बड़ी कार्रवाई: आप नेता संजय सिंह गिरफ्तार, 5 अक्टूबर को कोर्ट में पेश कर सकती है ईडी

आप नेता संजय सिंह गिरफ्तार, 5 अक्टूबर को कोर्ट में पेश कर सकती है ईडी
  • दिल्ली शराब घोटाले में आप नेता संजय सिंह हुए गिरफ्तार
  • 10 घंटे से पूछताछ कर रही थी ईडी
  • 5 अक्टूबर को कोर्ट में पेश कर सकती है एजेंसी

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। आप राज्यसभा सांसद संजय सिंह को ईडी ने गिरफ्तार कर लिया है। दिल्ली शराब नीति से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग के मामले में ईडी ने उनके आवास पर आज सुबह छापेमारी शुरू की थी। इस दौरान एजेंसी ने पहले उनके स्टाफ के सदस्यों और उनसे जुड़े अन्य लोगों से भी पूछताछ की थी। जानकारी के मुताबिक ईडी उन्हें 5 अक्टूबर को कोर्ट में पेश कर सकती है। बता दें कि इस मामले में आप नेता और दिल्ली के उपमुख्यमंत्री रहे मनीष सिसोदिया को भी ईडी ने गिरफ्तार किया था। सिसोदिया फिलहाल न्यायिक हिरासत में हैं।

यह पीएम और भाजपा की बौखलाहट - आप

संजय सिंह के खिलाफ हुई इस कार्रवाई को आम आदमी पार्टी ने राजनीतिक प्रतिशोध बताया है। पार्टी की नेता आतिशी ने कहा "पिछले 15 महीने से भाजपा की केंद्र सरकार, उनकी सारी एजेंसी सिर्फ एक काम में लगी हुई है कि किसी तरह से इस तथाकथित शराब मामले में AAP के खिलाफ सबूत मिल जाए... हमने कल देखा देश के जाने-माने पत्रकारों के घर पर छापेमारी हुई, उनके फोन और लैपटॉप ले लिए गए, कल शाम TMC के सांसद को पुलिस ने कृषि भवन से घसीट-घसीट कर बाहर निकाला गया। आज सुबह ED संजय सिंह के घर में पहुंची, 8 घंटे तक छानबीन हुई, पूछताछ चली। यह प्रधानमंत्री और भाजपी की बौखलाहट को दर्शाता है।"

पार्टी के नेता सोमनाथ भारती ने इस घोषित आपातकाल बताया है। उन्होंने कहा, "देश में अघोषित आपातकाल है। आपातकाल का आगाज हो चुका है। भाजपा 2024 का चुनाव हार रही है, INDIA की जीत हो रही है। ये उसी की घबराहट है। संजय सिंह, मनीष सिसोदिया के खिलाफ कोई भी सबूत नहीं।"

वहीं पार्टी सुप्रीमों और दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल ने ईडी की कार्रवाई पर है कि, 2024 लोकसभा चुनाव के पास आने पर ईडी, सीबीआई, इनकम टैक्स और पुलिस समेत सभी एजेंसियां एक्टिव हो जाएंगी। कल पत्रकारों के आवासों पर छापे मारे थे और आज संजय सिंह के आवास पर। भविष्य में ऐसे बहुत से छापे मारे जाएंगे, लेकिन इसमें डरने की जरुरत नहीं है।

आप के आरोप बाद बीजेपी की तरफ से भी पलटवार किया गया है। दिल्ली बीजेपी के नेता मनजिंदर सिंह सिरसा ने कहा, "ईडी ने संजय सिंह को गिरफ्तार कर लिया है, आम आदमी पार्टी कह रही है कि यह राजनीतिक प्रतिशोध है। जब आपने करोड़ों रूपए रिश्वत ली, दिनेश अरोड़ा ने पैसे इकट्ठा करके संजय सिंह को दिया। जब आप करोड़ों रुपए ले रहे थे तब जेल तो जाना पड़ेगा, हिसाब तो देना पड़ेगा।"

संजय सिंह की गिरफ्तारी पर बीजेपी सांसद और दिल्ली भाजपा के पूर्व अध्यक्ष मनोज तिवारी का भी बयान आया है। इस मामले पर उन्होंने न्यूज एजेंसी एएनआई से बात करते हुए कहा, "यह गिरफ़्तारी हुई क्योंकि जिन्होंने पैसे दिए उन्होंने खुद बताया कि पैसे दिए गए हैं। संजय सिंह की गिरफ़्तारी यह दर्शाती है कि सिर्फ संजय सिंह ही नहीं बल्कि इसकी आंच अरविंद केजरीवाल तक भी जाएगी।"

गिरफ्तारी पर ये बोली कांग्रेस

वहीं ईडी द्वारा आबकारी नीति मामले में संजय सिंह की गिरफ्तारी पर कांग्रेस का भी रिएक्शन आया है। दिल्ली कांग्रेस के अध्यक्ष अरविंदर सिंह लवली ने कहा है कि, कांग्रेस किसी भी अनियमितता का समर्थन नहीं करती है, जो शराब घोटाले में दोषी हैं उनके ख़िलाफ कार्रवाई होनी चाहिए लेकिन एजेंसी का दुरुपयोग भी नहीं होना चाहिए।

पार्टी कार्यकर्ताओं का आवास के बाहर प्रदर्शन

संजय सिंह की गिरफ्तारी की खबर फैलते ही आप के कार्यकर्ता उनके आवास के बाहर जुटना शुरू हो गए। जब शाम को करीब 6 - 6.30 बजे संजय सिंह अपने आवास से बाहर निकले तो उन्होंने आवास के बाहर मौजूद अपने समर्थकों और पार्टी कार्यकर्ताओं का अभिवादन किया। इसके बाद भारी सुरक्षा इंतजामों के बीच उन्हें गाड़ी में बिठाकर ईडी के मुख्यालय ले जाया गया।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक जब ईडी की टीम संजय को अपने साथ ले जा रही थी तब आप कार्यकर्ताओं की पुलिस के साथ झड़प भी हुई।

Created On :   4 Oct 2023 12:25 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story