फिर हो सकती है भारी बारिश : भंडारा, चंद्रपुर व गड़चिरोली के लिए रेड अलर्ट

फिर हो सकती है भारी बारिश : भंडारा, चंद्रपुर व गड़चिरोली के लिए रेड अलर्ट

Anita Peddulwar
Update: 2019-08-13 08:15 GMT
फिर हो सकती है भारी बारिश : भंडारा, चंद्रपुर व गड़चिरोली के लिए रेड अलर्ट

डिजिटल डेस्क, नागपुर। तीन दिनों से थमी बारिश फिर से सक्रिय होने को बेताब है। मौसम विभाग ने नागपुर तथा गोंदिया के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है, जबकि भंडारा, चंद्रपुर व गड़चिरोली के लिए रेड अलर्ट घोषित किया गया है। बारिश रुकने से तापमान में 8 डिग्री की बढ़त दर्ज की गई। इसके चलते लोग गर्मी और उमस से हलाकान रहे। सोमवार को अधिकतम तापमान 33.8 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया, जो सामान्य से 3 डिग्री ऊपर रहा। न्यूनतम तापमान सामान्य से 1 डिग्री ऊपर 24.8 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। आर्द्रता अधिकतम 83 तथा न्यूनतम 63 प्रतिशत दर्ज की गई।

फिर बना कम दबाव का क्षेत्र

मानसूनी द्रोणिका अपने सामान्य स्थान से कुछ ऊपर उठी है। हालांकि विदर्भ इसकी जद में बना हुआ है। इस बीच बंगाल की खाड़ी में एक कम दबाव का क्षेत्र सिर उठा रहा है। यह पश्चिम बंगाल व बांग्लादेश के आस-पास बना है। इससे विदर्भ को सीधे मानसूनी बरसात नहीं मिलती, लेकिन नमी का रिसाव होने से बौछारों की उम्मीद है। दोपहर बाद बौछारें आ सकती हैं। बुधवार को भी इसका प्रभाव बना रह सकता है।

कहीं भारी, तो कहीं औसत बारिश के आसार

मौसम विभाग के अनुसार इसके प्रभाव से ओड़िशा में वर्षा शुरू हो चुकी है। मंगलवार को इसके आगे बढ़कर छत्तीसगढ़ तक पहुंचने की उम्मीद है। इसके प्रभाव से विदर्भ में कहीं भारी, तो कहीं औसत बारिश की संभावना है। मौसम विभाग ने भंडारा, चंद्रपुर तथा गड़चिरोली के लिए भारी से अति भारी वर्षा की तथा नागपुर व भंडारा जिले में कहीं-कहीं भारी बारिश की चेतावनी  जारी की है। वर्धा व यवतमाल में बादलों का घेरा बने रहने के आसार हैं। दो दिनों से क्षेत्र में बदरीला मौसम बना हुआ है। इस बीच उमस भी महसूस की जा रही है। नागपुर में सोमवार रात से रिमझिम फुहारें बरस रही है। मंगलवार की सुबह से रुक-रुक कर हल्की बूंदाबांदी हो रही है।  
 

Tags:    

Similar News