कांग्रेस ने जनसंघर्ष यात्रा का कार्यक्रम बदला, 13 को 3 मुख्यमंत्रियों का सत्कार

कांग्रेस ने जनसंघर्ष यात्रा का कार्यक्रम बदला, 13 को 3 मुख्यमंत्रियों का सत्कार

Tejinder Singh
Update: 2019-01-07 17:22 GMT
कांग्रेस ने जनसंघर्ष यात्रा का कार्यक्रम बदला, 13 को 3 मुख्यमंत्रियों का सत्कार

डिजिटल डेस्क, नागपुर। प्रदेश कांग्रेस की अंतिम चरण की जनसंघर्ष यात्रा के पूर्व निर्धारित कार्यक्रम में बदलाव हुआ है। पहले इस यात्रा की शुरुआत 7 जनवरी से होनेवाली थी। अब 10 जनवरी से होगी। 13 जनवरी को नागपुर में यात्रा का समापन होगा। इस मौके पर 3 राज्यों के कांग्रेस के नेतृत्व वाली सरकार के मुख्यमंत्रियों का सत्कार किया जाएगा। बताया जा रहा है कि 8 व 9 जनवरी को कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्षों की बैठक दिल्ली में होने वाली है। प्रदेश अध्यक्ष अशोक चव्हाण उसी बैठक में शामिल रहेंगे। लिहाजा जनसंघर्ष यात्रा के निर्धारित कार्यक्रम में बदलाव किया गया है। गौरतलब है कि पूर्व विदर्भ में जनसंघर्ष यात्रा को लेकर कांग्रेस पहले भी कार्यक्रम में फेरबदल करती रही है।

सितंबर 2018 से कोल्हापुर से राज्य स्तर पर जनसंघर्ष यात्रा की शुरुआत की गई है। विविध विभागों में जनसंघर्ष यात्रा निकली लेकिन विदर्भ में काफी विलंब हुआ। नवंबर में पश्चिम विदर्भ में यात्रा पहुंची। पूर्व विदर्भ के 6 जिलों में भ्रमण के बाद इस यात्रा का नागपुर में समापन होनेवाला है। यात्रा को लेकर नियोजन बैठकें तो हुई हैं, लेकिन ठोस तरीके से कोई योजना नहीं बन पायी। तारीख को लेकर आरंभ से ही अनिश्चितता का माहौल बना रहा। 17 दिसंबर 2018 से पूर्व विदर्भ में यह यात्रा निकालने का निर्णय लिया गया था, लेकिन वह तारीख टाल दी गई। बाद में 4 जनवरी 2019से यात्रा निकालने का निर्णय लिया गया, लेकिन उसे भी टालना पड़ा। उसके बाद तय किया गया कि 7 जनवरी से 13 जनवरी 2019 तक पूर्व विदर्भ में यात्रा निकाली जाएगी। इस बीच तारीख बदलने को लेकर पुन: चर्चाओं का दौर चला। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी को नागपुर में आमंत्रित करने के विषय पर भी चर्चा हुई। साथ ही मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़ व राजस्थान विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की जीत का उत्सव मनाने व तीनों राज्यों के मुख्यमंत्रियों का सत्कार नागपुर में कराने को लेकर चर्चा हुई। तारीखों में फेरबदल के प्रश्न के साथ अब 10 जनवरी से 13 जनवरी तक का कार्यक्रम तय हुआ है।

तारीख को लेकर अनजान पूर्व विधायक देशमुख
भाजपा छोड़ कांग्रेस में शामिल हुए पूर्व विधायक आशीष देशमुख इस यात्रा की तारीख को लेकर साफ तौर पर अनजान नजर आए। सोमवार को पत्रकार वार्ता में उन्होंने कहा कि शहर में कांग्रेस एकजुट है। किसी तरह की गुटबाजी नहीं है। संघर्ष यात्रा का समापन 20 जनवरी को होनेवाला है। 20 जनवरी को ही भाजपाध्यक्ष अमित शाह की सभा है। श्री देशमुख ने कहा कि कांग्रेस की ताकत बढ़ी है। 20 जनवरी को कांग्रेस की बड़ी सभा होगी, लेकिन प्रदेश कांग्रेस की ओर से स्पष्ट किया गया कि कांग्रेस की नागपुर में 20 जनवरी को कोई सभा नहीं होने वाली है। कांग्रेस के प्रदेश महासचिव रामकिशन ओझा ने कहा है कि जनसंघर्ष यात्रा के तहत पूर्व निर्धारित स्थलों पर ही सभाएं होगी। नागपुर में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता चुनाव विषय पर भी चर्चा करेंगे। 

9 जनवरी को सोलापुर दौरे पर प्रधानमंत्री 
उधर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 9 जनवरी को सोलापुर दौरे पर आ रहे हैं। इसके मद्देनजर दिल्ली की स्पेशल सिक्योरिटी (एसपीजी) ने सोमवार को पार्क स्टेडियम मैदान का निरीक्षण किया। प्रधानमंत्री के इस दौरे में सोलापुर महानगरपालिका के चार प्रमुख विकासकार्यों तथा रे नगर स्थित 30 हजार घरकुल परियोजना की नींव रखेंगे। इसके अलावा पार्क मैदान पर प्रधानमंत्री की सभा भी होगी। इस दौरे के मद्देनजर पुलिस, महानगरपालिका तथा जिला प्रशासन ने जोरदार तैयारियां शुरू की हैं। उसके लिए एसपीजी के पथक रविवार को ही सोलापुर में दाखिल हुए थे। पथक के अधिकारियों ने हवाई अड्डे से लेकर स्टेडियम तक पूरे मार्ग का निरीक्षण किया। महानगरपालिका द्वारा शहर को चकाचक करने का काम किया जा रहा है। स्टेडियम तथा उसकी दीवारों को रंगा गया है। स्वच्छता पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। शहर स्मार्ट दिखे, इसके लिए कोशिश की जा रही है। 

Similar News