- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- छिंदवाड़ा
- /
- दूसरी बार भी बजट बैठक फेल..पार्षदों...
Chhindwara News: दूसरी बार भी बजट बैठक फेल..पार्षदों ने अस्वीकार किए प्रस्ताव, भाजपा के पार्षद ही विरोध में

- परासिया नगर पालिका वर्चस्व की लड़ाई
- बजट बैठक के विरोध में एकजुट हुए कांग्रेस-भाजपा पार्षद
- बजट को अधूरा बताकर पारित करने से किया इंकार
Chhindwara News: परासिया नगर पालिका में भाजपा पार्षदों के बीच छिड़ी वर्चस्व की लड़ाई अब शहर के विकास में बाधा बन रही है। नया वित्तीय वर्ष शुरु हो चुका है, लेकिन दूसरी बार भी परासिया नगर पालिका बजट पास नहीं हो सका, जबकि नया वित्तीय वर्ष शुरु हुए एक माह का समय हो चुका है। पार्षद आपस में उलझे हुए हैं। विवाद इतना बढ़ गया है कि भाजपा के पार्षद ही एक दूसरे की खुलकर शिकायत कर रहे हैं।
बजट के सिंगल प्रस्ताव को लेकर परासिया नगर पालिका में दूसरी बार बजट बैठक का आयोजन मंगलवार को किया गया था। नगर पालिका अध्यक्ष विनोद मालवीय की अध्यक्षता में हुई बैठक में नए वित्तीय वर्ष के प्रस्ताव पर चर्चा होनी थी, लेकिन पार्षदों के समक्ष बजट बैठक में रखते ही विरोध शुरु कर दिया गया। पार्षदों का आरोप था कि अध्यक्ष द्वारा अधूरा बजट पेश किया जा रहा है।
जिसको लेकर भाजपा पार्षद अनुज पाटकर, पवन सूर्यवंशी, आशीष जायसवाल, वीर बहादुर सिंह ने कई जनहित के मुद्दे उठाए। पार्षदों की शिकायतों और समस्याओं का समाधान नहीं होने पर प्रशासन के प्रति नाराजगी जताई गई। कांग्रेस पार्षदों ने बजट की खामियों को गिनाते हुए पार्षदों के प्रस्तावों को बजट में शामिल करने मांग रखी गई।
क्या शिकायतें है पार्षदों की
- शहर की साफ-सफाई व्यवस्था पर पार्षदों ने नाराजगी दर्ज कराई। पार्षदों का आरोप था कि शहर की सफाई व्यवस्था बिगड़ गई है।
- पाइप लाइन में जगह-जगह लीकेज है। इसके कारण शहर की जल वितरण व्यवस्था सुचारु रूप से संचालित नहीं हो पा रही थी।
- बाजार वसूली कर्मचारियों की बजाय ठेका कर्मचारियों के माध्यम से की जा रही है, जो पूरी तरह गलत है।
विरोध का असर क्या
पार्षदों के विरोध के चलते नगर पालिका का नए वित्तीय वर्ष का बजट रुका हुआ है। जिले के सभी नगरीय निकाय में बजट बैठक हो चुकी है, लेकिन परासिया में पार्षद आपस में ही उलझे हुए हैं। यहां विपक्ष की भूमिका सत्ता के पार्षद ही निभा रहे हैं। जिसके कारण ये हालात बने हैं।
संख्या बल में भारी भाजपा, लेकिन गुटबाजी हावी
संख्या बल में भाजपा परासिया नगर पालिका में बहुमत में है। वर्तमान में भाजपा के 12 और कांग्रेस के 9 पार्षद हैं, लेकिन भाजपा के तीन पार्षद खुलकर परिषद का विरोध कर रहे हैं। दो सभापतियों को हटाने के बाद ये विरोध और बढ़ गया है, जिससे बजट बैठक यहां बहुमत से पास नहीं किया जा रहा है।
इनका कहना है
- बजट पास नहीं होने से आगामी समय में नगर में जारी विकास और निर्माण कार्यों पर इसका विपरीत प्रभाव पड़ेगा। कांग्रेस के साथ मिलकर कुछ भाजपा पार्षद अब प्रशासन के काम में अवरोध उत्पन्न कर जन समस्या खड़ी करने का प्रयास कर रहे हैं।
विनोद मालवीय अध्यक्ष, नगर पालिका परासिया
- नगर पालिका प्रशासन मनमाना बजट पेश कर रही है। बजट अधूरा है। पार्षदों के प्रस्ताव को इसमें शामिल नहीं किया गया। बजट पास नहीं होने की मुख्य वजह नगर पालिका प्रशासन का भ्रष्टाचार और मनमाना रवैया है।
वीर बहादुर सिंह नेता प्रतिपक्ष, परासिया
Created On :   30 April 2025 12:50 PM IST