया जा रहा है।

केंद्रीय मंत्री रहेंगे मौजूद

सीएम यादव ने बताया कि इस ऐतिहासिक अवसर पर केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी उनके साथ मौजूद रहेंगे। इसके लिए उन्होंने उनका भोपाल और मध्य प्रदेश की जनता की ओर से स्वागत किया। इसके साथ ही बताया कि यह निर्णय प्रदेश की जनता के लिए सुविधा, कनेक्टिविटी और बेहतर आवागमन की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

Created On :   24 Sept 2026 9:03 PM IST

Tags

Next Story