बॉलीवुड: मलाड के कब्रिस्तान में सुपुर्द-ए-खाक हुईं सरोज, माधुरी ने कहा- उनकी मौत से मैं टूट चुकी हूं

Choreographer Saroj Khan laid to rest at Malad cemetery in Mumbai
बॉलीवुड: मलाड के कब्रिस्तान में सुपुर्द-ए-खाक हुईं सरोज, माधुरी ने कहा- उनकी मौत से मैं टूट चुकी हूं
बॉलीवुड: मलाड के कब्रिस्तान में सुपुर्द-ए-खाक हुईं सरोज, माधुरी ने कहा- उनकी मौत से मैं टूट चुकी हूं

डिजिटल डेस्क, मुंबई। बॉलीवुड की मशहूर कोरियोग्राफर सरोज खान का दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया है। सांस लेने में शिकायत के बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था। जहां शुक्रवार रात 1.52 बजे उन्होंने दुनिया को अलविदा कह दिया। उनके शव को रात में ही बांद्रा के अस्पताल में परिजनों के सुपुर्द कर दिया था। सरोज खान की बेटी सुकैना ने बताया कि सुबह 7 बजे के करीब मलाड के कब्रिस्तान में सरोज खान को सुपुर्द-ए-खाक किया गया। उनके प्रति शोक प्रकट करने के लिए प्रार्थना सभा 3 दिन बाद होगी। वहीं सरोज की मौत की खबर मिलते पूरा बॉलीवुड गमगीन हो गया है। बॉलीवुड अभिनेता अक्षय कुमार से लेकर महानायक अमिताभ बच्चन ने सरोज खान को श्रद्धांजलि दी।

सरोज खान की मौत से टूटीं माधुरी दीक्षित
सरोज खान की मौत पर माधुरी दीक्षित ने कहा कि मैं टूट चुकी हूं और आज शब्दों की भी कमी है। सरोज जी शुरू से ही मेरी यात्रा का हिस्सा रही हैं। उन्होंने मुझे बहुत कुछ सिखाया, न केवल डांस बल्कि उससे भी कहीं ज्यादा। इस बड़ी व्यक्तिगत क्षति को सोचकर मेरे दिमाग में उनसे जुड़ी यादें आ रही हैं। उनके परिवार को मेरी संवेदनाएं।"

तापसी पन्नू बोलीं- मैं यादों को संजोकर रखूंगी
अभिनेत्री तापसी पन्नू ने कहा कि वह अनुभवी कोरियोग्राफर के साथ काम करने की यादों को हमेशा संजोकर रखेंगी। तापसी ने ट्वीट किया, ‘कम से कम मुझे आपके साथ नाचने का मौका तो मिला था। मैं उन यादों को संजोकर रखूंगी। हमने एक और सितारा खो दिया। आपके गीतों से हर लड़की आपको हमेशा-हमेशा के लिए याद रखेगी।’

रेमो डिसूजा ने सरोज खान को दी श्रद्धांजलि
कोरियोग्राफर से फिल्म निर्माता बने रेमो डिसूजा ने कहा, ‘ईश्वर आपकी आत्मा को शांति दें सरोज जी। आप याद आएंगी... नृत्य समुदाय के लिए भारी क्षति।’ 

फराह खान बोलीं- सरोज जी अल्लाह आपकी आत्मा को शांति दे
कोरियोग्राफर फराह खान ने कहा कि वह उन अनगिनत कलाकारों में से एक हैं जो सरोज खान के काम से प्रेरित हुए।  उन्होंने ट्वीट किया, ‘सरोज जी अल्लाह आपकी आत्मा को शांति दें... आप मेरे समेत कई लोगों के लिए प्रेरणा थीं। शानदार गीतों के लिए आपका शुक्रिया।’ 

तमन्ना भाटिया बोलीं- सरोज खाने के नृत्य ने मुझे प्रेरित किया
अभिनेत्री तमन्ना भाटिया ने ट्वीट किया, ‘सुबह आंख खुलते ही दिग्गज कोरियोग्राफर सरोज खान के निधन की दुखद खबर मिली। उनके शानदार नृत्य ने बहुत कम उम्र में मुझे प्रेरित किया। आपकी जगह कोई नहीं ले सकता।’

भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष ने दी सरोज खान को श्रद्धांजलि
भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं प्रदेश प्रभारी श्याम जाजू ने ट्वीट किया कि हिंदी फिल्म जगत की मशहूर कोरियोग्राफर सरोज खान जी के निधन की घटना दुःखद है। हिंदी सिनेमा को उनकी कमी हमेशा खलेगी। ईश्वर से उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करता हूं।

भोजपुरी अभिनेता खेसारी लाल यादव ने दी श्रद्धांजलि
भोजपुरी अभिनेता खेसारी लाल यादव ने ट्वीट किया कि "बॉलीवुड जगत की मशहूर कोरियोग्राफर सरोज खान जी के निधन का दुखद समाचार अभी-अभी प्राप्त हुआ। मेरी ईश्वर से यही प्रार्थना है कि दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें व परिवार को इस गहरी पीड़ा को सहने की शक्ति प्रदान करें।"

अभिनेत्री निमृत कौर बोलीं- उनके जैसा अब कोई नहीं होगा
अभिनेत्री निमृत कौर ने लिखा, "सरोज जी ने मुझे कोरियोग्राफर शब्द से रूबरू करवाया था। उन्होंने बेहतरीन काम से हर उस सितारे को भी अमर कर दिया और हर उस गाने को भी, जिसमें उन्होंने काम किया। उनके परिवार को भगवान शक्ति दे। उनके जैसा अब कोई नहीं होगा।"

करीना कपूर बोलीं- लव यू मास्टर जी...
सरोज खान के निधन से करीना कपूर भी काफी दुखी हैं। उन्होंने सरोज के साथ अपनी एक पुरानी तस्वीर इंस्टाग्राम पर साझा करते हुए लिखा, "मास्टर जी हमेशा मुझे बताती थीं... पैर नहीं चला सकती तो कम से कम चहरा तो चला। डांस को इंजॉय करना, मुस्कुराना और आंखों के जरिए मुस्कुराना... बस यही उन्होंने मुझे सिखाया। उनके जैसा कोई और नहीं हो सकता। हम जैसे ऐक्टर्स, जो उन्हें प्यार करते थे उनके लिए डांस और एक्सप्रेशंस कभी ऐसा नहीं रहेगा। लव यू मास्टर जी... जब तक हम दोबारा साथ में डांस नहीं करते।

अदिति राव हैदरी ने किया सरोज खान को याद
अभिनेत्री अदिति राव हैदरी ने अमर उजाला से एक्सक्लूसिव बातचीत में अपनी पहली तमिल फिल्म श्रृंगारम को याद करते हुए कहा कि सरोज खान ने ही उन्हें मुंबई आकर रहने और यहां अभिनेत्री बनने के लिए प्रेरित किया था। उन्ही के बुलावे पर मैं उनके साथ पेरिस में नृत्य प्रदर्शन करने गई थी। मुंबई में न होने की वजह से मैं सरोज खान को देखने अस्पताल नहीं जा सकीं। वह एक महान नृत्य निर्देशक थीं और अपने पीछे वह नृत्य की एक समृद्ध विरासत छोड़ गई हैं। सरोज खान उन पहले लोगों में शामिल हैं जिन्होंने मुझ पर मुंबई आकर रहने और यहां अपना करियर संभालने का खूब दबाव बनाया। मैं तब ऐसा करना चाहती भी थी लेकिन मुंबई में ये सब कैसे होगा, ये मुझे पता नहीं था।

मनीषा कोइराला बोलीं- सरोज खान महान कोरियोग्राफर थीं
अभिनेत्री मनीषा कोइराला ने ट्वीट कर लिखा, "सुबह उठते ही ये दुखद समाचार मिला। मैं बचपन से ही क्लासिकल डांस सीखी हूं। सरोज खान ने ही मुझे डांस सिखाया था जब मैंने फिल्मी करियर शुरू किया था। वो एक सख्त कोरियोग्राफर थीं और महान भी।"

अनुपम खेर बोले- डांस की मल्लिका सरोज खान जी अलविदा
अभिनेता अनुपम खेर ने ट्वीट किया कि "डान्स की मल्लिका सरोज खान जी अलविदा। आपने कलाकारों को ही नहीं बल्कि पूरे हिन्दुस्तान को बहुत खूबसूरती से सिखाया कि “इन्सान शरीर से नहीं, दिल और आत्मा से नाचता है”। आपके जाने से नृत्य की एक लय डगमगा जाएगी। मैं पर्सनली ना सिर्फ आपको बल्कि आपकी मीठी डांट को भी बहुत मिस करूंगा"।

अमिताभ बच्चन ने जताया शोक
अक्षय कुमार से लेकर महानायक अमिताभ बच्चन ने सरोज खान को सोशल मीडिया के जरिए श्रद्धांजलि दी। अमिताभ बच्चन ने सुबह सुबह सरोज खान को याद करते हुए लिखा, "हाथ जुड़े हैं मन उदास है।" साथ ही अमिताभ बच्चन ने एक तस्वीर साझा की है जिसमें अंधेरे में रोशनी की एक किरण आती दिखाई दे रही है।

अक्षय कुमार ने जताया शोक
बॉलीवुड अभिनेता अक्षय कुमार ने कहा कि दुखद खबर है कि महान कोरियोग्राफर सरोज खान जी नहीं रहीं। उन्होंने नृत्य को लगभग आसान बना दिया था जैसे कोई भी नृत्य कर सकता है, फिल्म जगत के लिए ये एक बड़ा नुकसान है। उनकी आत्मा को शांति मिले।

Created On :   3 July 2020 10:13 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story