- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- भंडारा
- /
- भंडारा जिले में मिले प्रेम के...
Bhandara News: भंडारा जिले में मिले प्रेम के प्रतीक चार सारस पक्षी, गणना में मिली जानकारी
- प्रत्येक वर्ष जून माह में की जाती सारस गणना
- दो अलग-अलग जोड़े पाए गए
Bhandara News सारस गणना प्रत्येक वर्ष जून माह में की जाती है। इस वर्ष भंडारा जिले में आयोजित सारस गणना में कुल 4 सारस पक्षी पाए गए हैं। भंडारा वन विभाग और सेव इकोसिस्टम एंड टाइगर (सीट) के संयुक्त प्रयासों से यह गणना सफलतापूर्वक की गई। यह वन्यप्रेमियों के लिए सकारात्मक जानकारी है। गणना सोमवार 16 जून को जिले के भंडारा, मोहाडी और तुमसर तहसील के सारस अधिवास क्षेत्र में कुल 18 स्थानों पर की गई। इसमें वनकर्मियों, सीट संगठन के स्वयंसेवकों और 9 सारस मित्रों की टीम ने 18 विशिष्ट स्थानों पर सुबह 5 बजे से 10 बजे तक गणना पूरी की। उसके बाद संभावित क्षेत्र की निगरानी भी वनकर्मियों और सारस मित्रों द्वारा की गई। सारस गणना 2025 में भंडारा जिले में कुल 4 सारस पक्षी दर्ज किए गए हैं। विशेष रूप से सारस गणना में पहली बार जिले में सारस के दो अलग-अलग जोड़े पाए गए हैं। सारस का एक जोड़ा गोंडीटोला से बापेरा तक के कृषि क्षेत्र में पाया गया। दूसरा जोड़ा कवेलवाड़ा बैरेज के पास वांगी गांव के कृषि क्षेत्र में पाया गया।
हर वर्ष कम-ज्यादा हुई सारस की संख्या : गणना के पिछले आठ वर्षों में पाए गए सारसों की संख्या 2017 में 3 जिसमें एक जोड़ा और एक किशोर, 2018 में 2 यानी एक जोड़ा, 2019 में 3 जिसमें एक जोड़ा और एक किशोर पाया गया। 2020 में 2 इसमें केवल एक जोड़ा, 2021 में 2 इसमें केवल एक जोड़े का समावेश था। 2022 में तीन एक जोड़ा और एक किशोर का समावेश रहा। 2023 में 4 जिसमें एक जोड़ा और दो किशोर का समावेश रहा। पिछले वर्ष 2024 एक जोड़ा और दो किशोर पाए गए।
इनके मार्गदर्शन में हुआ कार्य : जिला सारस संरक्षण समिति के जिलाधिकारी डॉ. संजय कोलते की अध्यक्षता में जिले में सरसों के संरक्षण के लिए काम कर रही है। भंडारा के वन संरक्षक के राहुल गवई के आदेश पर सारस गणना की योजना बनाई गई थी। जिला सारस संरक्षण समिति के सदस्य शाहिद खान, सहायक वन संरक्षक रितेश भोंगाड़े, सहायक वन संरक्षक सचिन निलख और सेवा संस्था के अध्यक्ष सावन बहेकार मार्गदर्शन में गणना की गई थी। भंडारा, तुमसर, जामकांद्री और नाकाडोंगरी के वन परिक्षेत्र अधिकारियों के साथ-साथ वन कर्मचारियों, सारस मित्रों और सीट के स्वयंसेवकों ने गणना की सफलता के लिए प्रयास किए।
Created On :   19 Jun 2025 12:55 PM IST