Maharashtra Politics: महाराष्ट्र कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी डॉ. सिरीवेल्ला प्रसाद और प्रदेशाध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल ने कहा - राज्य के हर बड़े प्रोजेक्ट में 50% कमीशन फिक्स है

नाशिक सिंहस्थ के ₹36 हजार करोड़ के कामों में भ्रष्टाचार, फर्जी वर्कऑर्डर से हो रहे भुगतान

डिजिटल डेस्क, छत्रपति संभाजीनगर। महाराष्ट्र के हर बड़े प्रोजेक्ट में 50% कमीशन के बिना काम नहीं हो रहा है। इसके पुख्ता सबूत हमारे पास हैं। नाशिक सिंहस्थ में भी 36 हजार करोड़ रुपए के प्रोजेक्ट में खुलेआम भ्रष्टाचार हो रहा है। फर्जी वर्कऑर्डर के आधार पर सरकारी खजाने से वास्तविक भुगतान किए जा रहे हैं। इन घोटालों पर कांग्रेस पूरी नजर रख रही है और लगातार आवाज उठा रही है। सरकार भ्रष्टाचार से घिरी हुई है और किसानों को कहीं से राहत नहीं मिल रही है। किसान आत्महत्या करने को मजबूर हैं, जबकि मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस साहूकारों के साथ खड़े दिखाई देते हैं। यह कहना है महाराष्ट्र कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल और प्रदेश प्रभारी डॉ. सिरीवेल्ला प्रसाद का। दोनों नेता बुधवार को दैनिक भास्कर, छत्रपति संभाजीनगर कार्यालय पहुंचे थे। यहां उन्होंने संपादकीय सहयोगियों के साथ विभिन्न मुद्दों पर खुलकर चर्चा की।

भ्रष्टाचार का कुंभ

डॉ. प्रसाद और सपकाल का आरोप है कि महाराष्ट्र सरकार ने भ्रष्टाचार के अपने तरीके सिंहस्थ के कामों में भी जारी रखे हैं। उनका दावा है कि इसके कई सबूत उनके पास हैं। टेंडर देने से लेकर भुगतान करने तक, हर स्तर पर भ्रष्टाचार हो रहा है। उनका कहना है कि अब यह कोई छिपी हुई बात नहीं रह गई है। फर्जी वर्कऑर्डर जारी कर करोड़ों रुपए का भ्रष्टाचार किया गया है। सड़क निर्माण से लेकर अन्य कार्यों तक में कमीशन तय किए जाने का आरोप भी उन्होंने लगाया। कांग्रेस इन मामलों की लगातार निगरानी कर रही है।

कांग्रेस में गुटबाजी नहीं, मतभिन्नता है

प्रदेश कांग्रेस में गुटबाजी के सवाल पर दोनों नेताओं ने कहा कि पार्टी में गुटबाजी नहीं, बल्कि कुछ मुद्दों पर मतभिन्नता है। उन्होंने इसे अनेकता में एकता की स्थिति बताया। पार्टी के कुछ नेताओं द्वारा आलाकमान से शिकायत किए जाने की बात पर सपकाल ने कहा कि उनसे भी कुछ लोग असंतुष्ट थे और उन्होंने इसकी शिकायत की थी। उनका कहना था कि शिकायतों की जांच होनी चाहिए और उन्हें इससे कोई आपत्ति नहीं है।

आखिर प्रदेश में कांग्रेस की स्थिति कमजोर क्यों?

महाराष्ट्र में कांग्रेस की स्थिति और विधानसभा चुनाव में पार्टी को मिली कम सीटों के सवाल पर दोनों नेताओं ने वोट चोरी को इसकी वजह बताया। उनका कहना था कि कांग्रेस यह मुद्दा काफी समय से उठाती आ रही है। उन्होंने कहा कि पार्टी अपनी स्थिति मजबूत करने के लिए वरिष्ठ नेताओं की एक समिति बना रही है। यह समिति विचार करेगी कि कांग्रेस को आगे किस दिशा में बढ़ना चाहिए और जमीनी स्तर से लेकर प्रदेश स्तर तक संगठन की रणनीति क्या होनी चाहिए।

भाजपा के नेता 2029 में भी जीत के दावे अभी से कर रहे हैं

हमारा आरोप है कि एसआईआर के माध्यम से मतदाता सूची में हेराफेरी कर वोट चोरी की जा रही है और भाजपा चुनावी लाभ ले रही है। भाजपा के नेता 2029 में भी जीत के दावे अभी से कर रहे हैं, लेकिन चुनाव का फैसला जनता करती है। कई बड़े नेता आंदोलनों के समय सामने आने के बजाय अपने बिलों में छिपे रहे। भाजपा का अहंकार उसके राजनीतिक व्यवहार में ही दिखाई देता है।

मराठा और ओबीसी आरक्षण पर कहा, हम किसी के खिलाफ नहीं

मराठा और ओबीसी आरक्षण पर उन्होंने कहा कि जाति जनगणना कराई जानी चाहिए और उसके आंकड़ों के आधार पर आगे की नीति तय होनी चाहिए। कांग्रेस किसी भी समुदाय के आरक्षण के खिलाफ नहीं है, लेकिन भाजपा आरक्षण के मुद्दे का राजनीतिक लाभ उठाने का प्रयास कर रही है। समाज के विभिन्न वर्गों के बीच टकराव पैदा करने के बजाय सरकार को न्यायपूर्ण समाधान निकालना चाहिए।

Created On :   16 Oct 2026 7:23 PM IST

Tags

Next Story