- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- छिंदवाड़ा
- /
- एक साथ एक दूजे के हुए 928 जोड़े,...
Chhindwara News: एक साथ एक दूजे के हुए 928 जोड़े, बारात लेकर डीडीसी कॉलेज पहुंचे सांसद

- सामूहिक विवाह के आयोजन में प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी भी व्यवस्थाएं संभाल रहे थे।
- महापौर, सीएम ने वर्चुअली दिया नव वर-वधु को आशीर्वाद, हिंदू, मुस्लिम और आदिवासी परंपरा के तहत हुई शादी
- नगर निगम द्वारा इस बार 928 जोड़ों का पंजीयन किया गया था।
Chhindwara News: मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत बुधवार को 928 जोड़े एक साथ एक दूजे के हुए। स्थानीय इनर ग्राउंड में आयोजित हुए सामूहिक विवाह के कार्यक्रम मेें मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव ने नव वर-वधु को वर्चुअल आशीर्वाद दिया। सुबह 9 बजे दशहरा मैदान से बारात निकली जो 10 बजे मुख्य आयोजन स्थल पर पहुंची। यहां सांसद विवेक बंटी साहू सहित महापौर विक्रम अहके ने बारात का स्वागत किया।
सामूहिक विवाह के आयोजन को लेकर नगर निगम का अमला बुधवार को सुबह से ही अलर्ट पर था। आयोजन में पहली बार ऐसा हुआ जब सुबह 9 बजे ही बारात निकल गई। बग्घी, घोड़े और कार में सवार दूल्हे पंडाल में पहुंचे। यहां जनप्रतिनिधियों द्वारा बारात का स्वागत किया गया, वहीं सांसद श्रीसाहू द्वारा मैदान में उपस्थित सभी जोड़ो पर पुष्प आहार की वर्षा की गई।
इसके बाद मुख्यमंत्री श्रीयादव ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि राज्य सरकार सभी वर्गों के समग्र विकास और सामाजिक समरसता की दिशा में प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। गरीब कन्याओं का विवाह सरकार की प्राथमिकता में शामिल है।
500 ने हिंदू,418 ने आदिवासी, 10 ने मुस्लिम परंपरा से किया विवाह
नगर निगम द्वारा इस बार 928 जोड़ों का पंजीयन किया गया था। बुधवार को हुए सामूहिक विवाह में 500 हिंदू, 418 आदिवासी और 10 जोड़ों ने मुस्लिम रीति रिवाज से शादी की। हिंदू जोड़ों ने वैदिक विधियों से फेरे लिए, मुस्लिम जोड़ों ने निकाह की परंपरा निभाई, वहीं आदिवासी समुदाय के जोड़ों ने पारंपरिक वेशभूषा में अपने रीति-रिवाजों के अनुसार विवाह संस्कार किया। इस दौरान पंडित, मोलवी सहित आदिवासी समाज के भुमका अपनी-अपनी पद्धति से विवाह करवा रहे थे।
नवविवाहितों को दिए 49 हजार के चेक
सामूहिक विवाह अवसर पर सांसद श्रीसाहू, महापौर विक्रम अहके, भाजपा जिलाध्यक्ष शेषराव यादव सहित अन्य अतिथियों ने प्रत्येक नवविवाहित जोड़े को प्रतीकस्वरूप 49,000 रुपए के चेक वितरित किए। यह राशि सीधे उनके खाते में पहुंचेगी।
सांसद ने कहा...ये सामाजिक एकता का उदाहरण
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद विवेक बंटी साहू ने कहा कि यह आयोजन केवल विवाह नहीं है, बल्कि यह समाज में एकता और सहयोग का एक जीवंत उदाहरण है। प्रदेश सरकार हर वर्ग के लिए कार्य कर रही है। हर एक वर्ग को सरकारी योजना का लाभ पहुंचाना हमारा और हमारी सरकार का कर्तव्य है।
कांग्रेस प्रतिनिधि नहीं आए नजर
- कार्यक्रम में कांग्रेस पार्षद और पदाधिकारी नदारद दिखाई दिए। हालांकि इसमें सभी का अपना-अपना तर्क था कि कांग्रेस पार्षदों की मानें तो अक्षय तृतीया पर शादियां बहुत थी। इस कारण से सरकारी आयोजन में नहीं आ पाए।
ये भी हुआ...
- शादी के बाद खाने के दौरान आदिवासी अंचल का एक जोड़ा भटक गया। दूल्हा कहीं और दुल्हन कहीं और चली गई। परिजन उन्हें यहां-वहां ढूंढ रहे थे। ऐसे ही सुबह जल्दी जोड़ों को विवाह स्थल पर पहुंचना था, लेकिन दूर दराज से आने वाले जोड़े शादी में लेट पहुंचे।
- ईएलसी चौक से लेकर चंदनगांव तक वाहनों की लंबी कतार लग गई थी। सुबह 8 बजे से लेकर 4 बजे तक यहां दिन में कई बार जाम के हालात बन गए। नागपुर जाने वाली बसें जाम में फंस गई। जिसके कारण दोपहिया वाहन चालक भी परेशान हुए।
प्रशासनिक-पुलिस अधिकारी रहे मौजूद
सामूहिक विवाह के आयोजन में प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी भी व्यवस्थाएं संभाल रहे थे। मौके पर कलेक्टर शीलेंद्र सिंह, एसपी अजय कुमार पांडे, जिला पंचायत सीईओ अग्रिम कुमार, नगर निगम आयुक्त सी.पी. राय, नगर निगम पार्षद, नगर निगम और जनपद पंचायत छिंदवाड़ा के अधिकारी, कर्मचारी और नवविवाहितों के परिजन मौजूद थे।
Created On :   1 May 2025 1:45 PM IST