- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- यादव एजुकेशन सोसायटी भोपाल ने किया...
शिक्षा का महत्व: यादव एजुकेशन सोसायटी भोपाल ने किया नव वर्ष मिलन समारोह का आयोजन, शिक्षा ही समाज की असली प्रगति

डिजिटल डेस्क,भोपाल। शैक्षणिक संस्था यादव एजुकेशन एंड करियर प्रमोशन सोसायटी, भोपाल ने रायसेन रोड स्थित आनंद नगर में निर्माणाधीन छात्रावास भवन परिसर में नववर्ष मिलन एवं वरिष्ठ जन सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान वरिष्ठ समाजसेवी एस.एन. यादव ने उपस्थित सभी अतिथियों का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मध्यप्रदेश सरकार के पूर्व मंत्री एवं सागर के पूर्व सांसद लक्ष्मीनारायण यादव ने अपने संबोधन में संस्था द्वारा किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि छात्रावास के निर्माण से सुदूर जिलों के गरीब एवं सामान्य परिवारों के विद्यार्थियों को बड़ा लाभ मिलेगा। समाज के सहयोग से निर्मित होने जा रहा यह छात्रावास शिक्षा के क्षेत्र में एक मील का पत्थर सिद्ध होगा।
कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि एवं मध्यप्रदेश मानवाधिकार आयोग के अध्यक्ष अवधेश प्रताप सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि वर्तमान दौर में शिक्षा के माध्यम से ही वास्तविक परिवर्तन संभव है। किसी भी समाज की प्रगति इस बात पर निर्भर करती है कि वह कितना शिक्षित और प्रगतिशील है। उन्होंने यादव समाज द्वारा छात्रावास निर्माण के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना की।
इस अवसर पर क्रांतिसूर्य तात्या टोपे विश्वविद्यालय, गुना के कुलपति डॉ. किशन यादव ने भी कार्यक्रम को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि आज के युग में शिक्षा की अत्यंत आवश्यकता है। शिक्षा के माध्यम से व्यक्ति अपने जीवन के बंद दरवाजों को खोल सकता है। भगवान श्रीकृष्ण का उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि यादव समाज के आराध्य श्रीकृष्ण की पूजा इस संसार में सर्वाधिक इसलिए होती है क्योंकि वे अत्यंत ज्ञानी थे। डॉ. यादव ने समाज के लोगों से आह्वान किया कि वे इस प्रकार के शैक्षणिक एवं सेवा भावी कार्यों में बढ़-चढ़कर सहभागिता करें।
यह भी पढ़े -उच्च शिक्षा के लिए भारतीय छात्रों के पसंदीदा देश बनें कनाडा, US, UK, ऑस्ट्रेलिया और जर्मनी
कार्यक्रम के अंत में संस्था के अध्यक्ष श्री गणपति यादव ने समारोह में पधारे समस्त अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर डिप्टी सॉलिसिटर जनरल, जबलपुर हाईकोर्ट सुश्री श्वेता यादव, पिछड़ा वर्ग आयोग के पूर्व अध्यक्ष आसाराम यादव, डिप्टी कमिश्नर श्री विनोद यादव, भोपाल एम्स के चिकित्सक डॉ. मूरत यादव, शेर सिंह यादव, पूर्व पार्षद श्री मनीष यादव सहित समाज के अनेक प्रबुद्धजन, महिलाएं एवं बड़ी संख्या में यादव समाज के लोग उपस्थित रहे।
Created On :   6 Jan 2026 5:31 PM IST













