Chhindwara News: अंधे हत्याकांड का खुलासा...पत्नी ने कराई थी पति की हत्या, तीन गिरफ्तार

अंधे हत्याकांड का खुलासा...पत्नी ने कराई थी पति की हत्या, तीन गिरफ्तार
  • उमरानाला चौकी का मामला, आरोपियों ने रस्सी से गला घोंटकर खंती में फेंका था शव
  • पुलिस ने आरोपी महिला समेत तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
  • महिला ने अपने परिचित और दामाद के साथ मिलकर हत्या का षडय़ंत्र रचा था।

Chhindwara News: नागपुर रोड स्थित लिंगा बाइपास पर रविवार सुबह क्षतविक्षत हालत में शव मिला था। मृतक की शिनाख्त सेमाढाना निवासी 55 वर्षीय अशोक धुर्वे के रूप में हुई थी। मृतक के गले में रस्सी फंसे होने से उमरानाला चौकी पुलिस मामले को संदेहास्पद मानकर जांच शुरू कर रही थी। पुलिस जांच में सामने आया कि मृतक की पत्नी ही हत्या की मास्टरमाइंड है। महिला ने अपने परिचित और दामाद के साथ मिलकर हत्या का षडय़ंत्र रचा था। आरोपियों ने शराब पिलाने के बाद रस्सी से गला घोंटकर अशोक की हत्या की है। पुलिस ने आरोपी महिला समेत तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

चौकी प्रभारी पारस आर्माे ने बताया कि 27 अप्रैल की सुबह लिंगा सर्किल के समीप सडक़ और खेत के बीच खंती में अशोक धुर्वे का शव मिला था। मृतक के गले में रस्सी और सिर पर चोट मिली थी। जांच के दौरान सामने आया कि कांताबाई और लावाघोघरी निवासी राजू कुड़ापे के बीच बातचीत होती थी। संदेह होने पर कांता और राजू से पूछताछ की गई। पूछताछ में सामने आया कि अशोक शराब के नशे मेें कांता से मारपीट करता था।

अशोक से मुक्ति पाने कांता ने राजू और अपने दामाद जगदीश उईके के साथ मिलकर हत्या का षडय़ंत्र रचा था। घटना वाली रात राजू और जगदीश ने अशोक को शराब पिलाई थी। नशे में धुत अशोक को लिंगा बाइपास पर ले जाकर रस्सी से उसका गला घोंट दिया था। हत्या के बाद आरोपियों ने शव खंती में छिपा दिया था। पुलिस ने जांच और पीएम रिपोर्ट के आधार पर मृतक की पत्नी कांताबाई (40), राजू कुड़ापे (32), जगदीश उईके (33) को गिरफ्तार कर लिया है।

चौकी पहुंचकर दर्ज कराई थी गुमशुदगी-

आरोपी महिला कांताबाई पर किसी को संदेह न हो इसके लिए उसने 22 अप्रैल को उमरानाला चौकी पहुंचकर पति अशोक की गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई थी। उसने पुलिस को बताया था कि 15 अप्रैल से अशोक घर से लापता है।

महिला स्वयं पहुंची घटनास्थल, की शिनाख्त-

घटनास्थल पर आरोपी कांताबाई स्वयं पहुंची थी। जहां शव देखकर उसने परिजनों को सूचना दी थी। इसके बाद पुलिस को सूचना मिली थी। कांताबाई ने कपड़े और तम्बाकू की पुडिया देखकर शिनाख्त की थी।

हत्याकांड का खुलासा करने वाली टीम-

अंधे हत्याकांड का खुलासा करने वाली टीम में चौकी प्रभारी पारस आर्मो, एएसआई संजय ठाकुर, अखिलेश तिवारी, प्रधान आरक्षक राधेश्याम ठाकुर, संतोष साहू, चंद्रशेखर सोनी, अभिषेक ठाकुर, रोहित वानखेड़े, मुकेश जाट, संजय राहंगडाले, सोनम बघेल, तमन्ना उईके, कविता शामिल है।

Created On :   1 May 2025 1:01 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story