Breaking News: आज की बड़ी खबरें 02 अगस्त 2025 हिंदी न्यूज लाइव

आज की बड़ी खबरें 02 अगस्त 2025 हिंदी न्यूज लाइव
02 अगस्त 2025 दैनिक भास्कर में आज की ताजा बड़ी खबरें, दुनिया, देश, राजनीति, खेल, मनोरंजन, व्यापार, टेक्नोलॉजी, शिक्षा, जुर्म, जीवन शैली एवं राशिफल की हिंदी न्यूज़ पढ़ें

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। देश दुनिया में आज क्या घटा खास। जानिए दिनभर की तमाम बड़ी खबरें।

Live Updates

  • 3 Aug 2025 1:09 AM IST

    दिल्ली पुलिस के आसमान पर बढ़ाई सख्ती, 16 अगस्त तक रहेगी खास पाबंदी

    दिल्ली पुलिस ने सुरक्षा कारणों से 16 अगस्त तक राष्ट्रीय राजधानी में पैराग्लाइडर, हैंग-ग्लाइडर और हॉट एयर बैलून जैसे उप-पारंपरिक हवाई प्लेटफार्मों की उड़ान पर प्रतिबंध लगा दिया है। 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस समारोह से पहले दिल्ली पुलिस आयुक्त एसबीके सिंह ने इस आशय का आदेश जारी किया।

  • 3 Aug 2025 12:48 AM IST

    मुंबई हिट एंड रन केस तेज रफ्तार टैंकर से बुजुर्ग महिला की मौत, ड्राइवर की तलाश में जुटी पुलिस

    मुंबई के अंधेरी इलाके में हिट एंड रन का मामला सामने आया है, जहां एक तेज रफ्तार टैंकर ने एक्टिवा (स्कूटर) को टक्कर मार दी, जिससे एक्टिवा पर सवार बुजुर्ग महिला की मौत हो गई। मुंबई की एमआईडीसी पुलिस ने अज्ञात शख्स के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया। पुलिस सीसीटीवी के माध्यम से ड्राइवर की तलाश में जुट गई है।

  • 3 Aug 2025 12:33 AM IST

    मुंबई में पहली बार कबूतरों को दाना डालने पर मामला दर्ज

    मुंबई में पहली बार कबूतरों को दाना डालने पर अज्ञात शख्स के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। मुंबई में कबूतरों की बढ़ती संख्या और इससे जुड़ी स्वास्थ्य समस्याओं को देखते हुए पुलिस ने पहली बार कबूतरों को दाना डालने वाले एक अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज किया। यह घटना मुंबई के माहिम इलाके की है, जहां एक शख्स को एलजी रोड पर अपनी कार से कबूतरों को दाना डालते हुए देखा गया।

  • 3 Aug 2025 12:08 AM IST

    मुंबई में नाबालिग के साथ दुष्कर्म, एक आरोपी गिरफ्तार

    मुंबई के घाटकोपर इलाके से एक नाबालिग लड़की के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया है। इस मामले में मुंबई के तिलक नगर पुलिस स्टेशन ने एक युवक को गिरफ्तार किया है, नाबालिग मानसिक रूप से अस्थिर है। पुलिस अधिकारी ने बताया कि घटना तब सामने आई, जब घाटकोपर की रहने वाली लड़की को तबीयत बिगड़ने पर राजावाड़ी अस्पताल ले जाया गया। वहां जांच के दौरान पता चला कि लड़की आठ महीने की गर्भवती है।

  • 2 Aug 2025 11:45 PM IST

    पीएम किसान योजना से खरीफ सीजन में अन्नदाताओं को मिलेगा लाभ मोहन चरण माझी

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को पीएम-किसान सम्मान निधि योजना की 20वीं किस्त जारी की, जिससे देश भर के 9.7 करोड़ किसानों को 20,500 करोड़ का प्रत्यक्ष लाभ मिला है। ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इससे किसानों को, खासकर खरीफ सीजन के दौरान काफी लाभ होगा।

  • 2 Aug 2025 11:30 PM IST

    पुरी बलंगा पीड़िता की मौत पर बीजेडी ने ओडिशा सरकार को घेरा, प्रदेश की कानून व्यवस्था पर उठाए सवाल

    पुरी बलंगा पीड़िता की दिल्ली एम्स में इलाज के दौरान मौत हो गई। ओडिशा की मुख्य विपक्षी पार्टी बीजू जनता दल (बीजेडी) इस मुद्दे पर सरकार पर हमलावर है। बीजेडी सांसद निरंजन बिशी ने आईएएनएस से कहा, "उसे एयरलिफ्ट किया गया था और उसका इलाज चल रहा था, लेकिन उसका 75 प्रतिशत से अधिक शरीर जल चुका था, इसलिए बचने की संभावना कम थी। अपराधियों ने जानबूझकर लड़की के साथ ऐसा किया, फिर भी ओडिशा पुलिस और प्रशासन उन्हें गिरफ्तार नहीं कर पाई है। दिल्ली एम्स में उसकी मौत हो गई, जो बेहद दुखद है।"

  • 2 Aug 2025 11:18 PM IST

    फेक बैंक गारंटी मामले में ईडी की बड़ी कार्रवाई, बिस्वाल ट्रेडलिंक प्राइवेट लिमिटेड के एमडी गिरफ्तार

    फेक बैंक गारंटी मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने बड़ी कार्रवाई की। इस मामले में केंद्रीय जांच एजेंसी ने बिस्वाल ट्रेडलिंक प्राइवेट लिमिटेड के एमडी को गिरफ्तार किया। धन शोधन निवारण अधिनियम 2002 (पीएमएलए) के प्रावधानों के तहत ईडी ने भुवनेश्वर में स्थित बिस्वाल ट्रेडलिंक प्राइवेट लिमिटेड (बीटीपीएल) के मैनेजिंग डायरेक्टर पार्थ सारथी बिस्वाल को अरेस्ट किया।

  • 2 Aug 2025 10:43 PM IST

    उत्तराखंड नैनीताल के रामनगर में अवैध मजारों पर प्रशासन का बुलडोजर, तीन ढांचे ध्वस्त

    उत्तराखंड के नैनीताल जिले के रामनगर क्षेत्र में शनिवार को प्रशासन ने अवैध मजारों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की। ढेला और ढिकुली इलाकों में बनी तीन अवैध मजारों को बुलडोजर से ध्वस्त कर दिया गया। यह कार्रवाई कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच संपन्न हुई, जिससे क्षेत्र में हड़कंप मच गया। कुछ लोग इसे प्रशासन की सख्ती मान रहे हैं तो कुछ ने इसे कानून-व्यवस्था की दिशा में अहम कदम बताया।

  • 2 Aug 2025 10:10 PM IST

    महाराष्ट्र में कोल्ड चेन योजना के तहत 49 परियोजनाएं स्वीकृत, 31 का काम पूरा केंद्र

    केंद्र सरकार ने कहा है कि एकीकृत शीत श्रृंखला (कोल्ड चेन) एवं मूल्य संवर्धन अवसंरचना (शीत श्रृंखला योजना ) के अंतर्गत महाराष्ट्र में 49 सहित देशभर में 269 परियोजनाओं को मंजूरी दी है। इसमें से महाराष्ट्र में 31 परियोजना पूरी होकर चालू हो गई है। खाद्य प्रसंस्करण उद्योग राज्य मंत्री रवनीत सिंह ने राज्यसभा में एनसीपी (अजित) सांसद सुनेत्रा पवार के पूछे गए सवाल के लिखित जवाब में यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि महाराष्ट्र समेत देशभर में 169 परियोजनाएं पूरी होने के साथ ही चालू हो गई हैं। उन्होंने कहा कि शीत श्रृंखला योजना के अंतर्गत देश भर में स्वीकृत परियोजनाओं के कार्यान्वयन के लिए 2066.33करोड़ रुपए की स्वीकृत अनुदान सहायता/सब्सिडी के विरुद्ध 1535.63 करोड़ रुपए की राशि जारी की गई है। इसके अलावा, 2016-17 से 2025-26 में 30 जून 2025 तक महाराष्ट्र में 49 अनुमोदित परियोजना के कार्यान्वयन के लिए 342.73 करोड़ रुपए की स्वीकृत अनुदान सहायता अनुदान सहायता के विरूद्ध 250.63 करोड़ रुपए जारी किए गए हैं।

  • 2 Aug 2025 9:42 PM IST

    सपा छात्र नेता को 'अ' से अखिलेश और आजम पढ़ाना पड़ा भारी, पुलिस अभिरक्षा में रहना पड़ा 16 घंटे

    उत्तर प्रदेश के सीतापुर में समाजवादी पार्टी (सपा) छात्र सभा के जिलाध्यक्ष शिवम सिंह को पीडीए पाठशाला में बच्चों को 'अ' से 'अखिलेश' और 'आजम' पढ़ाना भारी पड़ गया। इस कृत्य के बाद उन्हें 16 घंटे तक पुलिस अभिरक्षा में रहना पड़ा और उसके बाद जमानत मिली।

Created On :   2 Aug 2025 8:00 AM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story