Sambhaji Nagar News: छत्रपति संभाजी नगर, खवड्या डोंगर में दर्दनाक हादसा,बेटे को बचाने उतरे माता-पिता की भी गई जान

छत्रपति संभाजी नगर, खवड्या डोंगर में दर्दनाक हादसा,बेटे को बचाने उतरे माता-पिता की भी गई जान
  • दरी में गिरे युवक को बचाने पहुंचे थे माता-पिता, तीनों की मौत
  • सुबह 11.33 बजे मिली सूचना, पदमपुरा अग्निशमन केंद्र की टीम ने चलाया रेस्क्यू
  • मृतकों की पहचान नहीं हुई, पुलिस ने शुरू की घटना की जांच

Sambhaji Nagar News सोलापुर-धुले हाईवे पर तिसगांव के आगे स्थित खवड्या डोंगर क्षेत्र में शुक्रवार को दर्दनाक हादसा हो गया। एक युवक के दरी में गिरने की सूचना मिलने के बाद उसे बचाने पहुंचे उसके माता-पिता भी हादसे का शिकार हो गए। इस घटना में तीनों की मौत होने की प्राथमिक जानकारी सामने आई है। फिलहाल मृतकों की पहचान नहीं हो सकी है।

घटना की सूचना शुक्रवार सुबह करीब 11.33 बजे अग्निशमन विभाग को मिली। सूचना मिलते ही पदमपुरा अग्निशमन केंद्र की टीम तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, एक युवक खवड्या डोंगर की दरी में संकट में था। उसे बचाने के लिए उसके माता-पिता भी दरी की ओर बढ़े, लेकिन तीनों की जान चली गई।

दुर्गम दरी में चलाया रेस्क्यू अभियान : मुख्य अग्निशमन अधिकारी अशोक एन. खांडेकर के मार्गदर्शन में उप अग्निशमन केंद्र अधिकारी विनायक कदम और संजय कुलकर्णी के नेतृत्व में रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची। टीम ने दुर्गम दरी में बचाव अभियान शुरू किया।

ड्यूटी अधिकारी अग्निशामक संदीप चव्हाण के साथ जवान महेंद्र खोतकर, संकेत निकाळजे, जगदीश गायकवाड, विजय कोथिंबीर और शिवसंभा कल्याणकर ने अभियान में हिस्सा लिया। रेस्क्यू वाहन के चालक सय्यद सईद और दीपक वाटठे भी टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे।

पुलिस ने शुरू की घटना की जांच : घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस भी मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। फिलहाल तीनों मृतकों के नाम और हादसे के पूरे कारणों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस मृतकों की पहचान करने के साथ ही यह पता लगाने में जुटी है कि युवक दरी में किन परिस्थितियों में गिरा और उसके माता-पिता किस तरह हादसे का शिकार हुए।

Created On :   21 Aug 2026 3:01 PM IST

Tags

Next Story