Breaking News: आज की बड़ी खबरें 14 जून 2025 हिंदी न्यूज लाइव

आज की बड़ी खबरें 14 जून 2025 हिंदी न्यूज लाइव
14 जून 2025 दैनिक भास्कर में आज की ताजा बड़ी खबरें, दुनिया, देश, राजनीति, खेल, मनोरंजन, व्यापार, टेक्नोलॉजी, शिक्षा, जुर्म, जीवन शैली एवं राशिफल की हिंदी न्यूज़ पढ़ें

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। देश दुनिया में आज क्या घटा खास। जानिए दिनभर की तमाम बड़ी खबरें।

Live Updates

  • 15 Jun 2025 1:00 AM IST

    टीएमसी के शहीद दिवस कार्यक्रम में केवल ममता बनर्जी की तस्वीरों का उपयोग करने का निर्देश

    तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) नेतृत्व ने शनिवार को सभी नेताओं को स्पष्ट निर्देश दिया कि वे इस साल 21 जुलाई को पार्टी के वार्षिक शहीद दिवस पर होने वाले कार्यक्रम में पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के अलावा किसी अन्य पार्टी नेता की तस्वीर का इस्तेमाल करने से बचें। इस साल वार्षिक कार्यक्रम में पार्टी के महासचिव और लोकसभा सदस्य अभिषेक बनर्जी की तस्वीर भी इस्तेमाल नहीं की जाएगी, जो अगले साल होने वाले महत्वपूर्ण पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनावों से पहले आखिरी कार्यक्रम है।

  • 15 Jun 2025 12:56 AM IST

    भारतीय जूनियर महिला हॉकी टीम ने ऑस्ट्रेलिया को 2-1 से हराकर यूरोप में अपना अपराजेय अभियान जारी रखा

    भारतीय जूनियर महिला हॉकी टीम ने यूरोप दौरे में अपना अपराजेय अभियान जारी रखते हुए चौथे मैच में ऑस्ट्रेलिया को 2-1 से हरा दिया। मेजबान बेल्जियम को लगातार तीन मैच हराने के बाद ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ भारतीय टीम का मैच मुश्किल माना जा रहा था।

  • 15 Jun 2025 12:40 AM IST

    मल्लिकार्जुन खड़गे ने पूर्व सीएम विजय रूपाणी के परिवार से फोन पर की बात

    कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने शनिवार को गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी के परिवार वालों से फोन कॉल पर बात की। रूपाणी का गुरुवार को गुजरात के अहमदाबाद में प्लेन क्रैश में निधन हो गया था। दरअसल, गुरुवार दोपहर अहमदाबाद से लंदन जाने वाली एयर इंडिया की फ्लाइट एआई 171 उड़ान भरने के तुरंत बाद क्रैश हो गई। इस विमान में 242 लोग (169 भारतीय, 53 ब्रिटिश, सात पुर्तगाली और एक कनाडाई यात्री और 12 क्रू मेंबर्स) सवार थे। हादसे में विमान में मौजूद 241 लोगों की मौत हो गई, जबकि एक ब्रिटिश नागरिक घायल हो गए। हादसे में विजय रूपाणी का भी निधन हो गया।

  • 15 Jun 2025 12:32 AM IST

    राजा रघुवंशी हत्याकांड इंदौर में परिजनों और शहरवासियों ने निकाला कैंडल मार्च

    राजा रघुवंशी हत्याकांड को लेकर देश भर में आक्रोश देखने को मिल रहा है। इसी कड़ी में शनिवार को इंदौर में रीगल चौराहे स्थित महात्मा गांधी प्रतिमा के समक्ष राजा रघुवंशी के परिजनों और शहरवासियों ने एकजुट होकर कैंडल मार्च निकाला और हत्यारों को फांसी देने की मांग की।

  • 15 Jun 2025 12:14 AM IST

    दिल्ली कभी आम आदमी पार्टी की प्राथमिकता में नहीं थी

    दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा, "हमारा शुरू से प्रयास रहा है कि दिल्ली में सभी विभागों में प्रशासनिक सुधार हो, तकनीकी सहायता मिले और सभी व्यवस्थाओं का आधुनिकीकरण और अद्यतनीकरण हो। और आज हमने विधानसभा को ई-विधान से जोड़ा है ताकि पेपरलेस विधानसभा हो सके... इसमें हमें केंद्र का भी सहयोग मिला... दिल्ली उनकी (आम आदमी पार्टी) सरकार की प्राथमिकताओं में बिल्कुल भी नहीं थी, उनकी प्राथमिकता शायद पंजाब या अन्य राज्य थे, उन्होंने कभी दिल्ली की चिंता नहीं की।"

  • 15 Jun 2025 12:13 AM IST

    पेरिस में रणनीतिक समुदाय से मिले विदेश मंत्री एस. जय़शंकर

    विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर ने ट्वीट किया, "आज पेरिस में रणनीतिक समुदाय के साथ बातचीत करके खुशी हुई। चल रहे वैश्विक पुनर्संतुलन, डेटा, प्रौद्योगिकी और ऊर्जा के बढ़ते महत्व और एक मजबूत भारत-यूरोप साझेदारी के वादे पर चर्चा हुई।"

  • 14 Jun 2025 11:09 PM IST

    खरगे ने गुजरात के पूर्व सीएम विजय रूपाणी के बेटे और पत्नी से वीडियो कॉल पर बात की

    कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा नेता विजय रूपाणी के बेटे और पत्नी से वीडियो कॉल के जरिए बात की और परिवार का दुख साझा किया। 12 जून को अहमदाबाद में एयर इंडिया की फ्लाइट AI 171 दुर्घटना में रूपाणी की मृत्यु हो गई थी।

  • 14 Jun 2025 11:00 PM IST

    विकास से जुड़ी परियोजनाओं में जानबूझकर देरी कर रही सरकार - आदित्य ठाकरे

    शिवसेना (यूबीटी) के नेता और महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे के बड़े बेटे आदित्य ठाकरे ने शनिवार को पुणे में एक कार्यक्रम के दौरान प्रदेश की भाजपा नेतृत्व वाली महायुति सरकार पर विकास से जुड़ी परियोजनाओं में देरी का आरोप लगाया। पुणे में शनिवार को एक कबड्डी टूर्नामेंट के उद्घाटन समारोह में शामिल होने पहुंचे आदित्य ठाकरे ने देवेंद्र फडणवीस की सरकार पर पुणे के विकास से संबंधित कार्यों में जानबूझकर देरी करने और चुनाव के दौरान जनता से किए गए वादे को तोड़ने का आरोप लगाया।

  • 14 Jun 2025 10:22 PM IST

    तेज प्रताप यादव अराजनीतिक और अराजक प्रवृत्ति के नेता - जेडीयू नेता केसी त्यागी

    बिहार के पूर्व मंत्री तेज प्रताप यादव के नए वीडियो पर JDU नेता केसी त्यागी ने कहा, "तेज प्रताप यादव अराजनीतिक और अराजक प्रवृत्ति के नेता हैं। उन्हें कानून तोड़ने में स्वाद आता है। ऐसे धार्मिक स्थान पर जाकर जहां रील बनाना मना है वहां आप करोड़ों लोगों का अपमान कर रहे हैं।"

  • 14 Jun 2025 10:09 PM IST

    अहमदाबाद प्लेन हादसे में घायल हुए लोगों से मिले मल्लिकार्जुन खरगे और डीके शिवकुमार

    कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार और अन्य कांग्रेस नेताओं ने अहमदाबाद में लंदन जाने वाली एयर इंडिया की फ्लाइट के दुर्घटनास्थल का दौरा किया। उन्होंने सिविल अस्पताल का भी दौरा किया और घायलों से मुलाकात की।

Created On :   14 Jun 2025 8:00 AM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story