Payal Vs Anurag: पायल के यौन शोषण के आरोपों को अनुराग कश्यप ने बताया आधारहीन, कहा- अभी तो बहुत आक्रमण होने वाले हैं

Payal Vs Anurag: पायल के यौन शोषण के आरोपों को अनुराग कश्यप ने बताया आधारहीन, कहा- अभी तो बहुत आक्रमण होने वाले हैं

डिजिटल डेस्क, मुंबई। बॉलीवुड के मशहूर प्रोड्यूसर-डायरेक्टर अनुराग कश्यप ने यौन शोषण के आरोप लगने के बाद इसका जवाब दिया है। अनुराग कश्यप ने सोशल मीडिया के जरिए काफी सारे ट्वीट किए हैं और पायल घोष के आरोपों को बेबुनियाद करार दिया है।  बता दें कि एक्ट्रेस पायल घोष ने सोशल मीडिया पर पोस्ट के जरिए न्याय के लिए पीएम से गुहार लगाई है। इसके बाद से सोशल मीडिया पर अनुराग ट्रोल हो रहे हैं। 

क्या कहा अनुराग कश्यप ने?
अनुराग कश्यप ने ट्वीट किया, क्या बात है , इतना समय ले लिया मुझे चुप करवाने की कोशिश में। चलो कोई नहीं। मुझे चुप कराते कराते इतना झूठ बोल गए की औरत होते हुए दूसरी औरतों को भी संग घसीट लिया। थोड़ी तो मर्यादा रखिए मैडम। बस यही कहूँगा की जो भी आरोप हैं आपके सब बेबुनियाद हैं।"

अनुराग ने कहा, "बाक़ी मुझपे आरोप लगाते लगाते, मेरे कलाकारों और बच्चन परिवार को संग में घसीटना तो मतलब नहले पे चौका भी नहीं मार पाए। मैडम दो शादियां की हैं,अगर वो जुर्म है तो मंज़ूर है और बहुत प्रेम किया है , वो भी क़बूलता हूं। चाहे मेरी पहली पत्नी हों, या दूसरी पत्नी हों।"

अनुराग कश्यप आगे लिखते हैं, "या कोई भी प्रेमिका या वो बहुत सारी अभिनेत्रियाँ जिनके साथ मैंने काम किया है , या वो पूरी लड़कियों और औरतों की टीम जो हमेशा मेरे साथ काम करती आयीं हैं , या वो सारी औरतें जिनसे मैं मिला बस , अकेले में या जनता के बीच।"

उन्होंने आगे लिखा, "मैं इस तरह का व्यवहार ना तो कभी करता हूँ ना तो कभी किसी क़ीमत पे बर्दाश्त करता हूं। बाक़ी जो भी होता है देखते हैं। आपके वीडियो में ही दिख जाता है कितना सच है कितना नहीं, बाक़ी आपको बस दुआ और प्यार। आपकी अंग्रेज़ी का जवाब हिंदी में देने के लिए माफ़ी।"

इसके साथ ही अनुराग कश्यप ने ये भी बताया कि उन्हें काफी सारे फोन आ रहे है। वो लिखते हैं, "अभी तो बहुत आक्रमण होने वाले हैं। यह बस शुरुआत है। बहुत फ़ोन आ चुके हैं, कि नहीं मत बोल और चुप हो जा। यह भी पता है कि पता नहीं कहां कहां से तीर छोड़ें जाने वाले हैं। इंतेज़ार है।"

पायल ने किया ये ट्वीट
एक्ट्रेस पायल घोष ने ट्वीट कर लिखा कि अनुराग कश्यप ने बेहद बुरी तरीके से खुद को मुझ पर फोर्स किया। नरेंद्र मोदी जी प्लीज एक्शन लीजिए और देश को देखने दीजिए कि इस क्रिएटिव इंसान के पीछे के राक्षस को। मुझे पता है कि ये मुझे नुकसान पहुंचा सकता है। मेरी सुरक्षा खतरे में है। प्लीज मदद कीजिए।

बता दें कि पायल घोष ने अपने इस ट्वीट के साथ एक तेलुगु न्यूज चैनल का लिंक भी साझा किया है। इस लिंक में एक वीडियो है, जिसमें पायल अनुराग कश्यप पर यौन शोषण के आरोप लगा रही हैं।

Created On :   20 Sep 2020 6:32 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story