OMG : मुंबई में करोड़ों की नशीली दवा चूहे कर गए चट !

डिजिटल डेस्क,मुंबई। सुनने में शायद अजीब जरुर लगे, लेकिन मुंबई में पुलिस का कहना है कि 34 किलो पार्टी ड्रग केटामाइन चूहे चट कर गए है। इसके बाद से पुलिस ने 34 किलो केटामाइन (कीमत करीब 3.4 करोड़) चोरी के मामले की जांच करना बंद कर दी है। बता दें साल 2014 में सेवरी में कस्टम विभाग से ड्रग चोरी हो गया था।
गौरतलब है कि जून 2014 में वरिष्ठ कस्टम अधिकारी पुरुषोत्तम निमजे ने FIR दर्ज कराई थी। उन्होंने दावा किया था कि डीआरआई ने जब्त किए गए केटामाइन के 20 सील बंद पैकेट गोदाम में रखे थे। इनमें से 7 पैकेट किसी ने खोल दिए और करीब केटामाइन 34.1 किलो चुरा लिया है। मामले में सेवरी पुलिस ने मामला दर्ज कर दी है। चोरी हुआ ड्रग 2011 में अंधेरी से जब्त किए गए करीब 200 किलो केटामाइन का हिस्सा था। इस मामले में कोंदुस्कर ट्रैवल के अभिजीत कोंदुस्कर एवं अन्य को गिरफ्तार किया गया था।
1000 किलो केटामाइन जब्त
मुंबई और सांगली से कुल 1000 किलो पार्टी ड्रग केटामाइन जब्त किया गया था। मुंबई में जब्त किए गए इस प्रतिबंधित नशीले पदार्थ को नानावती गोदाम में रखा गया था। इसी गोदाम में केंद्रीय प्रवर्तन एजेंसियां जब्त किया गया सामान रखती हैं। 17 जून को डीआरआई और एक अतिरिक्त दंडाधिकारी ने गोदाम का दौरा किया था। उन लोगों ने 13 पैकेट सही सलामत पाए जबकि अन्य सात पैकेट फटे पाए गए थे।
बिहार में चूहे पी गए शराब
ऐसा ही एक मामला बिहार में भी सामने आया था। जब वहां करीब 1 करोड़ की शराब चूहों के पी जाने की बात सामने आई। दरअसल एसएसपी मनु महाराज ने पटना नगर निगम चुनावों के मद्देनजर सभी थानेदारों की बैठक बुलाई थी। बैठक के दौरान मनु महाराज ने थानेदारों से पूछा कि शराबबंदी के दौरान कितनी शराब जब्त हुई। साथ ही जब्त शराब में कमी क्यों आ रही है। इस सवाल पर थानेदारों ने चूहों पर ठीकरा फोड़ते हुए कहा कि थाने में रखी करोड़ों की शराब चूहे पी गए। इसके बाद मनु महाराज ने जांच करने की बात कही थी।
Created On :   8 Oct 2017 8:24 AM IST