Nagpur News: फर्जी हस्ताक्षर कर जमीन हथियाई, प्रॉपर्टी डीलर ने बना डाला ले-आउट

Nagpur News जमीन मालिकों के वारिसों के फर्जी हस्ताक्षर कर जमीन हथियाने के बाद एक प्रॉपर्टी डीलर ने उस पर ले-आउट तैयार कर दिया। इतना ही नहीं, ले-आउट के 87 प्लॉट में से 58 प्लॉट 32 लोगों को बेचकर उनकी रजिस्ट्री भी करवा दी। इस फर्जीवाड़े का खुलासा होने के बाद यशोधरा नगर पुलिस ने आरोपी प्रॉपर्टी डीलर के खिलाफ मामला दर्ज किया है। शिकायतकर्ता प्रॉपर्टी डीलर विशाल ओमप्रकाश भैसारे (44), बेझनबाग निवासी हैं, जबकि आरोपी शोएब असद शकील अहमद (40), कामठी निवासी है। यह घटना 11 मार्च से 7 नवंबर 2026 के बीच की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मौजा भिलगांव में 8.47 एकड़ जमीन में से 0.211 एकड़ जमीन विवादित है। इसके ठीक बगल में शिकायतकर्ता और अन्य लोगों की जमीनें हैं। आरोप है कि शोएब ने जमीन मालिकों के वारिसों के फर्जी हस्ताक्षर कर संबंधित जमीन पर अपना अधिकार जता दिया। इसके बाद उसने 'रॉयल होम्स एसोसिएट्स' नामक फर्म के नाम से वहां ले-आउट तैयार किया। इसमें कुल 87 प्लॉट बनाए गए।
यह भी पढ़े -डागा अस्पताल में मां की देखभाल करने आई किशोरी से रेप, रेलवे स्टेशन पर अकेली दिखी तो पूछताछ में हुआ खुलासा
आरोपी ने इनमें से 32 खरीदारों को 58 प्लॉट बेच दिए और उनकी रजिस्ट्री भी करवा दी। शिकायतकर्ता के अनुसार, बेचे गए प्लॉट की कुल कीमत 3 करोड़ रुपये से अधिक होने का अनुमान है। इस पूरे फर्जीवाड़े में संबंधित विभाग के कुछ कर्मचारियों की मिलीभगत होने का आरोप भी लगाया गया है।
मामले की जानकारी सामने आने के बाद शिकायत पुलिस तक पहुंची। जांच में घटना की पुष्टि होने पर शुक्रवार को यशोधरा नगर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी सहित संबंधित धाराओं में प्रकरण दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी।
यह भी पढ़े -सरसंघचालक भागवत ने कहा - मानवीयता का स्वाभाविक रूप है सेवा, डॉ. पैठणकर को मिला स्व. माणिकलाल गांधी विदर्भ गौरव पुरस्कार
Created On :  

