कुएं में गिरा हाथी का बच्चा, रेस्क्यू कर निकाला बाहर

कुएं में गिरा हाथी का बच्चा, रेस्क्यू कर निकाला बाहर

डिजिटल डेस्क, ओडिशा। ओडिशा के ढेकानाल जिले में महुलापुंजी के जंगल में एक हाथी का बच्चा कुएं में गिर गया। इसकी खबर जैसे ही ग्रामीणों को लगी तो उन्होंने वन विभाग की टीम को सूचित किया। सूचना मिलते ही वन विभाग का अमला मौके पर पहुंचा और हाथी के बच्चे को बचाने के लिए कोशिश में जु़ट गया। जिसके बाद चार घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद हाथी के बच्चे को कुएं से बाहर निकाला जा सका।

 

 


झुंड से बिछड़ गया था नन्हा हाथी 

महुलापुंजी गांव के पास जंगल में हाथी का बच्चा झुंड से बिछड़ गया और कुएं में जा गिरा। वो बच्चा झाड़ियों से ढंके कुएं को देख नहीं पाया और उसका जैसे ही पैर फिसला वो सीधे कुएं में जा गिरा। उस संकरे कुएं में थोड़ा बहुत पानी भी था। वो लगातार चीखता रहा, और अपने साथियों को बुलाने कोशिश करता रहा। हाथी के बच्चे की चीख जब ग्रामीणों के कान में पहुंची तब सभी कुएं की ओर भागे। हाथी के बच्चे को देख वो भी सन्न रह गए जिसके बाद ग्रामीणों ने तुरंत मामले की सूचना वन विभाग को दी।

चार घंटे तक चला रेस्क्यू ऑपरेशन 

सूचना मिलते ही वन विभाग के कर्मचारी और अधिकारी मौके पर पहुंचे और नन्हे हाथी को बचाने की कवायद में जुट गए। इस दौरान उनको एक समस्या का भी सामना करना पड़ा। समस्या ये थी कुआं इतना संकरा था कि हाथी को रस्सी के सहारे नहीं निकाला जा सकता था। अंत में वन विभाग के कर्मचारी-अधिकारी अपनी सूझ-बूझ दिखाते हुए जेसीबी मशीन लेकर आए और कुएं के किनारे खुदाई करके रास्ता बनाया, जिससे वो नन्हा हाथी धीरे-धीरे बाहर आ गया। जिसके बाद उसे जंगल में छोड़ दिया गया। 

Created On :   13 Jun 2018 7:15 AM GMT

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story