- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- भोपाल
- /
- पीडब्ल्यूडी विभाग की 149 घोषणाएं...
MP News: पीडब्ल्यूडी विभाग की 149 घोषणाएं नहीं हुई पूरी, अन्य विभागों की भी 70 प्रतिशत अधूरी- सिंघार

डिजिटल डेस्क, भोपाल। नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने सरकार की घोषणाओं के पूरा नहीं होने पर निशाना साधा है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर लिखा कि मुख्यमंत्री मोहन यादव की बड़ी-बड़ी घोषणाओं की हकीकत अब खुद सीएम ऑफिस की मॉनिटरिंग रिपोर्ट से सामने आ रही है। रिपोर्ट के अनुसार, प्रदेश के 10 प्रमुख विभागों की 711 घोषणाएं अब भी लंबित हैं। यानी विकास के नाम पर किए गए करीब 70% वादे आज भी अधूरे हैं। सबसे खराब स्थिति पीडब्ल्यूडी की है, जहां 191 में से 149 घोषणाएं अब तक पूरी नहीं हो सकी हैं। वहीं पंचायत, नगरीय विकास, स्कूल शिक्षा, स्वास्थ्य और जनजातीय कार्य जैसे विभागों में भी 70 प्रतिशत से अधिक घोषणाएं अधूरी पड़ी हैं।
सवाल यह है कि क्या सरकार के लिए घोषणा करना ही उपलब्धि बन गया है? हर मंच से नए वादे किए जाते हैं, लेकिन पुराने वादों का हिसाब कोई नहीं देता। घोषणाएं होती हैं, फाइलें बनती हैं और फिर वही घोषणाएं वर्षों तक कागज़ों में दबी रह जाती हैं। विकास की पहचान घोषणाओं से नहीं, बल्कि ज़मीन पर पूरे हुए कामों से होती है।
मुख्यमंत्री द्वारा की गई घोषणाओं का यह हाल है तो सवाल उठना स्वाभाविक है कि मुख्यमंत्री मोहन यादव के ढाई साल के कार्यकाल में जनता को अधूरी घोषणाएं ज़्यादा मिलीं या पूरे हुए विकास कार्य। जनता अब नए वादे नहीं, पुराने वादों का हिसाब चाहती है।
Created On :   7 July 2026 1:04 AM IST












