- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- संघ के फुल टाइम प्रचारक चंद्रशेखर...
MP बीजेपी में बड़ा बदलाव: संघ के फुल टाइम प्रचारक चंद्रशेखर को मिली संगठन महामंत्री की जिम्मेदारी, राजस्थान-तेलंगाना के बाद अब संभालेंगे मध्य प्रदेश संगठन

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी ने संगठन में कई बदलाव किए हैं। पार्टी ने अलग-अलग राज्यों के लिए नए संगठन पदाधिकारियों के नाम जारी किए हैं। इस लिस्ट में कई नेताओं को नई जिम्मेदारी दी गई है। कुछ नेताओं को एक से ज्यादा राज्यों का काम सौंपा गया है, जबकि कुछ को प्रदेश स्तर पर संगठन संभालने की जिम्मेदारी मिली है।
एमपी में चंद्रशेखर संभालेंगे जिम्मा
मध्य प्रदेश बीजेपी के संगठन महामंत्री की जिम्मेदारी चंद्रशेखर को दी गई है। बता दें कि, उनका केंद्र भोपाल रहेगा। चंद्रशेखर संघ के फुल टाइम प्रचारक रहे हैं। चंद्रशेखर को संगठन के काम का उन्हें लंबा अनुभव है। इससे पहले वह राजस्थान और तेलंगाना में बीजेपी के संगठन महामंत्री की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं। अब उन्हें मध्य प्रदेश भेजा गया है।
कौन हैं चंद्रशेखर?
चंद्रशेखर मूल रूप से उत्तरप्रदेश के बांदा जिले के रहने वाले हैं और संघ में विभाग प्रचारक के रूप में काम कर चुके हैं । इसके बाद वे काशी क्षेत्र के क्षेत्रीय संगठन मंत्री रहे। 2014 के लोकसभा चुनाव के दौरान काशी क्षेत्र में उनकी महत्वपूर्ण संगठनात्मक भूमिका थी। काशी के बाद उन्हें पश्चिमी उत्तर प्रदेश में भाजपा के क्षेत्रीय संगठन की जिम्मेदारी दी गई । सितंबर 2017 में राजस्थान भाजपा के संगठन महामंत्री बनाए गए, जहां उन्होंने करीब छह साल काम किया। जनवरी 2024 में राजस्थान के बाद उन्हें तेलंगाना भाजपा का संगठन महामंत्री/प्रदेश महामंत्री (संगठन) बनाया गया। आज उन्हें मध्यप्रदेश भाजपा का नया संगठन महामंत्री बनाया गया है।
कई राज्यों में नए संगठन महामंत्री
इसके अलावा बीजेपी की नई लिस्ट में कई राज्यों के लिए संगठन महामंत्री और सह संगठन महामंत्रियों के नाम शामिल हैं। शिवप्रकाश को आंध्र प्रदेश, महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और गोवा की जिम्मेदारी मिली है। सौदान सिंह बिहार, झारखंड, ओडिशा और पश्चिम बंगाल का जिम्मा संभालेंगे। वी. सतीश को एससी, एसटी मोर्चा और संसदीय कार्यालय से जुड़ी जिम्मेदारी दी गई है। वहीं, नागेंद्र को वरिष्ठ कार्यकर्ता संपर्क का काम दिया गया है।
राज्यों में भी बदली संगठन की जिम्मेदारी
वहीं, अजय जामवाल को महाराष्ट्र का प्रदेश महामंत्री संगठन बनाया गया है। सतीश धोंड को महाराष्ट्र के साथ गुजरात, मध्य प्रदेश, राजस्थान और जनजाति संपर्क की जिम्मेदारी मिली है। मधुकर आंध्र प्रदेश और तेलंगाना, जबकि दाशरथ तेलंगाना का संगठन संभालेंगे। रवींद्र राजू को असम और त्रिपुरा, भीखूभाई दलसानिया को बिहार और पवन साई को झारखंड की जिम्मेदारी दी गई है। इसके अलावा हिमाचल प्रदेश, गुजरात, उत्तराखंड, दिल्ली, छत्तीसगढ़, ओडिशा, पंजाब, उत्तर प्रदेश और पश्चिम बंगाल समेत कई राज्यों में भी नए संगठन पदाधिकारी नियुक्त किए गए हैं।
Created On :   24 Sept 2026 2:58 PM IST












