ग्रेटिया में बाघ ने किया गाय का शिकार, परसगांव में भी दहशत

पेंच पार्क से लगे चौरई रेंज के गांवों में तीन से अधिक बाघ की उपस्थिति ग्रेटिया में बाघ ने किया गाय का शिकार, परसगांव में भी दहशत

Bhaskar Hindi
Update: 2021-11-06 11:12 GMT
ग्रेटिया में बाघ ने किया गाय का शिकार, परसगांव में भी दहशत

डिजिटल डेस्क छिंदवाड़ा/चौरई । पेंच पार्क की सीमा से लगे सांख सर्किल लंबे समय से बाघिन की मौजूदगी बनी हुई है। गुुरुवार की रात इस बाघिन ने ग्रेटिया में एक गाय का शिकार कर लिया। सूचना मिलने पर शुक्रवार को वन अमले ने गाय का पोस्टमार्टम कराया। वन विभाग अब शिकार स्थल के आसपास कैमरा लगाने की तैयारी कर रहा है।
मिली जानकारी के मुताबिक गुरुवार को खैरलांजी गे्रटिया निवासी श्रीपाल सरेआम के पालतू मवेशी जंगल की ओर चरने गए थे। दोपहर बाद बाघिन ने एक गाय का शिकार कर लिया। गाय का शव देखकर चरवाहे को शिकार का अहसास हुआ। किसान ने इसकी सूचना वन विभाग के कर्मचारियों को दी। सूचना मिलते ही रेंजर सहित विभाग का अमला शिकार स्थल पर पहुंचा। पशु चिकित्सकों से गाय का पोस्टमार्टम कराया गया।  
परसगांव में दिखा बाघ
चांद के परसगांव सर्रा के पास शुक्रवार को बाघ दिखने से गांव के लोगों में हड़कंप मच गया। लोगों की शिकायत के बाद यहां वन अमला भी पहुंचा। कर्मचारियों ने लोगों को एहतियात बरतने की बात कही है। ग्रामीणों के अनुसार पेंच पार्क से लगे चौरई वन परिक्षेत्र के जंगलों में अब 3 बाघों की मौजूदगी है। ग्रेटिया में बीते 4 महीनों से बाघ की चहल पहल बनी हुई। अलावा देवरी से आमाझिरी के बीच नर बाघ 2 बार सामने आ चुका है। अब तीसरा बाघ चांद के परसगांव के पास नजर आ रहा है। बफर जोन और पार्क से लगे होने के कारण लगातार वन्यप्राणी अब पार्क से निकलकर चौरई के जंगलों और यहां से आबादी के हिस्सों में आ रहे हैं।
दहशत में हैं किसान
क्षेत्र में बाघों की लगातार मौजूदगी से किसान डरे हुए हैं। दरअसल क्षेत्र के किसान रबी सीजन की बोवनी और पानी सिंचाई में जुटे हैं। रात को बिजली मिलने से उन्हें रात को खेत जाना पड़ रहा है। यहां पर वन्यप्राणियों का खतरा बढ़ता जा रहा है।
इनका कहना है
॥क्षेत्र में बाघों की मौजूदगी के चलते आम लोगों को वन क्षेत्र में न जाने की सलाह दी जा रही है। जहां गाय का शिकार हुआ है, उस क्षेत्र में कैमरा लगाने की तैयारी की जा रही है।
-तुलसीराम सनोडिया,
डिप्टी रेंजर सांख सर्किल

Tags:    

Similar News