Ambad News: हाईकोर्ट ने आजाद मैदान पर अनशन की अनुमति नकारी, फिर भी मुंबई कूच पर अडिग है जरांगे

हाईकोर्ट ने आजाद मैदान पर अनशन की अनुमति नकारी, फिर भी मुंबई कूच पर अडिग है जरांगे
  • मुंबई कूच पर मनोज जरांगे अडिग है
  • हाईकोर्ट ने आजाद मैदान पर अनशन की अनुमति नहीं दी
  • लोकतांत्रिक तरीके से करेंगे आंदोलन

Ambad News. मराठा समाज को ओबीसी तबके से आरक्षण देने की मांग को लेकर आंदोलनरत मनोज जरांगे ने साफ कर दिया है कि वे किसी भी हाल में पीछे नहीं हटेंगे। हाईकोर्ट द्वारा आजाद मैदान पर अनशन की अनुमति न मिलने के बावजूद जरांगे ने 27 अगस्त को मुंबई कूच करने का निर्णय कायम रखा है।

आज संवाददाताओं से बातचीत में उन्होंने कहा कि, “मराठा समाज को आरक्षण दिलाने के लिए जब तक शासनादेश जारी नहीं होता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। सरकार को पर्याप्त समय दिया, चर्चा भी की, लेकिन अब तक अमल नहीं हुआ। इस बार बिना निर्णय के बीच में कोई चर्चा नहीं होगी।”

जरांगे ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे एकजुट होकर मुंबई पहुंचे। उन्होंने कहा कि आंदोलन अब निर्णायक चरण में है और दो वर्षों से सरकार को मौका देने के बाद अब समाज को अपनी लड़ाई स्वयं लड़नी होगी।

लोकतांत्रिक तरीके से करेंगे आंदोलन

हाईकोर्ट ने आजाद मैदान पर अनशन की अनुमति नकार दी है, लेकिन इसके बावजूद जरांगे ने वहीं आंदोलन करने की घोषणा की। उन्होंने आरोप लगाया कि अनुमति नकारना मुख्यमंत्री की पहल का परिणाम है। “हमारा आंदोलन पूरी तरह लोकतांत्रिक होगा। वकीलों की टीम हमारे साथ है, और हम न्यायालय में अपना पक्ष रखेंगे। लोकशाही तरीके से होने वाला आंदोलन रोका नहीं जा सकता,” उन्होंने कहा।

जरांगे ने यह भी कहा कि न्यायालय का वे सम्मान करते हैं, परंतु अनुमति नकारने के बजाय न्यायालय को मुख्यमंत्री से आरक्षण पर जवाब मांगना चाहिए था। उन्होंने स्पष्ट किया कि संविधान के सभी नियमों का पालन करते हुए ही अनशन किया जाएगा।

आंदोलकों के लिए 50 क्विंटल मसाला पूरी की तैयारी

मुंबई में आरक्षण आंदोलन में भाग लेने वाले आंदोलकों के लिए वडीगोद्री के पास साष्टपिंपलगांव में 50 क्विंटल मसाला पूरी तैयार की जा रही है। 27 अगस्त को अंतरवली सराटी से जरांगे के नेतृत्व में मराठा समाज का बड़ा जत्था मुंबई रवाना होगा। राज्यभर से बड़ी संख्या में लोग अंतरवली सराटी पहुँच रहे हैं।

मुख्यमंत्री के ओएसडी ने की मुलाकात

मुख्यमंत्री के ओएसडी राजेंद्र साबले ने सोमवार को मनोज जरांगे से भेंट कर आंदोलन स्थगित करने का अनुरोध किया। उन्होंने कहा कि गणेशोत्सव को देखते हुए आंदोलन आगे बढ़ाना उचित होगा। साथ ही उन्होंने मुंबई आने वाले लोगों की सुविधाओं को लेकर भी चर्चा की। हालाँकि, जरांगे ने स्पष्ट किया कि मराठा और कुणबी समाज एक ही हैं और इसके पर्याप्त सरकारी प्रमाण उपलब्ध हैं। उन्होंने कहा कि अब किसी रोडमैप की आवश्यकता नहीं है, बल्कि सरकार को तुरंत आदेश जारी करना चाहिए। जरांगे ने चेतावनी दी कि यदि आज शाम तक आरक्षण पर अमल करने का आदेश जारी नहीं किया गया, तो वे तीन लाख ट्रक लेकर मुंबई पहुँचेंगे और मुख्यमंत्री के बंगले को फूलों व गुलाल से भर देंगे।

उन्होंने याद दिलाया कि 20 जनवरी 2024 को वे मुंबई के लिए निकले थे, और 27 जनवरी को सरकार ने आरक्षण आदेश जारी किया था। तब सरकार ने छह माह में मांगें पूरी करने का आश्वासन दिया था, लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।

Created On :   27 Aug 2025 6:14 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story