Breaking News: आज की बड़ी खबरें 24 मई 2025 हिंदी न्यूज लाइव

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। देश दुनिया में आज क्या घटा खास। जानिए दिनभर की तमाम बड़ी खबरें।
Live Updates
- 24 May 2025 10:15 AM IST
कोरोना ने फिर डराया
कोरोना एक बार फिर डराने लगा है। दिल्ली, हरियाणा, गुजरात, केरल और कर्नाटक समेत कई राज्यों में कोविड-19 के लगातार केस मिले हैं। देश में वर्तमान में 312 एक्टिव कोरोना केस सामने आए हैं। इसमें दिल्ली से 23, हरियाणा से 5, गुजरात से 33, महाराष्ट्र से 56 केस सामने आए हैं।
- 24 May 2025 10:05 AM IST
15 राज्यों में भारी बारिश की चेतावनी
देशभर में भीषण गर्मी से जूझ रहे लोगों को जल्द ही राहत मिलने वाली है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार 15 राज्यों में भारी बारिश अगले कुछ दिनों में भारी बारिश की संभावना है। इसके अलावा अगले 48 घंटों में दक्षिण पश्चिम मानसून केरल में प्रवेश कर सकता है।
- 24 May 2025 9:50 AM IST
अराघची का दावा, ईरान-अमेरिका वार्ता का पांचवां दौर 'सबसे पेशेवर वार्ताओं में से एक'
ईरान के विदेश मंत्री सैयद अब्बास अराघची ने कहा है कि ईरान-अमेरिका अप्रत्यक्ष वार्ता का पांचवां दौर "सबसे पेशेवर दौरों में से एक" था। अराघची ने शुक्रवार को रोम में आयोजित पांचवें दौर की वार्ता के अंत में ईरान के सरकारी आईआरआईबी टीवी से कहा, "मुझे लगता है कि वर्तमान में अमेरिकी पक्ष को हमारी स्थिति के बारे में बेहतर और अधिक स्पष्ट समझ है।" उन्होंने कहा कि पांचवें दौर में विभिन्न विचारों पर चर्चा की गई और यह निर्णय लिया गया कि दोनों पक्ष विचारों की समीक्षा करेंगे तथा अगले दौर के लिए व्यवस्था करेंगे, जिसमें उम्मीद है कि कुछ हद तक विवरण शामिल हो जाएंगे यदि दोनों पक्ष नए समाधान स्वीकार करते हैं।
- 24 May 2025 9:44 AM IST
'लकड़बग्घा' की कॉमिक बुक लॉन्च करेंगे जॉन अब्राहम
बॉलीवुड एक्टर जॉन अब्राहम को कॉमिक बुक 'लकड़बग्घा: द प्रोलॉग' लॉन्च करने के लिए चुना गया है। यह 2023 की एक्शन फिल्म 'लकड़बग्घा' पर तैयार की गई है। इस फिल्म में अंशुमान झा लीड रोल में नजर आए थे। बता दें कि जॉन अब्राहम को एनिमल लवर कहा जाता है। वह खुद जानवरों के हक में आवाज उठाते रहते हैं, इसलिए इस प्रोजेक्ट से जुड़ना उनके लिए बेहद खास है।
- 24 May 2025 9:28 AM IST
पीएम मोदी की अध्यक्षता में नीति आयोग की बैठक आज, सभी राज्यों के सीएम लेंगे भाग
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को राष्ट्रीय राजधानी स्थित भारत मंडपम में नीति आयोग की एक महत्वपूर्ण बैठक की अध्यक्षता करेंगे। हाल ही में हुए पहलगाम आतंकवादी हमले के बाद, भारतीय सशस्त्र बलों की ओर से पाकिस्तान और पाक अधिकृत कश्मीर में नौ आतंकवादी शिविरों और उनके प्रशिक्षण केंद्रों को सफलतापूर्वक नष्ट करने के लिए चलाए गए ऑपरेशन सिंदूर के बाद प्रधानमंत्री मोदी की सभी राज्यों के मुख्यमंत्रियों के साथ यह पहली बड़ी बैठक है। पीएम मोदी दिल्ली के भारत मंडपम में नीति आयोग की 10वीं गवर्निंग काउंसिल की बैठक की अध्यक्षता करेंगे।
- 24 May 2025 8:30 AM IST
बैजयंत पांडा के नेतृत्व वाला ऑल पार्टी डेलिगेशन बहरीन रवाना
ऑपरेशन सिंदूर और पाकिस्तान के सीमापार से फैलाए जा रहे आतंकवाद पर भारत के पक्ष को वैश्विक स्तर पर रखने के लिए सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल को दुनिया के कई देशों में भेजा रहा है। इसमें बीजेपी सांसद बैजयंत पांडा के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल खाड़ी देश के लिए निकल गया है।
- 24 May 2025 8:25 AM IST
हार्वर्ड के विदेशी छात्रों को बड़ी राहत, अमेरिकी अदालत ने ट्रंप प्रशासन के आदेश पर लगाई रोक
अमेरिका के मैसाचुसेट्स प्रांत में एक जज ने शुक्रवार को ट्रंप प्रशासन के उस आदेश पर अस्थायी रूप से रोक लगा दी, जिसमें हार्वर्ड यूनिवर्सिटी के दरवाजे अंतर्राष्ट्रीय छात्रों के लिए बंद कर दिए गए थे। अदालत का यह फैसला होमलैंड सिक्योरिटी विभाग (डीएचएस) द्वारा हार्वर्ड यूनिवर्सिटी की एसईवीआईएस सिस्टम (स्टूडेंट एंड एक्सचेंज विजिटर इन्फॉर्मेशन सिस्टम) का उपयोग करने की अनुमति रद्द करने के एक दिन बाद आया। यह कदम अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के आइवी लीग स्कूल पर हमले को और तेज करने का हिस्सा था।
- 24 May 2025 8:25 AM IST
भारत को आज मिलेगा नया टेस्ट कप्तान
इंग्लैंड दौरे के लिए आज भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) टेस्ट टीम की घोषणा करेगा। कप्तानी की रेस में फिलहाल शुभमन गिल का नाम सबसे आगे चल रहा है। इस बारे में सभी बातों का जवाब कुछ ही घंटों में मिलेगा।
- 24 May 2025 8:15 AM IST
कांग्रेस आज से 31 मई तक देश भर में करेगी जय हिंद सभा
कांग्रेस पार्टी आज से भारतीय सेना के शौर्य, बलिदान और सम्मान को पूरे देश में जन-जन तक पहुंचाने के लिए जय हिंद सभाएं शुरू करने जा रही है। जय हिंद सभाओं का यह अभियान 31 मई तक देश के 16 प्रमुख शहरों में आयोजित किया जाएगा।
- 24 May 2025 8:05 AM IST
आज पुंछ दौरे पर जाएंगे राहुल गांधी
कांग्रेस नेता राहुल गांधी आज जम्मू-कश्मीर के पुंछ का दौरा करेंगे। इस दौरान वो पीड़ित परिवारों से मुलाकात करेंगे। पहलगाम अटैक के बाद राहुल गांधी की जम्मू-कश्मीर की दूसरी यात्रा है। इससे पहले भी वो 25 अप्रैल को घाटी में गए थे।
Created On :   24 May 2025 8:00 AM IST