अमेरिकी प्रतिबंधों का नया असर: CEO की कुर्सी पर वापसी के बाद जेनसन हुआंग का बड़ा फैसला, सिंगापुर समेत 4 देशों में Nvidia के चिप वाले सर्वर की सप्लाई रोकी

CEO की कुर्सी पर वापसी के बाद जेनसन हुआंग का बड़ा फैसला, सिंगापुर समेत 4 देशों में Nvidia के चिप वाले सर्वर की सप्लाई रोकी
अमेरिका की ओर से AI चिप के निर्यात को लेकर नए कड़े नियम लागू किए जाने के बाद यह कदम उठाया गया है।

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। दुनिया की दिग्गज चिप निर्माता कंपनी Nvidia ने दक्षिण-पूर्व एशिया के चार देशों में अपने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) चिप वाले सर्वरों की सप्लाई रोकने का फैसला किया है। यह घटनाक्रम ऐसे समय में सामने आया है, जब कंपनी के फाउंडर और CEO जेनसन हुआंग ने एक बार फिर कंपनी की कमान संभाली है। अमेरिका की ओर से AI चिप के निर्यात को लेकर नए कड़े नियम लागू किए जाने के बाद यह कदम उठाया गया है। वहीं इस खबर ने टेक्नोलॉजी जगत में हलचल पैदा कर दी है।

किन चार देशों में रोकी गई सप्लाई?

फाइनेंशियल टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक, Nvidia ने अपने मैन्युफैक्चरिंग पार्टनर्स को निर्देश दिया है कि वे मलेशिया, सिंगापुर, थाईलैंड और इंडोनेशिया में Nvidia के चिप लगे सर्वरों की सप्लाई फिलहाल रोक दें।

इन सर्वरों को तैयार करने और ग्राहकों तक पहुंचाने में Dell और Supermicro जैसी बड़ी कंपनियां शामिल हैं। रिपोर्ट के अनुसार, इन कंपनियों ने भी चारों देशों के ग्राहकों को बताया है कि Nvidia की अनुमति के बिना उनके ऑर्डर की डिलीवरी नहीं की जा सकेगी।

हालांकि, अभी यह साफ नहीं है कि सप्लाई पर लगी यह रोक कितने समय तक जारी रहेगी। Nvidia और उसके सहयोगी कंपनियां अमेरिका के नए निर्यात नियमों को समझने और उनका पालन करने की प्रक्रिया में जुटी हैं। इसलिए यह भी संभव है कि नियमों के अनुपालन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद सप्लाई दोबारा शुरू हो जाए।

आखिर Nvidia ने अचानक ऐसा कदम क्यों उठाया?

इस पूरे मामले की सबसे बड़ी वजह अमेरिका और चीन के बीच टेक्निकल कॉम्पिटिशन है। अमेरिका नहीं चाहता कि उसकी अत्याधुनिक AI तकनीक चीन की कंपनियों तक किसी दूसरे रास्ते से पहुंचे। अमेरिका पहले ही चीन को Nvidia के कुछ एडवांस AI चिप बेचने पर प्रतिबंध लगा चुका है। लेकिन अमेरिकी अधिकारियों को आशंका है कि चीन की कंपनियां दक्षिण-पूर्व एशिया के देशों में बने डेटा सेंटर और क्लाउड कंप्यूटिंग सेवाओं का इस्तेमाल करके इन प्रतिबंधों से बच रही हैं। यानि कि, यदि चीन की किसी कंपनी को सीधे Nvidia के एडवांस चिप खरीदने की अनुमति नहीं है, तो वह मलेशिया या सिंगापुर में मौजूद किसी डेटा सेंटर से कंप्यूटिंग पावर किराये पर ले सकती है। उस डेटा सेंटर में Nvidia के शक्तिशाली चिप लगे सर्वर मौजूद हो सकते हैं। इस तरह चीन की कंपनी को सीधे चिप खरीदे बिना भी AI मॉडल तैयार करने और उन्हें ट्रेनिंग देने के लिए जरूरी कंप्यूटिंग क्षमता मिल जाती है। अमेरिका इसी रास्ते को बंद करना चाहता है।

चीन की कंपनियों पर क्यों पड़ सकता है सबसे ज्यादा असर?

चीन की कई बड़ी टेक्नोलॉजी कंपनियां आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के क्षेत्र में तेजी से काम कर रही हैं। इसके लिए उन्हें पावरफुल कंप्यूटर और हजारों AI चिप की जरूरत होती है। अमेरिका की ओर से सीधे Nvidia चिप खरीदने पर पाबंदियां लगाए जाने के बाद कुछ चीनी कंपनियों ने दूसरे देशों में मौजूद डेटा सेंटर का सहारा लिया। दक्षिण-पूर्व एशिया के देश इस कारोबार के महत्वपूर्ण केंद्र बन गए।

मलेशिया और इंडोनेशिया में पिछले कुछ समय से बड़े पैमाने पर डेटा सेंटर बनाए जा रहे हैं। इन केंद्रों में अमेरिकी तकनीक से तैयार सर्वर लगाए जाते हैं और फिर उनकी कंप्यूटिंग क्षमता दूसरी कंपनियों को किराये पर दी जाती है।

अब अमेरिका के नए नियमों और Nvidia की ओर से सर्वर सप्लाई रोके जाने के बाद इस व्यवस्था पर असर पड़ सकता है। इससे चीन की उन कंपनियों को परेशानी हो सकती है, जो दक्षिण-पूर्व एशिया के डेटा सेंटर के जरिए AI कंप्यूटिंग सेवाओं का इस्तेमाल कर रही थीं।

Created On :  

Tags

Next Story