Breaking News: आज की बड़ी खबरें 19 अप्रैल 2025 हिंदी न्यूज लाइव

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। देश दुनिया में आज क्या घटा खास। जानिए दिनभर की तमाम बड़ी खबरें.
Live Updates
- 20 April 2025 12:28 AM IST
निशिकांत दुबे और दिनेश शर्मा के बयान से बीजेपी का कोई लेना-देना नहीं
केंद्रीय मंत्री और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने ट्वीट किया, "भाजपा सांसद निशिकांत दुबे और दिनेश शर्मा द्वारा न्यायपालिका और देश के मुख्य न्यायाधीश पर दिए गए बयानों से भाजपा का कोई लेना-देना नहीं है। ये उनके निजी बयान हैं लेकिन भाजपा न तो ऐसे बयानों से सहमत है और न ही ऐसे बयानों का कभी समर्थन करती है। भाजपा इन बयानों को पूरी तरह से खारिज करती है। भाजपा ने हमेशा न्यायपालिका का सम्मान किया है और उसके आदेशों और सुझावों को सहर्ष स्वीकार किया है, क्योंकि एक पार्टी के तौर पर हमारा मानना है कि सुप्रीम कोर्ट समेत देश की सभी अदालतें हमारे लोकतंत्र का अभिन्न अंग हैं और संविधान की सुरक्षा के मजबूत स्तंभ हैं। मैंने उन दोनों और बाकी सभी को इस तरह के बयान न देने की हिदायत दी है।"
- 19 April 2025 11:42 PM IST
कई लोगों की मृत्यु का समाचार अत्यंत दुखद है- मुस्तफाबाद में एक इमारत गिरने पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का बयान
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने ट्वीट किया, "दिल्ली के मुस्तफाबाद में एक इमारत गिरने की दुर्भाग्यपूर्ण घटना में बच्चों और महिलाओं समेत कई लोगों की मृत्यु का समाचार अत्यंत दुखद है। सभी शोक संतप्त परिवारों के प्रति मैं गहन संवेदना व्यक्त करती हूं। मैं घायल हुए लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करती हूं।"
- 19 April 2025 11:18 PM IST
36वें मुकाबले में LSG ने 2 रनों से हासिल की जीत
आईपीएल 2025 में आज यानी शनिवार को डबल हेडर मुकाबलों का आयोजन किया गया। दिन के दूसरे और टूर्नामेंट के 36वें मुकाबले में राजस्थान रॉयल्स ने 6 विकेटों से जीत हासिल की। जयपुर के सवाई मानसिंह क्रिकेट स्टेडियम पर खेले गए मुकाबले में लखनऊ सुपर जायंट्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 181 रनों का बड़ा टारगेट खड़ा किया। इसके जवाब में आखिरी गेंद तक चले मैच में राजस्थान रॉयल्स 5 विकेटों के नुकसान पर केवल 178 रन ही जोड़ सकी।
- 19 April 2025 10:45 PM IST
खत्म हुआ 15 ओवरों का खेल, RR को जीत के लिए चाहिए 46 रन
जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम पर खेले जा रहे मुकाबले की दूसरी पारी में 15 ओवरों का खेल समाप्त हो चुका है। इस वक्त तक लखनऊ सुपर जायंट्स के दिए 181 रनों के टारगेट का पीछा करते हुए राजस्थान रॉयल्स ने 2 विकेटों के नुकसान पर 135 रन जोड़ लिए हैं। अब उन्हें जीत के लिए अगले 30 गेंदों में 46 रनों की जरूरत है। राजस्थान की ओर से स्ट्राइक पर फिलहाल सलामी बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल और रियान पराग खड़े हैं।
- 19 April 2025 10:28 PM IST
NDRF की मुस्तफाबाद इलाके में खोज जारी
NDRF ने मुस्तफाबाद इलाके में खोज और बचाव अभियान में मदद के लिए डॉग स्क्वायड को बुलाया है। यहां एक इमारत ढह गई थी। दिल्ली पुलिस ने कहा कि अब तक 11 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है और 5 का इलाज चल रहा है।
- 19 April 2025 10:23 PM IST
10 ओवरों के बाद RR का स्कोर
आईपीएल 2025 के 36वें मुकाबले में लखनऊ सुपर जायंट्स के दिए 181 रनो के टारगेट का पीछा करते हुए राजस्थान रॉयल्स की पारी में 10 ओवरों का खेल समाप्त हो चुका है। इन 10 ओवरों में राजस्थान रॉयल्स की टीम ने 2 विकेटों के नुकसान पर 94 रन जोड़ लिए हैं। पहला विकेट युवा डेब्यूटेंट वैभव सूर्यवंशी का गिरा था। वहीं, राजस्थान को दूसरा झटका 10वें ओवर में बल्लेबाज रियान पराग के विकेट के तौर पर लगा। इस दौरान रियान केवल 8 रन बनाकर आउट हुए।
- 19 April 2025 10:01 PM IST
खत्म हुआ राजस्थान रॉयल्स की पारी का पॉवर प्ले
आईपीएल 2025 के 36वें मुकाबले में लखनऊ सुपर जायंट्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए राजस्थान रॉयल्स के सामने 181 रनों का टारगेट खड़ा किया। अब इस लक्ष्य का पीछा करते हुए राजस्थान रॉयल्स की पारी का पॉवर प्ले समाप्त हो चुका है। इस वक्त तक राजस्थान की टीम ने बिना किसी नुकसान के 61 रन बना लिए हैं।
- 19 April 2025 9:34 PM IST
राजस्थान को मिला 181 रन का टारगेट
IPL में शनिवार का दूसरा मैच लखनऊ सुपरजायंट्स और राजस्थान रॉयल्स के बीच खेला जा रहा है। जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम में लखनऊ ने टॉस जीतकर बैटिंग चुनी। पहले बैटिंग करते हुए लखनऊ ने 20 ओवर में 5 विकेट के नुकसान पर 180 रन बनाए।
- 19 April 2025 9:11 PM IST
150 रन के पार हुई लखनऊ, बडोनी और मार्करम ने लगाई फिफ्टी, LSG - 153/5 (19)
IPL में शनिवार का दूसरा मैच लखनऊ सुपरजायंट्स और राजस्थान रॉयल्स के बीच खेला जा रहा है। जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम में लखनऊ ने टॉस जीतकर बैटिंग चुनी। लखनऊ ने 19 ओवर के बाद 5 विकेट खोकर 153 रन बना लिए हैं। डेविड मिलर और अब्दुल समद पिच पर मौजूद हैं। टीम के लिए ऐडन मार्करम और आयुष बडोनी ने फिफ्टी लगाई।
- 19 April 2025 8:52 PM IST
निशिकांत दुबे के सुप्रीम कोर्ट पर दिए बयान पर कांग्रेस सांसद जयराम रमेश का तंज
भाजपा सांसद निशिकांत दुबे के सुप्रीम कोर्ट पर दिए बयान पर कांग्रेस सांसद जयराम रमेश ने कहा, "वे सुप्रीम कोर्ट को कमजोर करने की कोशिश कर रहे हैं। संवैधानिक पदाधिकारी, मंत्री, भाजपा सांसद सुप्रीम कोर्ट के खिलाफ बोल रहे हैं क्योंकि सुप्रीम कोर्ट एक ही बात कह रहा है कि जब कोई कानून बनता है तो आपको संविधान के मूल ढांचे के खिलाफ नहीं जाना चाहिए और अगर कानून संविधान के खिलाफ है तो हम उसे स्वीकार नहीं करेंगे। जानबूझकर सुप्रीम कोर्ट को निशाना बनाया जा रहा है क्योंकि इलेक्टोरल बॉन्ड जैसे कई मुद्दों पर सुप्रीम कोर्ट ने कहा है कि सरकार ने जो किया है वो असंवैधानिक है।"
Created On :   19 April 2025 8:00 AM IST